Updates: कोलकाता के चंडी इलाके की बहुमंजिला इमारत में लगी आग; मालदा में जुए के अड्डे का भंडाफोड़, 12 गिरफ्तार
Updates: मालदा जिले में शनिवार को जुए के एक अड्डे का भंडाफोड़ कर 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर गाजोल पुलिस थाने के कर्मियों ने मोयना इलाके में छापा मारा और गिरफ्तारियां कीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोलकाता के चंडी चौक इलाके में शनिवार को एक बहु मंजिला इमारत में आग लग गई। हालांकि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आग में कोई घायल नहीं हुआ और दमकल विभाग ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब 10 बजकर 25 मिनट पर लगी आग पर काबू पाने के लिए दमकल की चार गाड़ियों को लगाया गया। उन्होंने कहा, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। चंडी चौक शहर के बीचों बीच भीड़भाड़ वाला इलाका है।
मालदा में जुए के अड्डे का भंडाफोड़, 12 लोग गिरफ्तार
राज्य के मालदा जिले में शनिवार को जुए के एक अड्डे का भंडाफोड़ कर 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर गाजोल पुलिस थाने के कर्मियों ने मोयना इलाके में छापा मारा और गिरफ्तारियां कीं। उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से कुल 2.23 लाख रुपये नकद जब्त किए गए। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
रायगढ़ फार्मा फैक्ट्री अग्निकांड: डीएनए टेस्ट के बाद परिजनों को सौंपे गए शव
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में हाल ही में एक फैक्ट्री में आग लगने से मारे गए 11 लोगों के शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं, जबकि कंपनी ने प्रत्येक पीडित के परिजन के लिए तीस लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव बुरी तरह से जले हुए थे, इसलिए पीडितों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएनए जांच की गई। शवों को शुक्रवार को मृतकों के परिजनों को सौंप दिया गया और अंतरि संस्कार के लिए उन्हें उनके मूल स्थानों पर ले जाया गया।
'धम्म दीक्षा' में हिस्सा लेंगे दलाई लामा, श्रीलंका व थाईलैंड के प्रधानमंत्री
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने शनिवार को कहा कि तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा और श्रीलंका व थाईलैंड के प्रधानमंत्री अगले महीने मुंबई में बौद्ध धर्म पर आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 'धम्म दीक्षा' में हिस्सा लेंगे। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि सम्मेलन 15 दिसंबर को वर्ली के खेल स्टेडियम में और 16 दिसंबर को महालक्ष्मी रेस कोर्स में होगा।
अठावले ने कहा कि 14 अक्तूबर 1956 को नागपुर में डॉ. बी आर अंबेडकर के बौद्ध धर्म अपनाने के बाद उन्होंने मुंबई में धम्म दीक्षा सम्मेलन आयोजित करने की योजना बनाई थी, लेकिन उसी साल छह दिसंबर को उनका निधन हो गया। उन्होंने कहा, 'इस साल यहां सम्मेलन होने से आंबेडकर का सपना पूरा होगा।'
लातूर में मॉर्निंग वॉकर पर क्रिकेट बैट से हमला
महाराष्ट्र के लातूर शहर में दो लोगों ने 53 वर्षीय एक महिला और उसके बेटे को क्रिकेट बैट से पीटा। पुलिस के मुताबिक, शिकायत के आधार पर शुक्रवार सुबह श्रीनिवास नगर इलाके में हुई घटना के लिए दंपति गोपाल और सपना दरक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बताया गया कि मांटी नगर की रहने वाली संगीता राजकुमार भोसले सुबह की सैर पर निकली थीं, तभी आरोपी ने उन्हें रोक लिया और क्रिकेट बैट से उन पर हमला कर दिया। कुछ दूरी पर चल रहे महिला के बेटे ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की तो दंपति ने उसकी भी पिटाई की।
नागपुर में होटल मालिक की हत्या, दो कर्मचारियों पर आरोप
महाराष्ट्र के नागपुर में पैसे के विवाद को लेकर एक भोजनालय के मालिक की उसके दो कर्मचारियों ने शनिवार तड़के कथित तौर पर हत्या कर दी। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
कुही पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि नागपुर-उमरेड मार्ग पर पचगांव में तड़के करीब साढ़े तीन बजे राजू भाउराव ढेंगरे (48) के सिर पर लकड़ी के लट्ठे से वार किया गया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा, 'इनमें से दो कर्मचारी दिवाली की छुट्टियों में अपने मूल राज्य मध्य प्रदेश जाना चाहते थे। इस पर कुछ असहमति और बहस हुई थी।
उन्होंने बताया कि वे ढेंगरे की कार में सवार होकर भाग गए, जिसे उन्होंने वीरगांव में नाग नदी पर एक पुल के पास दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद छोड़ दिया था। महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने नागपुर ग्रामीण पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और ढेंगरे के हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
नागपुर: तेज रफ्तार एसयूवी ने स्कूटी को मारी टक्कर, एक युवक की मौत
नागपुर में तेज रफ्तार एसयूवी ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति (23 वर्षीय) की मौत हो गई और एक महिला और उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात सक्करदरा झील के पास लक्ष्मीनारायण मंदिर के सामने हुई। मृतक की पहचान दत्तात्रेय नगर इलाके के निवासी गौरव राउत के रूप में हुई।
म्हालगी नगर निवासी वर्षा खराबे (48 वर्षीय) और उनकी बेटी दिव्यांशी (22 वर्षीय) घायल हो गईं और उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि खराबे और उनकी बेटी दिवाली की खरीदारी के बाद घर लौट रही थीं, तभी रात करीब साढ़े दस बजे विपरीत दिशा से आ रही एसयूवी ने उन्हें टक्कर मार दी।