News Updates: SCBA अध्यक्ष का चुनाव लड़ेंगे कपिल सिब्बल: तमिलनाडु में भाजपा के पहले विधायक सी वेलायुथन का निधन
News Updates: कपिल सिब्बल ने सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) के अध्यक्ष पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की है। उधर तमिलनाडु विधानसभा में भाजपा के पहले विधायक रहे सी वेलायुथन का 73 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। पढ़ें न्यूज अपडेट्स
विस्तार
वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) के अध्यक्ष पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की है। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव 16 मई को होने हैं। हार्वर्ड लॉ स्कूल से स्नातक कर चुके सिब्बल 1989 में भारत के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल बने थे। उन्हें 1983 में वरिष्ठ वकील के रूप में नामित किया गया था। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने 1995 से लेकर 2002 के बीच तीन बार एससीबीए अध्यक्ष के रूप में कार्य किया है।
तमिलनाडु में भाजपा के पहले विधायक रहे सी वेलायुथन का निधन
तमिलनाडु विधानसभा में भाजपा के पहले विधायक रहे सी वेलायुथन का 73 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनके निधन पर शोक जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि पूर्व विधायक और सामाजिक कार्यकर्ता सी वेलायुथम के निधन से गहरा दुख हुआ। वह भाजपा से तमिलनाडु विधान सभा के लिए चुने गए पहले विधानसभा उम्मीदवार थे। पद्मनाभपुरम निर्वाचन क्षेत्र में पार्टी और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा। 1996 के विधानसभा चुनाव में वेलायुथन की जीत के साथ ही राज्य की विधानसभा में भाजपा ने अपना खाता खोला था।
Kerala: केरल के चिन्नाकनाल भूमि सौदे में कांग्रेस विधायक के खिलाफ मामला दर्ज
केरल: हाथी के हमले में मलयालम समाचार चैनल के छायाकार की मौत
मणिपुर में प्रतिबंधित संगठन का कैडर गिरफ्तार
मुंबई में चिकन शावरमा खाने से युवक की मौत
मुंबई में चिकन शावरमा खाने से 19 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने उन दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनके स्टॉल से युवक ने चिकन शावरमा खरीदकर खाया था। मृतक की पहचान प्रथमेश भोसके के रूप में हुई है और उसने 3 मई को ट्रोम्बे इलाके में स्थित आरोपियों के स्टॉल से चिकन शावरमा खरीदकर खाया था। खबर के अनुसार, 4 मई को पेट में दर्द और उल्टी होने पर भोसके के परिजनों ने उसे नजदीकी नगरपालिका अस्पताल ले गए। बाद में फिर उसकी तबीयत खराब हो गई, जिसके चलते पांच मई को परिवार के सदस्य उसे नगर निगम संचालित केईएम अस्पताल ले गए। ट्रोम्बे थाने के एक अधिकारी ने कहा कि एक चिकित्सक ने उसका इलाज किया और घर भेज दिया। पुलिस ने बताया कि व्यक्ति की तबीयत लगातार खराब हो रही थी, इसलिए उसे रविवार शाम को फिर से केईएम अस्पताल ले जाया गया, जहां एक चिकित्सक ने जांच कर उसे भर्ती कर लिया। इलाज के दौरान सोमवार को युवक की मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस में मामला दर्ज कराया गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने फूड स्टॉल लगाने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 (गैर इरादतन हत्या) समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।
पीएम मोदी ने तेलंगाना के मंदिर में की पूजा अर्चना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को तेलंगाना के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने करीमनगर जिले के श्री राजा राजेश्वरा स्वामी देवस्थानम मंदिर में पूजा अर्चना की। प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को तेलंगाना में चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे। पीएम मोदी मंगलवार की रात तेलंगाना पहुंचे और तेलंगाना राजभवन में ठहरे। मंदिर में पूजा अर्चना के बाद पीएम मोदी ने करीमनगर में जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी तेलंगाना के बाद आंध्र प्रदेश के दौरे पर जाएंगे, जहां वे राजमपेट इलाके में रैली करेंगे और विजयवाड़ा में रोड शो करेंगे। तेलंगाना की सभी 17 लोकसभा सीटों पर 13 मई को मतदान होगा।
बिलीवर्स ईस्टर्न चर्च के प्रमुख अथानासियस योहान प्रथम का निधन
केरल में जन्मे और बिलीवर्स ईस्टर्न चर्च के प्रमुख अथानासियस योहान प्रथम का अमेरिका में निधन हो गया है। बताया गया है कि वह अमेरिका में एक दुर्घटना का शिकार हो गए थे। चर्च के अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल में इलाज के दौरान योहान अचानक कार्डियक अरेस्ट का शिकार हो गए। 74 साल के योहान का इलाज अमेरिका के टेक्सास में चल रहा था। 7 मई को हुए हादसे में उनके सिर और सीने में गंभीर चोटें आई थी। उनका जन्म 1950 में थिरुवला के निरानम गांव में हुआ था।