Big News: बंगाल में टीएमसी विधायक की कार पर हमला; कर्नाटक में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से तीन की मौत
टीएमसी विधायक ने आरोप लगाया कि यह लोकसभा चुनाव से पहले उनके सामाजिक कार्यों और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस को रोकने के लिए भाजपा, सीपीआईएम और कांग्रेस द्वारा रची गई साजिश थी।
विस्तार
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में रविवार देर शाम तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) विधायक खगेश्वर रॉय की कार पर कथित तौर पर हमला किया गया। खगेश्वर रॉय जलपाईगुड़ी के राजगंज निर्वाचन क्षेत्र से टीएमसी विधायक हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा, सीपीआईएम और कांग्रेस समर्थित गुंडों ने उनकी कार हमला किया। रॉय ने कहा, मैं पार्टी की एक बैठक में भाग लेने के बाद संन्यासिकता से लौट रहा था। मैं शाम 7:20 बजे कार की खिड़की की तरफ से भारी आवाज आई और मैंने देखा कि पथराव से खिड़की के शीशे का एक हिस्सा टूट गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव से पहले उनके सामाजिक कार्यों और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस को रोकने के लिए भाजपा, सीपीआईएम और कांग्रेस द्वारा यह साजिश रची गई थी। वहीं, राजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बता दें, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सोमवार को राजगंज ब्लॉक के भूमिहीन लोगों को लगभग 15,000 पट्टे (भूमि अधिकार) वितरित करेंगी।
कर्नाटक में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से तीन की मौत
कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में रविवार को एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट होने से तीन लोगों की की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। जिले के एसपी सीपी ऋषियंत ने बताया कि मृतकों की पहचान कर ली गई है। फिलहाल हम विस्फोट के कारणों की जांच कर रहे हैं। पटाखा फैक्ट्री बेलथांगडी इलाके में थी।
Karnataka | Three died and several others were injured in a blast at a firecracker company in Belthangady of Dakshina Kannada. The deceased have been identified as Vargees (62), Swamy (60) and Chethan (24). We will investigate the reason for the blast: CB Rishyanth, Police… pic.twitter.com/90zRNfo1F2
— ANI (@ANI) January 28, 2024
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 30 जनवरी को नई दिल्ली में कृषि और ग्रामीण विकास बैंकों (एआरडीबी) और सभी राज्यों की सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार (आरसीएस) कार्यालयों की कंप्यूटरीकरण परियोजना शुरू करेंगे। यह परियोजना पूरे सहकारी इकोसिस्टम को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाकर सहकारिता क्षेत्र के आधुनिकीकरण और दक्षता को बढ़ाएगी।
केरल में सत्तारूढ़ माकपा ने कहा कि केंद्र की ओर से राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को जेड प्लस सुरक्षा दिए जाने के बावजूद उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। पार्टी ने राज्यपाल पर केंद्र के एजेंडे के तहत काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि केरल के लोग इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।
महाराष्ट्र के नवी मुंबई में क्रेन से कुचलकर 20 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना खारघर इलाके में हुई। केबल बिछाने के लिए खोदाई की जा रही थी और मजदूर उस जगह पर एक केबल ड्रम को धकेल रहा था तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सड़क पर क्रेन के पास गिर गया।
एनआईए कोर्ट ने केरल के प्रोफेसर टीजे जोसेफ का हाथ काटने के मामले में मुख्य आरोपी सावद को 16 फरवरी तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अगले हफ्ते राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) 10 दिनों के लिए उसकी हिरासत का आवेदन दाखिल करेगी। सावद को एर्नाकुलम उप जेल से कक्कानाड जिला जेल में स्थानांतरित किया जाएगा, क्योंकि वहां सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। 10 जनवरी को एनआईए ने सावद को गिरफ्तार किया था। वह 13 वर्षों से फरार था और उस पर 10 लाख का इनाम भी था। मामले में अब तक कुल 19 आरोपियों को भारतीय दंड संहिता और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत विभिन्न अपराधों के लिए दोषी ठहराया गया है। इनमें से तीन को आजीवन कारावास और 10 अन्य को आठ साल के कठोर कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई गई है।
अगले महीने दो बार ओडिशा का दौरा करेंगे प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फरवरी में दो बार ओडिशा का दौरा कर सकते हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने रविवार को कहा कि पीएम तीन फरवरी को संबलपुर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। उसके बाद 10 फरवरी को राजधानी भुवनेश्वर में भाजपा का राष्ट्रीय महिला सम्मेलन होना तय है। उम्मीद है कि प्रधानमंत्री इस मौके पर भी शिरकत करेंगे। दोनों कार्यक्रमों के लिए उनकी स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि इस बार पार्टी ने फरवरी में दो महिला सम्मेलन आयोजित करने का फैसला किया है। एक मध्य प्रदेश में और दूसरा ओडिशा में।