फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Telangana minister Konda Surekha controversy explained about Naga Chaitanya and Samantha Ruth Prabhu

Konda Surekha Row: सामंथा-नागा चैतन्य के तलाक पर टिप्पणी से कोर्ट केस तक, मंत्री सुरेखा के विवाद की पूरी कहानी

Fri, 04 Oct 2024 07:07 AM IST
शिवेंद्र तिवारी स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: शिवेंद्र तिवारी Updated Fri, 04 Oct 2024 07:07 AM IST
विज्ञापन
सार
Konda Surekha Row: तेलंगाना की मंत्री कोंडा सुरेखा अपने एक बयान के बाद विवादों में घिर गई हैं। सुरेखा ने दावा किया कि अभिनेता नागा चैतन्य और अभिनेत्री सामंथा रूथ प्रभु के तलाक के लिए बीआरएस नेता केटीआर जिम्मेदार हैं। इस विवाद के बीच, नागार्जुन ने सुरेखा के खिलाफ अदालत में मानहानि का मुकदमा दायर किया है। 
loader
Telangana minister Konda Surekha controversy explained about Naga Chaitanya and Samantha Ruth Prabhu
सुरेखा ने नागा चैतन्य-सामंथा के तलाक को लेकर दिया विवादित बयान - फोटो : AMAR UJALA

विस्तार

तेलंगाना में कांग्रेस सरकार की मंत्री कोंडा सुरेखा के एक बयान ने विवाद खड़ा कर दिया है। सुरेखा का यह बयान तेलुगु अभिनेता नागा चैतन्य और अभिनेत्री सामंथा रूथ प्रभु के तलाक को लेकर था। कांग्रेस नेता ने तलाक को तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के बेटे और भारत राष्ट्र समिति के नेता केटी रामा राव से जोड़ दिया जिससे बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। 


कांग्रेस नेत्री के बयान ने राजनीतिक हलकों के साथ-साथ सिनेमा कलाकारों में हलचल पैदा कर दी है। अभिनेता नागार्जुन, सामंथा, नागा चैतन्य और खुशबू के साथ-साथ कई बीआरएस नेताओं सहित प्रमुख हस्तियों ने मंत्री के बयान की आलोचना की है। इस विवाद के बीच, बीआरएस नेता केटीआर ने मंत्री सुरेखा को कानूनी नोटिस भेजा है। वहीं नागार्जुन ने अदालत में मानहानि का मुकदमा दायर किया है। हालांकि, बढ़ते विवाद के बाद मंत्री ने अपने बयान के लिए माफी भी मांगी है।


आइये जानते हैं कि अपने बयान के चलते सुर्खियों में आईं कोंडा सुरेखा कौन हैं? मंत्री ने ऐसा क्या बयान दिया जिससे विवाद हो गया? बयान पर सामंथा और नागा चैतन्य ने क्या प्रतिक्रिया दी? आरोपों पर केटीआर ने क्या रुख अपनाया है? विवाद बढ़ने के बाद मंत्री सुरेखा ने कहा प्रतिक्रिया दी?

तेलंगाना की मंत्री के. सुरेखा, अभिनेत्री सामंथा, केटीआर
तेलंगाना की मंत्री के. सुरेखा, अभिनेत्री सामंथा, केटीआर - फोटो : ANI
पहले जानते हैं कि कोंडा सुरेखा कौन हैं?
तेलगु अभिनेता के रिश्ते पर बयान देने वाली कोंडा सुरेखा तेलंगाना की कांग्रेस सरकार में वन एवं पर्यावरण और बंदोबस्ती मंत्री हैं। पिछले साल हुए तेलंगाना विधानसभा चुनाव में जीत के बाद सुरेखा मंत्री बनी थीं। कोंडा सुरेखा वारंगल क्षेत्र से आती हैं जहां उनके परिवार का काफी प्रभाव है। 1965 में जन्मी सुरेखा की राजनीतिक यात्रा 1995 में शुरू हुई जब उन्हें मंडल परिषद (एमपीपी) का अध्यक्ष चुना गया। इसके बाद 1999 और 2004 के चुनावों में एकीकृत आंध्र प्रदेश की श्यामपेट सीट से विधायक चुनी गईं। 2009 में वह परकल सीट से निर्वाचित हुईं और वाईएसआर की सरकार में मंत्री बनीं। 

वाईएस राजशेखर रेड्डी की मृत्यु के कुछ वर्षों के भीतर ही उन्होंने 2011 में कांग्रेस को अलविदा कह दिया। अपना राजनीतिक करियर आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने बीआरएस का दामन थामा। 2014 में सुरेखा बीआरएस के टिकट पर वारंगल पूर्व सीट से विजयी हुईं। 2018 में सुरेखा ने कांग्रेस में घर वापसी कर ली। इसके बाद उन्होंने 2023 के विधानसभा चुनावों में वारंगल पूर्व से शानदार जीत हासिल की और रेवंत रेड्डी सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। 

अब जानते हैं सुरेखा ने ऐसा क्या बयान दिया जिस पर बवाल हो रहा?
2 अक्तूबर (बुधवार) को मंत्री कोंडा सुरेखा अपने एक बयान के बाद विवादों में घिर गईं, जिसमें उन्होंने बीआरएस नेता केटीआर पर ड्रग से जुड़ी पार्टियों में शामिल होने का आरोप लगाया और दावा किया कि नागा चैतन्य और सामंथा रूथ प्रभु के तलाक के लिए वह जिम्मेदार हैं।



एक कार्यक्रम में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने केटीआर, अक्किनेनी परिवार और सामंथा के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केटीआर की वजह से तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री की कई महिला कलाकारों ने अपना करियर खत्म कर लिया। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सुरेखा ने आरोप लगाया कि केटीआर अभिनेत्रियों के फोन टैप करते थे और उन्हें ब्लैकमेल करते थे। मंत्री ने कहा, 'यह केटी रामा राव ही हैं जिनकी वजह से अभिनेत्री सामंथा का तलाक हुआ... वह उस समय मंत्री थे और अभिनेत्रियों के फोन टैप करते थे और फिर उन्हें ब्लैकमेल करने के लिए उनकी कमजोरियां ढूंढते थे... वह उन्हें ड्रग एडिक्ट बनाते थे और फिर ऐसा करते थे... यह सब जानते हैं, सामंथा, नागा चैतन्य , उनका परिवार... सब जानते हैं कि ऐसा कुछ हुआ था।'

बता दें कि सामंथा और नागा चैतन्य ने अक्तूबर 2017 में शादी की थी। इस जोड़े ने अपनी शादी की पांचवीं सालगिरह से कुछ दिन पहले 21 अक्तूबर को अलग होने की घोषणा की। आखिरकार 2021 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद नागा चैतन्य ने अगस्त 2024 में अभिनेत्री शोभिता धुलिपाला से सगाई की।

बयान के बाद क्या हुआ?
तेलंगाना कांग्रेस के मंत्री कोंडा सुरेखा के बयान के बाद नागा चैतन्य, अक्किनेनी परिवार सामंथा रूथ प्रभु समेत पूरे तेलुगु फिल्म उद्योग ने सुरेखा के बयान की निंदा की। अक्किनेनी परिवार में नागार्जुन, उनकी पत्नी अमला, दो बेटे अखिल और नागा चैतन्य और अन्य पारिवारिक सदस्य हैं।

दिग्गज तेलुगु अभिनेता नागार्जुन ने सबसे पहले कोंडा सुरेखा के बयान की निंदा की। नागार्जुन ने आरोपों को झूठा बताते हुए सुरेखा से लोगों की निजता का सम्मान करने को कहा। नागार्जुन ने एक एक्स पोस्ट में लिखा, 'मैं मंत्री कोंडा सुरेखा की टिप्पणियों की कड़ी निंदा करता हूं। राजनीति से दूर रहने वाले फिल्मी सितारों की जिंदगी जीवन का इस्तेमाल अपने विरोधियों की आलोचना करने के लिए न करें।' 

इसके अलावा, नागार्जुन ने कोंडा सुरेखा के खिलाफ नामपल्ली कोर्ट में आपराधिक और मानहानि का मामला दर्ज कराया है। अपनी कानूनी शिकायत में नागार्जुन ने कोंडा सुरेखा पर आरोप लगाया है कि उन्होंने अक्किनेनी परिवार की सार्वजनिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के इरादे से ये बयान दिए हैं।

खुद नागा चैतन्य ने भी मंत्री के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी। बुधवार को अपने एक्स पोस्ट में चैतन्य ने दावा किया कि अपनी पूर्व पार्टनर से तलाक लेने का फैसला लेना उनके लिए दर्दनाक था। उन्होंने सुरेखा द्वारा किए गए दावों को 'झूठा, हास्यास्पद और अस्वीकार्य' बताया।

वहीं सामंथा रूथ प्रभु ने मंत्री सुरेखा के बयान की निंदा की। सामंथा ने कांग्रेस नेता से लोगों की निजता का सम्मान करने और जिम्मेदार होने का आग्रह किया। अभिनेत्री ने यह भी कहा कि उनका तलाक एक निजी मामला है जो आपसी सहमति से हुआ था और इसमें कोई राजनीतिक कारण शामिल नहीं था।

नानी, सामंथा रुथ प्रभु, जूनियर एनटीआर
नानी, सामंथा रुथ प्रभु, जूनियर एनटीआर - फोटो : इंस्टाग्राम @samantharuthprabhuoffl
और किस-किसने बयान की निंदा की?
तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री ने कोंडा सुरेखा को इंडस्ट्री और अभिनेताओं के निजी जीवन पर उनकी असंवेदनशील टिप्पणियों के लिए आड़े हाथों लिया। चिरंजीवी, जूनियर एनटीआर, अल्लू अर्जुन, नानी, लक्ष्मी मांचू, अभिनेता-राजनेता खुशबू सुंदर, निदेशक राम गोपाल वर्मा और कई अन्य लोगों ने सुरेखा के बयान की आलोचना की। अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह ने भी कांग्रेस नेता की टिप्पणी की निंदा की। सुरेखा ने टॉलीवुड के बारे में बात करते हुए रकुल का नाम लिया था। 

आरोपों पर केटीआर ने क्या रुख अपनाया है?
मंत्री के बयान से मचे पूरे हंगामे के बीच बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने कोंडा सुरेखा को उनकी विवादित टिप्पणी के लिए मानहानि का नोटिस भेजा है। गुरुवार को भेजे गए कानूनी नोटिस में केटीआर ने कहा कि सुरेखा ने उनकी छवि को खराब करने के लिए ये टिप्पणियां कीं और उन्होंने दिए गए बयानों को तुरंत वापस लेने की मांग की।

मंत्री ने अपने बयान पर क्या कहा?
कोंडा सुरेखा ने गुरुवार को बयान से जुड़ा एक स्पष्टीकरण जारी किया। कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी टिप्पणी केटी रामा राव से महिलाओं को नीचा दिखाने के लिए सवाल करने के लिए थी, न कि सामंथा प्रभु की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए। सुरेखा ने आगे कहा कि अगर वह या उनके प्रशंसक उनकी टिप्पणियों से आहत होते हैं तो वह बिना शर्त अपनी टिप्पणियों को वापस ले लेंगी। 

इसके अलावा तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस समिति (टीपीसीसी) के अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने गुरुवार को कहा कि मंत्री कोंडा सुरेखा ने पार्टी के निर्देश पर अभिनेत्री सामंथा रूथ प्रभु के तलाक पर अपनी टिप्पणी बिना शर्त वापस ले ली है। टीपीसीसी अध्यक्ष के मुताबिक, सुरेखा ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि वे इस मुद्दे को यहीं समाप्त कर रही हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed