{"_id":"642d01a28ed8883c5c0a80a0","slug":"telangana-bjp-reached-the-high-court-in-defense-of-sanjay-bandi-supporters-surrounded-the-police-station-2023-04-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"तेलंगाना: भाजपा प्रमुख बंदी संजय और तीन अन्य को 19 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत, हाईकोर्ट में दायर की जाएगी अपील","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
तेलंगाना: भाजपा प्रमुख बंदी संजय और तीन अन्य को 19 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत, हाईकोर्ट में दायर की जाएगी अपील
Wed, 05 Apr 2023 09:17 PM IST
काव्या मिश्रा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, तेलंगाना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, तेलंगाना
Published by: काव्या मिश्रा
Updated Wed, 05 Apr 2023 09:17 PM IST
सार
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के हैदराबाद प्रमुख रामचंदर राव से बात की और भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख बंदी की गिरफ्तारी के बारे में पूछा। वहीं बताया जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने भी तेलंगाना के डीजीपी अंजनी कुमार से इस विषय पर बात की है।
विज्ञापन
बंदी संजय पर अरविंद धर्मपुरी का आया बयान
- फोटो : एएनआई
विस्तार
तेलंगाना के भाजपा अध्यक्ष और सांसद बंदी संजय को पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने के बाद मामला गर्माता जा रहा है। पुलिस संजय को मेडिकल जांच के लिए पलकुर्थी के एक अस्पताल लेकर गई है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने काफिले को रोकने की कोशिश की। हंगामे के कारण पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया। भाजपा समर्थक लगातार सड़कों पर उतरकर गिरफ्तारी का विरोध कर रहे हैं।
विज्ञापन
इस बीच बंदी संजय के वकील एडवोकेट करुणा सागर ने बताया कि तेलंगाना भाजपा प्रमुख बंदी संजय और तीन अन्य को 19 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्हें करीमनगर जेल में शिफ्ट किया जाएगा। हम सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने के लिए जांच अधिकारी के खिलाफ अवमानना कार्यवाही दायर करेंगे। हम कल हाईकोर्ट में आदेश को चुनौती देने की योजना बना रहे हैं।
विज्ञापन
वहीं, भाजपा सांसद अरविंद धर्मपुरी तेलंगाना के मुख्यमंत्री पर हमलावर हुए। उन्होंने कहा कि राज्य में हम इमरजेंसी जैसे हालात देख रहे हैं। केसीआर परेशान राजनेता, मुख्यमंत्री और एक हताश पिता हैं। उनका प्रशासन अराजक हो गया है। तेलंगाना में भाजपा की बढ़ती मजबूती उन्हें परेशान कर रही है। वह प्रधानमंत्री की राज्य की आगामी यात्रा से पहले भाजपा नेताओं को गिरफ्तार कर भ्रम की स्थिति पैदा करना चाहते हैं।
विज्ञापन
नड्डा और रेड्डी ने पूछा हिरासत की वजह
जानकारी के अनुसार, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के हैदराबाद प्रमुख रामचंदर राव से बात की और भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख बंदी की गिरफ्तारी के बारे में पूछा। वहीं बताया जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने भी तेलंगाना के डीजीपी अंजनी कुमार से इस विषय पर बात की है। बता दें, तेलंगाना भाजपा के अध्यक्ष और सांसद बंदी संजय को यदाद्री भुवनगिरी जिले के बोम्मला रामाराम पुलिस थाने में रखा गया है। पुलिस उन्हें दूसरे स्थान पर स्थानांतरित कर रही है।
बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर
बुधवार सुबह उच्च न्यायालय की वकील और भाजपा प्रवक्ता रचना रेड्डी ने बताया कि भाजपा राज्य महासचिव बंगारू श्रुति ने राज्य भाजपा अध्यक्ष और सांसद बंदी संजय की गिरफ्तारी को लेकर उच्च न्यायालय में बंदी प्रत्यक्षीकरण (हैबियस कॉपर्स) याचिका दायर की है। वहीं उनके समर्थक लगातार पुलिस थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
मंगलवार को किया था गिरफ्तार
बता दें, तेलंगाना में एसएससी बोर्ड का पर्चा लीक मामले में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बंदी संजय को पुलिस ने मंगलवार आधी रात गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस करीमनगर स्थित उनके आवास पर पहुंची और उन्हें गाड़ी में बैठाकर ले गई। इस दौरान भाजपा समर्थकों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति भी बनी। बंदी संजय के खिलाफ करीमनगर और वारंगल में दो एफआईआर दर्ज हुई हैं। ये दोनों एफआरआई भाजपा कार्यकर्ताओं के हंगामे और छात्रों को विरोध प्रदर्शन करने के लिए उकसाने के आरोप में दर्ज की गई है। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष बंदी संजय को उनके आवास से हिरासत में लेने पर भाजपा राज्य सरकार पर हमलावर हुई है। भाजपा के प्रदेश महासचिव प्रमेंद्र रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मोदी के कार्यक्रम में बाधा डालने के लिए पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया है। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में भाजपा राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन करेगी।
यह है मामला
दरअसल, तेलंगाना स्टेट पब्लिक सर्विस कमीशन (एसएससी) के असिस्टेंट इंजीनियर का पेपर 5 मार्च को हुआ था, लेकिन यह लीक हो गया। जिसके चलते कमीशन ने फैसला लेते हुए परीक्षा को 15 मार्च को रद्द कर दिया। इसी को लेकर प्रदेश अध्यक्ष बंदी संजय कुमार ने कहा था कि, मुझे पेपर लीक मामले में कुछ अहम जानकरी मिली है, जिस पर मैं तुरंत पर्दा उठाऊंगा। इसी मामले पर तेलंगाना सरकार की जांच एजेंसी एसआईटी ने उन्हें 26 मार्च से पहले पेश होने का समन भेजा था। जबकि इस नोटिस के जवाब में बंदी ने कहा था मेरे पास अलग-अलग सोर्सेज से जो जानकारी आई, मैंने उसे सार्वजनिक कर दिया ताकि आप इन्वेस्टिगेशन कर सकें। लेकिन आप मामले की जांच करने की बजाय मुझे नोटिस भेजकर पेश होने के लिए कह रहे हैं। लेकिन बजट सत्र के चलते मैं 26 मार्च से पहले आपके सामने पेश नहीं हो पाऊंगा। बंदी संजय कुमार ने केसीआर सरकार पर आरोप लगाया था कि, इस पूरे पेपर लीक मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है और उन्होंने इस पूरे मामले में आईटी मिनिस्टर केटी रामा राव का इस्तीफा भी मांगा था। कहा जा रहा है जो पेपर लीक हुआ था उसे संजय के वाट्सएप पर भी शेयर किया गया था।
प्रधानमंत्री के दौरे से पहले प्रदेश अध्यक्ष को लिया हिरासत में
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आठ अप्रैल को तेलंगाना के दौरे पर जाने वाले हैं। उससे पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को पुलिस ने उनके आवास करीमनगर से हिरासत में लिया। उन्हें हिरासत में लेते ही मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। मौके पर जुटी उनके समर्थकों की भीड़ ने पुलिस वैन को घेर लिया और पुलिस को रोकने की कोशिश की। हालांकि, विरोध के बाद भी पुलिस बंदी संजय को वैन में बैठाकर ले गई। बंदी संजय को नालगौंडा जिले के बोम्मला रामाराम पुलिस स्टेशन ले जाया गया।