Biz Updates: एडलवाइस को 29 करोड़ और टाटा मोटर्स को 25 करोड़ का कर नोटिस; पढ़ें व्यापार जगत की अहम खबरें
एडलवाइस फाइनेंशियल सर्विसेस को 28.78 करोड़ रुपये का आयकर और टाटा मोटर्स को 25 करोड़ रुपये का जीएसटी नोटिस मिला है। टाटा मोटर्स ने एक बयान में कहा, कम भुगतान के कारण उसे जुर्माने और ब्याज के साथ दिल्ली प्राधिकरण से नोटिस मिला है। कंपनी नोटिस के खिलाफ अपील दायर करेगी।
एडलवाइस फाइनेंशियल सर्विसेस ने कहा, उसकी सब्सिडियरी ईकैप इक्विटीज को आयकर विभाग से आकलन वर्ष 2022-23 के लिए नोटिस मिला है। कंपनी नोटिस की समीक्षा कर रही है।
यस बैंक को 6.87 लाख का नोटिस
यस बैंक को मणिपुर और पंजाब जीएसटी विभाग से 6.87 लाख रुपये का नोटिस मिला है। इसमें जुर्माना भी शामिल है। यह नोटिस इनपुट टैक्स क्रेडिट से संबंधित है। बैंक ने बुधवार को कहा, वह इसकी समीक्षा कर रहा है और इसके खिलाफ अपील दायर करेगा।
सेबी ने मनपसंद बेवरेजेज और इसके तीन अधिकारियों पर शेयर बाजार में तीन साल तक कारोबार करने पर प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही, कंपनी के वित्तीय आंकड़ों में हेराफेरी करने पर 68 लाख का जुर्माना लगाया है। इस रकम को 45 दिनों में भरना होगा। कंपनी के अलावा तीन लोगों में चेयरमैन धीरेंद्र सिंह, अभिषेक सिंह और परेश ठक्कर हैं। कंपनी के दो पूर्व स्वतंत्र निदेशकों पर भी दो-दो लाख रुपये का दंड लगा है।