{"_id":"5f6f423137056542531dbd00","slug":"says-75-percent-of-new-cases-of-covid19-infection-in-the-country-are-from-10-states-and-union-territories","type":"story","status":"publish","title_hn":"COVID19: देश में 75 फीसदी मामले 10 राज्यों व केंद्र शासित क्षेत्रों से","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
COVID19: देश में 75 फीसदी मामले 10 राज्यों व केंद्र शासित क्षेत्रों से
Sun, 27 Sep 2020 06:10 AM IST
मुकेश कुमार झा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: मुकेश कुमार झा
Updated Sun, 27 Sep 2020 06:10 AM IST
विज्ञापन
स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण
- फोटो : एएनआई
भारत में एक दिन में कोरोना संक्रमण के सामने आए 85,362 मामलों में से 75 प्रतिशत मामले 10 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से हैं। वहीं देश के 14 राज्यों में संक्रमण दर राष्ट्रीय औसत से अधिक है। इनमें से सात राज्यों में एक हफ्ते के दौरान संक्रमण में ज्यादा तेजी देखी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि अब तक देश में कोरोना वायरस संक्रमण के लिए सात करोड़ नमूनों की जांच हो चुकी है।
विज्ञापन
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 19 सितंबर को देश में कोरोना संक्रमण दर 8.50 फीसदी थी जो 25 सितंबर को 8.44 फीसदी हो गई।
देश में प्रतिदिन जांच की क्षमता 14 लाख के पार
वहीं, देश में प्रतिदिन जांच की क्षमता 14 लाख के पार चली गई है। जिन 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में संक्रमण के 75 फीसदी नए मामले सामने आए हैं, उनमें महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ शामिल हैं।
विज्ञापन
महाराष्ट्र में संक्रमण के सर्वाधिक 17 हजार मामले सामने आए
मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र में संक्रमण के सर्वाधिक 17 हजार मामले सामने आए हैं। इसके बाद कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में क्रमश: आठ और सात हजार मामले हैं। इसके अलावा एक दिन में संक्रमण से हुई 1,089 लोगों की मौत में से 83 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र, पंजाब, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली और छत्तीसगढ़ से हैं।
विज्ञापन
महाराष्ट्र में 24 घंटे में 416 मरीजों की मौत
महाराष्ट्र में 24 घंटे में 416 मरीजों की मौत हुईं, इसके बाद कर्नाटक और उत्तर प्रदेश में क्रमश: 86 और 84 मरीजों की मौत हुई। मंत्रालय ने बताया कि भारत ने परीक्षण के बुनियादी ढांचे को तेजी से बढ़ाया है, आज की तारीख में देश में1,823 प्रयोगशालाएं हैं। इनमें 1,086 सरकारी और 737 निजी प्रयोगशालाएं हैं।
देश में संक्रमितों की संख्या 59 लाख के पार
गौरतलब है कि भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 85,362 नए मामले सामने आने के बाद अब तक संक्रमित लोगों की कुल संख्या 59 लाख के पार चली गई है।
आईआईएससी की जांच किट से 90 मिनट में रिपोर्ट
कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच बंगलूरू स्थित भारतीय विज्ञान संस्थान की स्टार्टअप कंपनी एक्वीन बायोटेक ने कोरोना जांच के लिए आरटी-पीसीआर किट तैयार की है। इसे ग्लोबल डायग्नोस्टिक किट नाम दिया गया है जिससे सरल और सस्ती दर पर कोरोना जांच संभव है और सटीक रिपोर्ट मिलेगी। आईसीएसी के बायोकेमिस्ट्री विभाग के डॉ. उत्पल तातू ने बताया कि इस किट के जरिए डेढ़ घंटे यानि 90 मिनट में जांच रिपोर्ट मिल सकती है।