Satyapal Malik Remarks: पीयूष गोयल ने की 'नकारात्मकता' फैलाने वाले लोगों की निंदा, बोले- देश को गुमराह कर रहे
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, कुछ लोग हमेशा नकारात्मक सोचते हैं और हर समय लोगों को गुमराह करके देश की प्रगति को रोकने की कोशिश करते हैं। मैं ऐसे लोगों की पूरी तरह निंदा करता हूं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के आरोपों के कुछ दिनों पर भाजपा के नेताओं ने जवाब देना शुरु कर दिया है। शनिवार को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने उनकी आलोचनात्मक टिप्पणियों की ओर इशारा किया। उन्होंने 'नकारात्मकता' फैलाने और' राष्ट्र की प्रगति को बाधित करने की कोशिश' करने वाले लोगों की निंदा की।
गोयल ने जोर देकर कहा, दुर्भाग्य से कुछ लोग हमेशा नकारात्मक सोचते हैं और हर समय लोगों को गुमराह करके देश की प्रगति को रोकने की कोशिश करते हैं। मैं ऐसे लोगों की पूरी तरह निंदा करता हूं। वह मीडिया को दिए साक्षात्कार में मलिक द्वारा भाजपा नीत केंद्र के बारे में आलोचनात्मक टिप्पणी करने के बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मलिक से जम्मू-कश्मीर में कथित बीमा घोटाले के संबंध में कुछ सवालों के जवाब देने को कहा है। सात महीने में यह दूसरी बार है जब विभिन्न राज्यों के राज्यपाल के रूप में कार्य कर चुके मलिक से संघीय एजेंसी पूछताछ करेगी। सीबीआई अधिकारियों ने पिछले साल अक्तूबर में मलिक से पूछताछ की थी जब उन्होंने बिहार, जम्मू-कश्मीर, गोवा और मेघालय में राज्यपाल की अपनी जिम्मेदारियों को पूरा किया था।
सीबीआई का यह कदम मलिक द्वारा एक वेबसाइट को दिए गए एक साक्षात्कार के महज एक हफ्ते बाद आया है, जिसमें उन्होंने भाजपा नीत केंद्र के बारे में आलोचनात्मक टिप्पणी की थी, खासकर जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद से निपटने के तरीके के बारे में, जहां उन्होंने राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने से पहले अंतिम राज्यपाल के रूप में कार्य किया था। अधिकारियों के अनुसार मलिक और कुछ खाप नेताओं ने दक्षिण दिल्ली के एक पार्क में बैठक करने की अनुमति न मिलने के बाद शनिवार को नई दिल्ली के एक पुलिस थाने में प्रदर्शन किया।
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री गोयल ने उम्मीद जताई कि व्यापारी जल्द ही रुपये में विदेशी कारोबार कर सकेंगे। क्योंकि विभिन्न देशों के कई बैंक भारतीय बैंकों के साथ विशेष वोस्ट्रो खाते खोल रहे हैं। भारतीय रिजर्व बैंक ने यूके, सिंगापुर और न्यूजीलैंड सहित 18 देशों के बैंकों के विशेष रुपया वोस्ट्रो खाते (एसआरवीए) खोलने के 60 अनुरोधों को मंजूरी दे दी है।
गोयल ने कहा, आरबीआई इस पर विभिन्न देशों के केंद्रीय बैंकों के साथ चर्चा कर रहा है। हम जल्द ही कई देशों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार में इस रुपये के व्यापार को चालू होते देखेंगे। यूरोपीय संघ, ब्रिटेन और कनाडा जैसे विकसित क्षेत्रों के साथ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए बातचीत उन्नत चरणों में है। यूरोपियन फ्री ट्रेड एसोसिएशन फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (ईएफटीए), गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल (जीसीसी) और यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन (ईएईयू) सहित समूह भी भारत के साथ इसी तरह के समझौते के लिए बातचीत शुरू करने के इच्छुक हैं।
मंत्री ने कहा, पूरी दुनिया भारत के साथ व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता चाहती है। कपड़ा क्षेत्र के लिए उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना के दूसरे चरण के बारे में उन्होंने कहा, इस विषय पर व्यापक हितधारक चर्चा हुई है। मुझे पूरा विश्वास है कि बहुत जल्द हम योजना की रूपरेखा को अंतिम रूप देने और इसे उच्चतम स्तर पर मंजूरी के लिए ले जाने में सक्षम होंगे।
और भी पढ़ें...
- क्या पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक की 'ढाल' बनेंगी खाप पंचायतें, केंद्र सरकार को दिया अल्टीमेटम
- दिल्ली पुलिस बोली- न तो उन्हें बुलाया और न ही हिरासत में लिया, थाने से बाहर निकले सत्यपाल मलिक
- सत्यपाल मलिक के समर्थन में उतरे दिल्ली सीएम, बोले- पूरा देश आपके साथ है