फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Opinion ›   Sanskrit Day Sawan Purinma Celebration of not just language but soul No one can match the vast literature

संस्कृत दिवस: केवल भाषा नहीं, आत्मा का उत्सव... सहस्रों वर्षों में रचे गए विशाल साहित्य के समतुल्य कोई नहीं

Sat, 09 Aug 2025 07:27 AM IST
ज्योति भास्कर शास्त्री कोसलेंद्रदास, दर्शन विभागाध्यक्ष, राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय।
शास्त्री कोसलेंद्रदास, दर्शन विभागाध्यक्ष, राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sat, 09 Aug 2025 07:27 AM IST
विज्ञापन
सार
रक्षाबंधन पर्व के दिन ही संस्कृत दिवस मनाया जाता है। संस्कृत ने सहस्रों वर्षों में ऐसा तलस्पर्शी एवं विशाल साहित्य रचा है, जिसका कोई समतुल्य नहीं है।
loader
Sanskrit Day Sawan Purinma Celebration of not just language but soul No one can match the vast literature
श्रावण पूर्णिमा के दिन संस्कृत दिवस - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

श्रावणी पूर्णिमा पर रक्षाबंधन के साथ ही संस्कृत दिवस मनाया जाता है। इसकी शुरुआत 1969 में भारत सरकार करने के लिए की थी। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और शिक्षा मंत्री विजयेंद्र वरदराज राव ने इसे संस्कृत के अनादि और अविच्छिन्न प्रवाह को सम्मान देने के लिए आरंभ किया था। संस्कृत दिवस कोई साधारण दिन नहीं, अपितु यह उस कालजयी साहित्य परंपरा का पर्व है, जिसने सहस्राब्दियों से सारी मानवता को स्वर दिया है।



समस्त विश्व को अध्यात्म, तर्क, विज्ञान और काव्य-सौंदर्य की अनुभूति कराई है। भारतीयों ने संस्कृत को वैज्ञानिक और परिष्कृत रूप दिया है। पाणिनि ने व्याकरण को इस तरह व्यवस्थित किया कि आज भी भाषा के अध्ययन में उनकी प्रणाली का आधार लिया जाता है।


पतंजलि ने योग से मानसिक अनुशासन की ऐसी विधा विकसित की, जो आत्म-नियंत्रण का पाठ पढ़ाती है। भाषा के उच्चारण के लिए मुख के विभिन्न अंगों का विश्लेषण कर वेदों की शाखाओं और प्रातिशाख्यों के ग्रंथ बनाए गए, जो आज भी गणित और विज्ञान की नींव माने जाते हैं।

भारत के विद्वानों ने शून्य का ऐसा गूढ़ ज्ञान विकसित किया, जो अरबों के माध्यम से यूरोप तक पहुंचा और आधुनिक गणित की नींव बना। इस प्रकार, भारतीय ज्ञान का विश्व भर में प्रभाव और ऋण अतुलनीय है। वेदों से लेकर उपनिषदों तक, पाणिनि की 'अष्टाध्यायी' से शंकराचार्य के अद्वैत-चिंतन तक, कालिदास की काव्य धारा से लेकर चरक और सुश्रुत के चिकित्सा-विज्ञान तक संस्कृत ने जीवन के हर पक्ष को शब्द और दृष्टि प्रदान की है।

योग, ज्योतिष, आयुर्वेद और संगीत संस्कृत में ही प्रकट हुए हैं। इसी से संस्कृत साहित्य की अद्वितीय परंपरा भारत की सीमाओं को लांघकर तिब्बत, चीन, जावा, इंडोनेशिया, अरब और यूरोप जैसे अनेक देशों तक पहुंची है।

संस्कृत ने दशमलव पद्धति से लेकर तुलनात्मक भाषाशास्त्र के साथ आधुनिक विज्ञान और मानविकी विषयों की नींव रखी। संस्कृत में लिखी रामायण, महाभारत और भागवत महापुराण की कथाएं एवं वेदांत पद्धति ने असंख्य मुस्लिम विद्वानों और ईसाई चिंतकों को भी प्रभावित किया है।

संस्कृत मात्र भाषा नहीं, बल्कि सांस्कृतिक चेतना और चिरंतन मूल्यों की वाहिका है। इसने सहस्रों वर्षों में ऐसा तलस्पर्शी एवं विशाल साहित्य रचा है, जिसका कोई समतुल्य नहीं है। जीवन का कोई भी अंश ऐसा नहीं है, जिस पर संस्कृत में कुछ लिखा न गया हो।

विंटरनित्ज ने 1923 में कलकत्ता विश्वविद्यालय में दिए 'भारतीय साहित्य की कुछ समस्याएं' विषयक व्याख्यान में पश्चिम पर पड़े संस्कृत साहित्य के प्रभाव का मार्मिक उल्लेख किया था। मैक्समूलर, मोनियर विलियम्स, वेबर और विलियम जोंस जैसे विदेशी विद्वानों ने इसकी महत्ता को अंतरराष्ट्रीय पटल पर प्रतिष्ठित किया। एचएच गोवेन ने 1931 में ठीक ही कहा था कि भारतीय साहित्य का एक यथार्थ सत्य मूल्य है, जिसे काल की दूरी नष्ट नहीं कर सकती।

पवित्रता, विविधता और अजस्त्रता में विश्व का कोई भी साहित्य इसकी तुलना में खड़ा नहीं हो सकता। संस्कृत दिवस केवल अतीत के गौरव का स्मरण नहीं है, यह वर्तमान और भविष्य के लिए भी दिशा-संकेत है।

यदि हम आत्मचिंतन, आत्मसंयम और आत्मोन्नति की ओर बढ़ना चाहते हैं, तो हमें शास्त्र, काव्य, नीति और दर्शन की ओर पुनः लौटना होगा। संस्कृत दिवस भारत की आत्मा का उत्सव है। यह उस अमर वाणी का स्मरण पर्व है, जिसने बताया कि भाषा केवल संवाद नहीं, मोक्ष का द्वार भी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed