UK: 'रूस को यूक्रेन में नुकसान की करनी होगी भरपाई', सुनक ने कीव को तीन अरब डॉलर का कर्ज देने की घोषणा की
UK: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा कि उनकी सरकार रूस-यूक्रेन युद्ध में अपनी पूरी भूमिका निभाना जारी रखेगी। उन्होंने कहा, मुझे गर्व है कि आज हम यूक्रेन की अर्थव्यवस्था का समर्थन करने के लिए एक प्रतिबद्धता की घोषणा कर रहे हैं। हम अगले तीन साल में तीन अरब अमेरिकी डॉलर की ऋण गारंटी देंगे।
विस्तार
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने बुधवार को यूक्रेन रिकवरी समिट की शुरुआत करते हुए कहा कि रूस को अपने यूरोपीय पड़ोसी को हुए नुकसान की भरपाई करनी होगी। उन्होंने कीव के समर्थन में तीन अरब अमेरिकी डॉलर का ऋण देने की भी घोषणा की।
उर्जा ग्रिड पर हमले को लेकर रूस पर साधा निशाना
सुनक ने यूक्रेन की शालीनता की भी तारीफ की और देश के उर्जा ग्रिड को नष्ट करने की कोशिश के लिए रूस पर हमला बोला। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि इसने फिर से ऑनलाइन काम करना शुरू कर दिया है और यह ग्रिड अब उर्जा का निर्यात भी कर रहा है।
विनाश के लिए रूस को भुगतान करना होगा: सुनक
लंदन में यूक्रेन और ब्रिटेन दो दिवसीय शिखर सम्मेलन की साझा मेजबानी कर रहे हैं, ताकि कीव के पक्ष में अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाया जा सके। सुनक ने अपने शुरुआती संबोधन में कहा, यह तय है कि रूस को उस विनाश के लिए भुगतान करना होगा जो उसने किया है। इसलिए हम रूसी संपत्ति का इस्तेमाल करने के लिए वैध मार्गों का पता लगा रहे हैं और इसके लिए अपने सहयोगियों के साथ काम कर रहे हैं।
अपनी भूमिका निभाना जारी रखेगा ब्रिटेन
उन्होंने कहा कि ब्रिटेन की सरकार अपनी पूरी भूमिका निभाना जारी रखेगी। सुनक ने कहा, मुझे गर्व है कि आज हम यूक्रेन की अर्थव्यवस्था का समर्थन करने के लिए एक प्रतिबद्धता की घोषणा कर रहे हैं। हम अगले तीन साल में तीन अरब अमेरिकी डॉलर की ऋण गारंटी देंगे।
विश्व बैंक समूह के प्रमुख ने किया स्वागत
वहीं, विश्व बैंक समूह के प्रमुख अजय बंगा ने इस कठिन समय में यूक्रेन के लोगों का समर्थन करने की ब्रिटेन सरकार की गारंटी का स्वागत किया। उन्होंने कहा, विश्व बैंक समूह को तबाही के बाद लोगों को अपने जीवन के पुनर्निर्माण में मदद करने जैसे कठिन काम करने के लिए डिजाइन किया गया है। हम उस मिशन को पूरा करना जारी रखेंगे और यूक्रेनियों को युद्ध के बाद जीवन की कल्पना करने में मदद करेंगे।
नया 'यूके-यूक्रेन टेक ब्रिज' लॉन्च करने की घोषणा
सुनक ने अपने वैश्विक सहयोगियों के साथ एक नया 'यूके-यूक्रेन टेक ब्रिज' लॉन्च करने की भी घोषणा की। यह हरित उर्जा, निवेश और प्रतिभा को बढ़ावा देगा। उन्होंने खुलासा किया कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) चार वर्षों से यूक्रेन में 15 बिलियन अमरीकी डालर लगा रहा है, जो कि जी7 देशों की 115 अरब अमेरिकी डॉलर की प्रतिबद्धता का हिस्सा है।
ब्रिटेन-भारत संबंधों पर सुनक ने कही ये बात
सुनक ने आगामी 'यूके-इंडिया वीक' को समर्थन देते हुए कहा कि उन्हें भरोसा है कि भारत-ब्रिटेन साझेदारी हमारे समय के लिए निर्णायक होगी। इससे पहले पिछले साल सुनक बतौर विशेष अथिति के रूप में 'यूके-इंडिया अवॉर्ड्स' में शामिल हुए थे। तब उन्होंने पहली बार अपनी भारतीय विरासत और ब्रिटिश भारतीय मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता के बारे में बात की थी।
डाउनिंग स्ट्रीट से जारी एक बयान में सुनक ने इस वार्षिक आयोजन को नए व्यापार संबंधों और दीर्घकालिक सहयोग के लिए उत्प्रेरक के रूप में वर्णित किया। उन्होंने कहा कि इंडिया ग्लोबल फोरम का वार्षिक यूके-इंडिया वीक हमारे दो महान देशों के द्विपक्षीय कैलेंडर में एक बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम है। यह नए व्यापार संबंधों, स्थायी सहयोग और हमारे लोगों के लिए बेहतर भविष्य बनाने के लिए एक उत्प्रेरक है। मुझे भरोसा है कि यह साझेदारी हमारे समय के लिए निर्णायक होगी।