Rhea Chakraborty: सुशांत की मौत की खबर सुनते ही क्या था उनकी गर्लफ्रेंड का रिएक्शन, रिया ने बताई आपबीती
दिवगंत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती मुख्य आरोपी मानी जा रही हैं। दिवंगत अभिनेता के पिता केके सिंह रिया को अपने पुत्र की मौत के लिए जिम्मेदार मानते हैं और उस पर कई संगीन आरोप लगाए हैं। वहीं सुशांत की बहनों ने भी रिया को लेकर कई बातों का खुलासा किया है। इस पूरे प्रकरण में रिया ने अब तक चुप्पी साध रखी थी, लेकिन अब उन्होंने इस सभी आरोपों पर खुलकर अपनी सफाई पेश की है।
रिया ने एक हिंदी न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद और आधारहीन बताया है। रिया से जब पूछा गया कि उन्हें सुशांत के आत्महत्या करने की खबर कैसे मिली? तो उन्होंने कहा कि वो 14 जून को अपने घर पर थीं। उन्हें उनके एक दोस्त का फोन आया कि मीडिया में सुशांत की मौत की खबर चल रही है। तुम इसे रोको और सुशांत से बात करो।
रिया ने आगे कहा कि 10 से 15 मिनट बाद सब कुछ साफ हो चुका था। मैं पूरी तरह से टूट चुकी थी। मैं सदमे में थी। मुझे बिल्कुल भी समझ नहीं आ रहा था कि ऐसे कैसे हो सकता है।
सुशांत की मौत का लोगों ने मजाक बना दिया
इंटरव्यू में जब पूछा गया कि वो सुशांत के अंतिम संस्कार में शामिल क्यों नहीं हुईं तो इस सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं वहां जाना चाहती थी लेकिन अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों की सूची में मेरा नाम नहीं था। मुझे कुछ लोगों ने कहा कि सुशांत के परिवार वाले नहीं चाहते कि मैं वहां आऊं। अगर मैं वहां गई तो मुझे वहां से निकाल दिया जाएगा। हालांकि मेरी दो दोस्तों ने सुशांत के अंतिम दर्शन करने के लिए कहा था ताकि मैं उसकी मौत को स्वीकार सकूं।
मैं शवगृह गई थी और वहां पर सुशांत के अंतिम दर्शन किए और उसके पैर छुकर मैंने सॉरी बाबू कहा था। मैं आज भी सॉरी हूं क्योंकि सुशांत के काम को याद नहीं किया जा रहा बल्कि उसकी मौत का मजाक बना दिया गया है।