{"_id":"64d51dfbd951cbc8b609e577","slug":"reactions-on-social-media-after-pm-modi-address-in-parliament-2023-08-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"संसद: पीएम मोदी के संबोधन के बाद सोशल मीडिया पर क्या चल रहा? विपक्ष ने बताया चुनावी भाषण, भाजपा ने किया पलटवार","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
संसद: पीएम मोदी के संबोधन के बाद सोशल मीडिया पर क्या चल रहा? विपक्ष ने बताया चुनावी भाषण, भाजपा ने किया पलटवार
Thu, 10 Aug 2023 10:57 PM IST
Jeet Kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Jeet Kumar
Updated Thu, 10 Aug 2023 10:57 PM IST
सार
संसद में विपक्षी दलों द्वारा मोदी सरकार के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव पर गुरुवार को लोकसभा में गिर गया। ये अविश्वास प्रस्ताव ध्वनिमत से एनडीए के पक्ष में चला गया। वहीं अब सोशल मीडिया पर काफी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
विज्ञापन
लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।
- फोटो : ANI
विस्तार
संसद में विपक्षी दलों द्वारा मोदी सरकार के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव पर गुरुवार को लोकसभा में गिर गया। ये अविश्वास प्रस्ताव ध्वनिमत से एनडीए के पक्ष में चला गया। वोटिंग से पहले ही पूरा विपक्ष वॉकआउट कर गया लेकिन पूरे विपक्ष के बाहर जाने के बाद भी पीएम मोदी ने अपना भाषण जारी रखा। उनके भाषण के बाद सोशल मीडिया पर सत्ता पक्ष और विपक्ष की प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
विज्ञापन
मणिपुर-हरियाणा में मुगल-ए-आजम चल रही है
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पीएम मोदी के भाषण को लेकर कहा कि विपक्ष ने 1 घंटे 45 मिनट तक बहुत अपमान और दुर्व्यवहार सुना है। मुझे लगता है कि विपक्ष ने कई अन्य लोगों की तुलना में अधिक धैर्य दिखाया होगा। इसी के साथ असदुद्दीन औवेसी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का आज का भाषण उनके पिछले नौ साल में दिए गए सभी भाषणों में से बोरिंग था। हमने सोचा था कि वह उन लोगों की निंदा करेंगे जो मणिपुर में हिंसा कर रहे हैं, हमने सोचा कि वह हरियाणा सरकार के विध्वंस अभियान की निंदा करेंगे। तंज कसते हुए कहा कि वहां कुछ नहीं हो रहा है। वहां मुगल-ए-आजम चल रही है।
विज्ञापन
डिंपल यादव बोलीं- पीएम ने मणिपुर के बारे में कुछ नहीं कहा
एनसीपी नेता सुप्रिया सुले ने कहा कि हमें उम्मीद थी कि वह (पीएम मोदी) अर्थव्यवस्था, महंगाई, बेरोजगारी, मणिपुर, मणिपुर की महिलाओं पर क्रूरता के मुद्दे पर बोलेंगे लेकिन डेढ़ घंटे में उनका 90 फीसदी भाषण I.N.D.I.A पर था। वहीं समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव के पीछे का कारण मणिपुर था जहां कई महिलाओं के साथ दुष्कर्म हुआ, बच्चों की हत्या हुई और कई अन्य घटनाएं हुईं लेकिन पीएम ने मणिपुर के बारे में कुछ नहीं कहा और मणिपुर के लोगों के साथ खड़े नहीं हुए और इसीलिए विपक्ष ने वाकआउट किया।
विज्ञापन
पीएम ने यह नहीं बताया मणिपुर कब जायेंगे
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रधानमंत्री मोदी ने मणिपुर में डबल इंजन सरकार की विफलता की जिम्मेदारी नहीं ली। मणिपुर के मुख्यमंत्री के कार्यकाल में इतनी महिलाओं के साथ दुष्कर्म हुआ, राज्य का बंटवारा हुआ, 60,000 लोग बेघर हो गए, आम लोगों के हाथ में एके-47 है। इतना असुरक्षित माहौल बनाने के बावजूद वह अपने मुख्यमंत्री को बर्खास्त नहीं कर रहे हैं। उन्होंने यह नहीं बताया कि वे मणिपुर कब जायेंगे। आज भी उनके पास कोई स्थाई समाधान नहीं है, उनके पास कोई रोडमैप नहीं है कि मणिपुर में शांति कब लौटेगी। पूरा मणिपुर राज्य प्रधानमंत्री के शब्दों से असंतुष्ट और दुखी है इसलिए 'इंडिया' गठबंधन सदन से बाहर चला गया।
राजनाथ सिंह बोले- पीएम ने दिया शानदार भाषण
संसद से बाहर आए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने शानदार भाषण दिया। मुझे लगता है कि उन्होंने उन सभी सवालों का संक्षिप्त जवाब दिया जो उन्होंने (विपक्ष ने) उठाए थे...विपक्ष ने लोकतंत्र की मर्यादा का पालन नहीं किया। साथ ही केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि जिनका लक्ष्य देश का विकास करना नहीं बल्कि देश के विकास की तिजोरी को लूटना है, वो पीएम मोदी की बात नहीं सुनना चाहेंगे। वे देश के विकास को पचा नहीं पा रहे हैं, आंतरिक सुरक्षा संबंधित अमित शाह के बयान को वे नहीं पचा पा रहे हैं, वे इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं कि देश की जनता ने पीएम मोदी पर भरोसा जताया है।
पीएम मोदी को संसद में बुलाकर विपक्ष ने भारी गलती कर दी
वहीं ट्विटर पर आर्यन नाम के एक यूजर ने कहा कि पीएम मोदी को संसद में बुलाकर विपक्ष ने भारी गलती कर दी। आज का उनका भाषण 2024 के लोकसभा चुनावों तक सुनाई देगा। वहीं सरिता सिंह नाम की एक यूजर ने कहा कि उम्मीद नहीं थी 4000 किमी की यात्रा करने वाले राहुल संसद से भी यात्रा करते हुए निकल लेंगे। इसी के साथ किशोर यादव नाम के यूजर ने कहा कि मणिपुर पर कम से भी बहुत कम बोले पीएम मोदी। इतना फोकस विपक्ष पर किया उतना महिला की सुरक्षा को लेकर बोल देते और कोई घोषणा कर देते।
सिंधिया बोले- विपक्ष के लिए देश महत्वपूर्ण नहीं
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष ने वॉकआउट किया, जो अच्छा नहीं है। वे अविश्वास प्रस्ताव लाए थे और वे (विपक्ष) चाहते थे कि अंत तक उनकी (प्रधानमंत्री) बात सुनी जाए। लेकिन वे सदन से बाहर चले गए। अविश्वास प्रस्ताव गिरने वाला था क्योंकि वे जानते थे कि हमारे (एनडीए) के पास बहुमत है और इसलिए, वे बाहर चले गए। वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि विपक्ष की एक ही सोच और विचारधारा है। उनके लिए देश महत्वपूर्ण नहीं है। विपक्ष के लिए सिर्फ पार्टी और खुद का महत्व है। जो अविश्वास प्रस्ताव वे लेकर आए थे वे जनता का अविश्वास विपक्ष के प्रति है वे आज सदन में साबित हो गया।