{"_id":"66ce1e3f663522ccb201c814","slug":"rajya-sabha-by-election-bjp-congress-leader-elected-unopposed-tripura-result-pending-2024-08-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"राज्यसभा उपचुनाव: रवनीत बिट्टू-जॉर्ज कुरियन और कांग्रेस से सिंघवी निर्विरोध चुने गए, त्रिपुरा में मुकाबला बाकी","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
राज्यसभा उपचुनाव: रवनीत बिट्टू-जॉर्ज कुरियन और कांग्रेस से सिंघवी निर्विरोध चुने गए, त्रिपुरा में मुकाबला बाकी
Wed, 28 Aug 2024 12:13 AM IST
दीपक कुमार शर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: दीपक कुमार शर्मा
Updated Wed, 28 Aug 2024 12:13 AM IST
सार
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, सर्बानंद सोनोवाल और ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित मौजूदा सदस्यों के हाल ही में लोकसभा के लिए चुने जाने के कारण खाली हुई 12 सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की गई थी।
विज्ञापन
राज्यसभा उपचुनाव के विजेता उम्मीदवार
- फोटो : पीटीआई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राज्यसभा उपचुनाव में मंगलवार को सात और सीटों पर निर्विरोध उम्मीदवार चुने गए। इनमें भाजपा से केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, जॉर्ज कुरियन, किरण चौधरी, ममता मोहनता, मनन कुमार मिश्रा और कांग्रेस से वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी के अलावा राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा शामिल हैं।
विज्ञापन
इससे पहले सोमवार को चार उम्मीदवारों को विजेता घोषित किया गया था। इनमें महाराष्ट्र से भाजपा के धैर्यशील पाटिल और राकांपा के नितिन पाटिल शामिल हैं। वहीं, असम से रामेश्वर तेली और मिशन रंजन दास को विजेता घोषित किया गया। इस प्रकार 12 में से 11 उम्मीदवारों को निर्विरोध चुना जा चुका है। बची हुई त्रिपुरा की सीट पर तीन सितंबर को विजेता का फैसला होगा। त्रिपुरा भाजपा अध्यक्ष राजीब भट्टाचार्य का मुकाबला राज्य में सीपीआई (एम) के पूर्व विधायक सुधान दास से है।
विज्ञापन
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, सर्बानंद सोनोवाल और ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित मौजूदा सदस्यों के हाल ही में लोकसभा के लिए चुने जाने के कारण खाली हुई 12 सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की गई थी।
विज्ञापन
राज्यसभा में 245 सीटें हैं। अभी आठ सीटें रिक्त हैं, जिनमें चार जम्मू-कश्मीर और चार मनोनयन वाली सीटें हैं। इस तरह मौजूदा सदस्य संख्या 237 है और बहुमत का आंकड़ा 119 है। मंगलवार को एनडीए के सदस्य 111 हो गए। एनडीए को छह मनोनीत और एक निर्दलीय सदस्य का भी समर्थन है। इस तरह, उसके सदस्यों की संख्या 118 हो गई, जो बहुमत से एक सीट कम है।
तेलंगाना से मंगलवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता और सुप्रीम कोर्ट के वकील अभिषेक मनु सिंघवी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। वहीं, राजस्थान से भाजपा नेता रवनीत बिट्टू निर्विरोध चुने गए। यहां तीन उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। इनमें से बीजेपी के एक डमी उम्मीदवार सुनील कोठारी थे, जिन्होंने शुक्रवार को अपना नामांकन वापस ले लिया था। इनके अलावा निर्दलीय प्रत्याशी बबीता वाधवानी का नामांकन पत्र 22 अगस्त को जांच के दौरान रद्द कर दिया गया था। वहीं, विपक्षी कांग्रेस ने उपचुनाव में उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया था। जिसके चलते बिट्टू उपचुनाव में एकमात्र उम्मीदवार बचे थे। राजस्थान विधानसभा के प्रमुख सचिव एवं चुनाव अधिकारी महावीर प्रसाद शर्मा ने बिट्टू के अधिकृत चुनाव एजेंट योगेंद्र सिंह तंवर को प्रमाण पत्र प्रदान किया।
वहीं, मध्य प्रदेश से केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार जॉर्ज कुरियन को रिटर्निंग अधिकारी ने निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।
कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आईं किरण चौधरी ने हरियाणा से उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था। राज्य में मुकाबले में अकेली उम्मीदवार होने के कारण उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। किरण को हरियाणा विधानसभा सचिवालय में उपचुनाव के लिए रिटर्निंग ऑफिसर साकेत कुमार द्वारा प्रमाण पत्र दिया गया। पूर्व मुख्यमंत्री बंसी लाल की बहू किरण चौधरी ने हरियाणा विधानसभा में तोशाम सीट का प्रतिनिधित्व किया।
वहीं, ओडिशा से भाजपा उम्मीदवार ममता मोहनता उप-चुनाव में निर्विरोध जीतकर राज्यसभा में लौट आईं। अधिकारियों ने बताया कि नामांकन वापस लेने की समय सीमा समाप्त होने तक मैदान में कोई उम्मीदवार नहीं होने के कारण मोहनता को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। परिणाम घोषित होने के बाद मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने विधानसभा में मोहनता को बधाई दी।
बिहार से पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा और सुप्रीम कोर्ट के वकील मनन कुमार मिश्रा निर्विरोध चुने गए। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख कुशवाह और भाजपा नेता मिश्रा सत्तारूढ़ राजग के उम्मीदवार थे। नतीजे आने के बाद दोनों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की।