Raisina Dialogues: पीएम मोदी आज करेंगे सम्मेलन का उद्घाटन, ग्रीक पीएम क्यारीकोस मुख्य अतिथि, जानिए मकसद
रायसीना डायलॉग भू-राजनीति और भू-अर्थशास्त्र पर भारत का प्रमुख सम्मेलन है जो वैश्विक समुदाय के सामने आने वाले चुनौतीपूर्ण मुद्दों को संबोधित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 फरवरी को हाई-प्रोफाइल रायसीना डायलॉग सम्मेलन के 9वां संस्करण का उद़्घाटन करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार यह सम्मेलन वैश्विक समुदाय के सामने आने वाले गंभीर मुद्दों से निपटने के लिए समर्पित है। 23 फरवरी तक चलने वाले सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में हेलेनिक गणराज्य (ग्रीस) के प्रधानमंत्री क्यारीकोस मित्सोटाकिस मुख्य अतिथि के रूप में भाषण देंगे।
बता दें कि हेलेनिक गणराज्य के प्रधानमंत्री क्यारीकोस मित्सोटाकिस का मंगलवार देर रात ही नई दिल्ली आगमन हो चुका है। केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने हवाईअड्डे पर उनका स्वागत किया। गौरतलब है कि 15 साल बाद ग्रीक का कोई प्रधानमंत्री भारत पहुंचा है।
विदेश मंत्रालय ने ट्वीट कर दी जानकारी
ग्रीक पीएम के नई दिल्ली आगमन पर विदेश मंत्रालय ने खुशी जाहिर की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने एक्स पर ट्वीट करते हए कहा कि पीएम मित्सोटाकिस का हार्दिक स्वागत। मित्सोटाकिस भारत की पहली राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे हैं। राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने हवाईअड्डे पर उनका स्वागत किया।
Warm welcome to PM @kmitsotakis of the Hellenic Republic as he arrives in New Delhi on his first State Visit to India.
Received by MoS @M_Lekhi at the airport.
PM Mitsotakis is the Chief Guest and Keynote Speaker at #RaisinaDialogue2024. pic.twitter.com/wkr0uuU8T8— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) February 20, 2024
रायसीना डायलॉग भू-राजनीति और भू-अर्थशास्त्र पर भारत का प्रमुख सम्मेलन है जो वैश्विक समुदाय के सामने आने वाले चुनौतीपूर्ण मुद्दों को संबोधित करने के लिए प्रतिबद्ध है। 2024 संस्करण में लगभग 115 देशों के 2500 से अधिक प्रतिनिधि व्यक्तिगत रूप से भाग लेंगे, जबकि दुनिया भर में लाखों लोग डिजिटल प्लेटफार्मों के जरिये कार्यवाही में शामिल होंगे।