{"_id":"6aa6aa9510e7bdacf3073586","slug":"railways-672-7-million-passengers-travelled-by-train-in-august-local-commuters-up-9-percent-2026-09-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"रेलवे: अगस्त में 67.27 करोड़ लोगों ने किया ट्रेन से सफर, 9% बढ़े लोकल यात्री; जानें माल ढुलाई में कितना उछाल","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
रेलवे: अगस्त में 67.27 करोड़ लोगों ने किया ट्रेन से सफर, 9% बढ़े लोकल यात्री; जानें माल ढुलाई में कितना उछाल
Sun, 13 Sep 2026 07:27 PM IST
राहुल कुमार
डिजिटल ब्यूरो अमर उजाला, नई दिल्ली
डिजिटल ब्यूरो अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: राहुल कुमार
Updated Sun, 13 Sep 2026 07:27 PM IST
सार
रेलवे में अब गति शक्ति कार्गो टर्मिनल की संख्या 149 हो गई है। अगस्त माह में नए टर्मिनल गुजरात के शिवलखा, तमिलनाडु के नल्ली, उत्तर प्रदेश के शक्तिनगर, मध्य प्रदेश के देवराग्राम और ओडिशा के ब्रजराजनगर में शुरू किए गए।
विज्ञापन
फाइल फोटो
- फोटो : Amar Ujala
विस्तार
भारतीय रेलवे ने अगस्त में यात्री सेवा और माल ढुलाई में बढ़ोतरी दर्ज की। इस दौरान 14 अमृत भारत सेवाओं को नियमित किया गया। साथ ही पांच नए गति शक्ति कार्गो टर्मिनल शुरू किए गए।
विज्ञापन
रेलवे के मुताबिक, अगस्त 2026 में 13.79 करोड़ टन माल लोड किया गया। अगस्त 2025 में यह आंकड़ा 13.09 करोड़ टन था। यानी माल ढुलाई सालाना आधार पर 5.4 फीसदी बढ़ी। माल ढुलाई से रेलवे की कमाई भी 6.27 फीसदी बढ़ी। अगस्त में पांच नए गति शक्ति कार्गो टर्मिनल शुरू हुए। 31 अगस्त तक देश में चालू गति शक्ति कार्गो टर्मिनल की संख्या 149 हो गई है। नए टर्मिनल गुजरात के शिवलखा, तमिलनाडु के नल्ली, उत्तर प्रदेश के शक्तिनगर, मध्य प्रदेश के देवराग्राम और ओडिशा के ब्रजराजनगर में शुरू किए गए। इनसे उत्पादन और खपत केंद्रों के करीब माल ढुलाई की सुविधा मिलेगी।
विज्ञापन
14 अमृत भारत सेवाओं को स्पेशल से नियमित किया
अगस्त में 14 अमृत भारत सेवाओं को स्पेशल से नियमित किया गया। इसके साथ देश में अमृत भारत सेवाओं की संख्या बढ़कर 86 हो गई। ये ट्रेनें उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र और तमिलनाडु समेत कई राज्यों को जोड़ती हैं। इनमें सूबेदारगंज-लोकमान्य तिलक टर्मिनस, गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस, गोरखपुर-दिल्ली जंक्शन, अहमदाबाद-भागलपुर, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज जंक्शन-उधना जंक्शन और धनबाद-कोयंबटूर जैसी सेवाएं शामिल हैं।
विज्ञापन
अगस्त 2026 में रेलवे से 67.27 करोड़ यात्रियों ने सफर किया। अगस्त 2025 में यह संख्या 64.43 करोड़ थी। उपनगरीय यात्री संख्या 9.02 फीसदी बढ़कर 38.01 करोड़ हो गई। पिछले साल अगस्त में यह आंकड़ा 34.89 करोड़ था। त्योहारों में बढ़ी मांग को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें भी चलाईं। 25 से 31 अगस्त 2026 के बीच रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेनों के 144 फेरे चले। पिछले साल 8 से 14 अगस्त के बीच इनके 48 फेरे चलाए गए थे।