दुर्घटना के बाद चेता रेलवे, होगी वाराणसी मार्ग के फाटकों की सुरक्षा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भदोही जिले में वाराणसी-इलाहाबाद रेल रूट पर माधोसिंह और कटका स्टेशनों के बीच कैयरमऊ रेलवे क्रॉसिंग पर सोमवार को हुए हादसे के बाद पूर्वोत्तर रेलवे ने अब इस रूट के सभी रेल फाटकों को सुरक्षित करने का निर्णय लिया है।
मानवरहित इन फाटकों पर घटनाएं न हों इसके लिए इस रूट के सभी 12 फाटकों पर सुरक्षा के खास इंतजाम किए जाएंगे। इन मानव रहित रेल फाटकों में जहां कुछ में रेल अंडर ब्रिज बनाए जाएंगे तो कुछ को बंद किया जाएगा।
खास यह कि सोमवार को जिस फाटक पर हादसा हुआ वहां पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से रेल अंडर ब्रिज (आरयूबी) बनाया जाएगा। बता दें कि इलाहाबाद सिटी से मंडुआडीह के बीच कुल 12 मानवरहित रेल फाटक हैं।
आठ बच्चों की हो गई थी मौत
सोमवार को माधोसिंह ओर कटका रेलवे स्टेशन के बीच कैयरमऊ रेलवे क्रॉसिंग पर एक स्कूल वैन पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गई। इस घटना से आठ मासूम बच्चों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय वाहन चालक ने ईयरफोन लगा रखा था।
इस घटना के बाद पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक और वाराणसी मंडल के डीआरएम समेत तमाम अफसर मौके पर पहुंचे। वाराणसी मंडल के पीआरओ अशोक कुमार का कहना है कि इस रूट के सभी मानव रहित रेल फाटकों पर सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे।
चार फाटकों को स्थायी रूप से बंद किया जाएगा तो चार अन्य में फाटक लगाए जाएंगे। इसके अलावा घटना वाले फाटक समेत दो अन्य फाटकों पर रेल अंडर ब्रिज बनाया जाएगा, जबकि एक अन्य फाटक को उसके पास वाले रेल फाटक में समायोजित किया जाएगा।