Jagdeep Dhankhar: 'आखिर वो कहां छिपे हैं और क्यों एक शब्द भी नहीं कह रहे?', जगदीप धनखड़ पर बोले राहुल गांधी
राहुल गांधी ने पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके इस्तीफे के पीछे बड़ी कहानी छिपी है। दिल्ली में विपक्षी उम्मीदवार बी. सुधर्शन रेड्डी के सम्मान समारोह में राहुल ने पूछा कि धनखड़ कहां छिपे हैं और क्यों खामोश हैं?
विस्तार
दिल्ली के संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में विपक्ष के संयुक्त उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी. सुधर्शन रेड्डी के सम्मान समारोह में बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पूर्व उपराष्ट्रपति अचानक गायब हो गए हैं। उन्होंने इस्तीफा क्यों दिया, इसके पीछे बड़ी कहानी है। और अब वह ऐसी स्थिति में क्यों हैं कि कुछ बोल ही नहीं सकते और छिपना पड़ रहा है?”
'इस्तीफे के पीछे कहानी छिपी है'
राहुल गांधी ने आगे कहा कि जिस दिन उपराष्ट्रपति ने इस्तीफा दिया, उसी दिन केसी वेणुगोपाल ने आकर कहा कि ‘वाइस प्रेसिडेंट चले गए’। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ इस्तीफा नहीं था, बल्कि इसके पीछे कुछ ऐसा है जो सबको जानना चाहिए। कई लोग इस कहानी को जानते होंगे और कई नहीं, लेकिन सच्चाई यही है कि इसके पीछे बहुत बड़ा कारण है।
'अचानक आई खामोशी पर सवाल'
कांग्रेस नेता ने कहा कि पहले धनखड़ राज्यसभा में जमकर बोलते थे और तीखे तेवर दिखाते थे, लेकिन अब बिल्कुल चुप हो गए हैं। राहुल गांधी ने कहा कि अचानक वही व्यक्ति जो राज्यसभा में तेज आवाज में बहस करता था, पूरी तरह से खामोश हो गया है।
सोशल मीडिया पर भी उठाया मुद्दा
कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी ने एक्स पर भी लिखा कि भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति कहां छिपे हुए हैं? क्यों वह ऐसी स्थिति में हैं कि एक शब्द भी नहीं बोल पा रहे? सोचिए, हम किस दौर में जी रहे हैं।
भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति आखिर छुपे हुए क्यों हैं? क्यों ऐसी नौबत आ गई कि वो बाहर आ कर एक शब्द भी नहीं बोल सकते?
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) August 20, 2025
सोचिए, हम कैसे समय में जी रहे हैं। pic.twitter.com/Gzbkuyu6zE
अचानक इस्तीफे से उठे सवाल
गौरतलब है कि जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को मानसून सत्र के पहले ही दिन अचानक स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, राजनीतिक हलकों में यह चर्चा रही कि भाजपा नेतृत्व से उनके संबंध खराब हो गए थे, और यही असल वजह हो सकती है। अब उनकी खामोशी और सार्वजनिक जीवन से दूरी ने विपक्ष को सवाल उठाने का मौका दे दिया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.