जिस ब्लैक पैंथर की तस्वीर ने इंटरनेट पर मचाई धूम, उसे खींचने में फोटोग्राफर के छूटे थे पसीने
ब्लैक पैंथर की एक तस्वीर ने कुछ दिन पहले इंटरनेट धूम मचा दी थी, सोशल मीडिया पर यह वायरल हो रही थी। ब्लैक पैंथर की तस्वीर इतनी अच्छी थी कि इसे फेसबुक, ट्विटर से लेकर इंस्टाग्राम पर भी लोगों ने साझा किया। लेकिन तस्वीर के खींचने के पीछे जो संघर्ष की कहानी है, उसे बयां किया खुद तस्वीर को खींचने वाले फोटोग्राफर अभिषेक पगनिस ने।
इस सेमी मेलेनिस्टिक तेंदुआ जिसे हम ब्लैक पैंथर भी कहते हैं, की तस्वीर को अभिषेक पगनिस ने अपने कैमरे में कैद किया था। अभिषेक पुणे के फोटोग्राफर हैं और उन्होंने इस ब्लैक पैंथर की तस्वीर को महाराष्ट्र के ताडोबा रिजर्व में क्लिक किया था। इस तस्वीर के वायरल होने के बाद अभिषेक ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत कर इसकी पूरी कहानी बताई है।
अभिषेक पगनिस ने बताया कि ''यह एक मेलेनिस्टिक तेंदुआ है, जिसे हम ब्लैक पैंथर कहते हैं। दो घंटे से अधिक के इंतजार के बाद, हमें यह लगभग 20 मिनट के लिए दिखा था। इसे जून महीने में शाम में करीब पांच बजे महाराष्ट्र के ताडोबा रिजर्व में क्लिक किया गया था।'
अभिषेक ने बताया कि यह मेरी पहली वाइल्ड लाइफ ट्रिप थी, जहां हम बाघों की तलाश में थे। काफी बाघों को देखने के बाद हमने सफारी के अंतिम दिन तेंदुए को देखना चाहा और फिर उसकी तलाश में निकल पड़े।'
उन्होंने कहा कि तेंदुए को देखे जाने से पहले, आसपास के जानवरों ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिनमें हिरण और लंगूर शामिल थे। उन्होंने बताया कि, "तेंदुआ झाड़ी में पीने के पानी के पीछे था। इस ब्लैक पैंथर की फोटो क्लिक करने के लिए हमारे पास 20 मिनट का ही समय था। जिसमें से 15 मिनट फोटोग्राफी के लिहाज से बेहतर सीन था।
इससे पहले एक अन्य घटना में, एक ब्लैक पैंथर की तस्वीर ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी थी। इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अभिषेक ने कहा, 'यह एक मेलेनिस्टिक तेंदुआ था, जिसे काले पैंथर के रूप में भी जाना जाता है और इसे कर्नाटक के काबीनी जंगल में क्लिक किया गया था। हालांकि, मैंने जिसे क्लिक किया, वह एक सेमी मेलेनिस्टिक तेंदुआ है, जो दूसरे से अलग है।
It's a melanistic leopard, which we call black panther. We had around 20 minutes of sighting, after waiting for over 2 hours. It was clicked in Maharashtra's Tadoba Reserve at around 5 pm in June: Abhishek Pagnis, a photographer from Pune who shot the viral black panther photo pic.twitter.com/RPOY6wJ7Ir— ANI (@ANI) July 29, 2020