असम: बागान में पहुंचीं प्रियंका गांधी, तस्वीरों में देखें कैसे चुनीं चाय की पत्तियां?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा के असम दौरे का आज दूसरा दिन है। प्रियंका ने राज्य में चुनाव प्रचार का मोर्चा संभाला हुआ है। इस दौरान वह लोगों से मुलाकात कर रही हैं। प्रियंका ने असम के चाय बागान में महिला मजदूरों से मुलाकात की। यहां उनका अलग अंदाज दिखा।
कांग्रेस नेता पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ बिश्वनाथ में सद्गुरू के चाय बागान पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने चाय की पत्तियां भी तोड़ीं। प्रियंका गांधी अपने सिर पर टोकरी लेकर मजदूरों की तरह चाय की पत्तियां तोड़ती नजर आईं। बता दें कि असम में चाय बागान के मजदूरों का मुद्दा काफी अहम है। ऐसे में प्रियंका गांधी उन्हें पार्टी के पक्ष में करने की कोशिश कर रही हैं।
मजदूरों के साथ मुलाकात के बाद प्रियंका ने ट्वीट कर कहा, 'असम की बहुरंगी संस्कृति ही असम की शक्ति है। असम यात्रा के दौरान लोगों से मिलकर मैंने महसूस किया कि लोग इस बहुरंगी संस्कृति को बचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से तैयार हैं। अपनी संस्कृति और विरासत बचाने के लिए असम के लोगों की लड़ाई में कांग्रेस पार्टी उनके साथ है।'
असम के तेजपुर में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एक स्थानीय चाय बागान के मजदूर के घर पर भोजन किया। इसके बाद वह महाभैरव मंदिर पहुंचीं और तेजपुर में चुनावी जनसभा को भी संबोधित किया।
बता दें कि इससे पहले सोमवार को प्रियंका गांधी ने अपने असम दौरे की शुरुआत कामाख्या देवी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की थी। इसके बाद उन्होंने राज्य में कांग्रेस के चुनावी अभियान का आगाज किया और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने आदिवासियों से बात की और उनके साथ आदिवासी नृत्य भी किया।
गौरतलब है कि असम में कुल 126 विधानसभा सीटें हैं, जिन पर तीन चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण का चुनाव 27 मार्च, दूसरे चरण का चुनाव एक अप्रैल और तीसरे चरण का मतदान 6 अप्रैल को होगा। दो मई को विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे। बता दें कि इस वक्त असम में एनडीए के नेतृत्व वाली भाजपा की सरकार है। साल 2016 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 60 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि कांग्रेस 26 सीटें जीतकर दूसरे नंबर पर रही थी।