Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   President Droupadi Murmu Attends Indian Naval Academy Passing Out Parade 2026 in Kerala

केरलम: राष्ट्रपति मुर्मू बोलीं- भारत स्वदेशी युद्धपोत और पनडुब्बियां बना रहा; 427 नौसेना अधिकारी हुए पास आउट

Sat, 28 Nov 2026 11:32 AM IST
शिवम गर्ग एएनआई, कन्नूर
एएनआई, कन्नूर Published by: शिवम गर्ग Updated Sat, 28 Nov 2026 11:32 AM IST
सार

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने केरल में नौसेना अकादमी की पासिंग आउट परेड में समुद्री सुरक्षा को देश की अर्थव्यवस्था से जुड़ा बताया। उन्होंने स्वदेशी युद्धपोत निर्माण, आत्मनिर्भर रक्षा क्षमता और महिला अधिकारियों की भागीदारी की सराहना की।

विज्ञापन
President Droupadi Murmu Attends Indian Naval Academy Passing Out Parade 2026 in Kerala
नौसेना अकादमी पहुंचीं राष्ट्रपति मुर्मु - फोटो : Amar Ujala Graphics

विस्तार

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शनिवार, 28 नवंबर को केरलम के कन्नूर जिले में स्थित भारतीय नौसेना अकादमी (ईएनए), एझिमाला की पासिंग आउट परेड में शामिल हुईं। अकादमी के ऑटम टर्म-2026 का यह समारोह एझिमाला के परेरा परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया। राष्ट्रपति इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और निरीक्षण अधिकारी के रूप में शामिल हुईं।

विज्ञापन


राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि आज की आपस में जुड़ी दुनिया में समुद्री क्षेत्र का महत्व लगातार बढ़ रहा है। वैश्विक व्यापार का बड़ा हिस्सा समुद्री रास्तों से होता है। ऐसे में इन मार्गों की सुरक्षा सीधे देशों की आर्थिक खुशहाली और आम लोगों के दैनिक जीवन से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि जहाजों की आवाजाही में किसी भी तरह की बाधा से जरूरी सामानों की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इससे वस्तुओं की लागत बढ़ती है और आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है।
विज्ञापन


उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा कि समुद्र में उनकी सेवा भारत के लोगों के जीवन से जुड़ी है। उनका काम देश की सुरक्षा, समृद्धि और नागरिकों के कल्याण में सीधे योगदान देता है।
विज्ञापन
विज्ञापन




भारत में बन रहे युद्धपोत और पनडुब्बियां
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि भारत अपनी स्वदेशी रक्षा क्षमताओं को लगातार मजबूत कर रहा है। अब बड़ी संख्या में युद्धपोत और पनडुब्बियां भारतीय शिपयार्ड में डिजाइन और तैयार की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह आत्मनिर्भरता के प्रति भारत की प्रतिबद्धता और देश के इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, कुशल श्रमिकों तथा उद्योगों की क्षमता पर भरोसे को दिखाता है। नौसेना के अधिकारी भी मजबूत और आत्मनिर्भर भारत की इस यात्रा का हिस्सा होंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है। नई तकनीक युद्ध और समुद्री सुरक्षा का स्वरूप बदल रही है। भविष्य की सभी चुनौतियों का अनुमान लगाना संभव नहीं है, लेकिन प्रशिक्षण, परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की क्षमता और समर्पण से उनका सामना किया जा सकता है।

विकसित भारत का लक्ष्य हर नागरिक को सम्मानजनक जीवन देना
राष्ट्रपति ने कहा कि देश के सभी प्रयासों का अंतिम उद्देश्य मजबूत, समृद्ध और विकसित भारत का निर्माण करना है। विकसित भारत का सपना केवल आर्थिक विकास या विकास के आंकड़ों तक सीमित नहीं है।

इसका उद्देश्य ऐसा देश बनाना है, जहां हर नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करे, उसे आगे बढ़ने के अवसर मिलें और वह सम्मान तथा आत्मसम्मान के साथ जीवन जी सके। विकास का लाभ समाज के हर वर्ग और देश के हर कोने तक पहुंचना भी जरूरी है। मुर्मू ने इस साल फरवरी में विशाखापत्तनम में आयोजित इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू में अपनी भागीदारी का जिक्र करते हुए कहा कि यह भारतीय नौसेना की बढ़ती ताकत और क्षमताओं का शानदार प्रदर्शन था। भारत अपने सशस्त्र बलों और समुद्री क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।



महिला अधिकारियों की भागीदारी पर जताया गर्व
राष्ट्रपति ने पास आउट होने वाले प्रशिक्षुओं में कई युवा महिलाओं की मौजूदगी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि उनकी भागीदारी पूरे देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने महिला प्रशिक्षुओं से कहा कि उन्होंने साबित किया है कि दृढ़ संकल्प, साहस और योग्यता की कोई सीमा नहीं होती। उनकी उपलब्धियां दूसरी युवतियों को बड़े सपने देखने और देश की सेवा में जिम्मेदारियां संभालने के लिए प्रेरित करेंगी।

427 प्रशिक्षु अधिकारी बने नौसेना का हिस्सा
भारतीय नौसेना अकादमी से कुल 427 अधिकारी प्रशिक्षु कमीशन प्राप्त अधिकारियों के रूप में पास आउट हुए। राष्ट्रपति मुर्मू ने पहले परेड का निरीक्षण किया और फिर मार्चिंग दस्ते की सलामी ली। उन्होंने अकादमी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को पुरस्कार भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षुओं ने ऐसा प्रशिक्षण पूरा किया है, जिसमें उनकी शारीरिक क्षमता, मानसिक मजबूती और दृढ़ संकल्प की परीक्षा हुई। उनकी वर्दी, सैन्य अनुशासन और ड्रिल में सटीकता उच्च स्तर के प्रशिक्षण और समर्पण को दर्शाती है।

राष्ट्रपति ने अधिकारियों के परिवारों के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि हर युवा अधिकारी के पीछे एक ऐसा परिवार होता है, जिसने मुश्किल समय में त्याग किया और उन्हें प्रोत्साहन दिया। मित्र देशों के प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय कैडेट्स के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उनका मार्च करना खुशी की बात है। अकादमी में बनी दोस्ती भविष्य में भी आपसी विश्वास, सहयोग और मित्रता को मजबूत करेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed