PNB Scam पर पीएम मोदी ने तोड़ी चुप्पी, कहा- बर्दाश्त नहीं जनता के पैसों की लूट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश के दूसरे सबसे बड़े सरकारी बैंक पीएनबी में हुई 11,400 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के पैसों की लूट बर्दाश्त नहीं करेगी। वित्तीय गड़बड़ियां करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि पीएम ने अपने वक्तव्य में हीरा एवं आभूषण कारोबारी नीरव मोदी और पीएनबी का सीधे नाम नहीं लिया।
इस धोखाधड़ी के सामने आने के कुछ दिन बाद पीएम ने वित्तीय संस्थानों की प्रबंधन और निगरानी इकाइयों को नसीहत देते हुए कहा कि वे इस तरह के फर्जीवाड़े का पता लगाने के लिए अपना काम पूरी तत्परता से करें। एक मीडिया समूह की ओर से आयोजित ग्लोबल बिजनेस समिट में पीएम ने कहा, सरकार वित्तीय गड़बड़ियां करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है। हम उनके खिलाफ कठोर कदम उठाते रहेंगे।
उन्होंने कहा, मैं उन लोगों से अपील करना चाहता हूं, जिन्हें नियम और नीतियां बनाने का काम सौंपा गया है। उन्हें नैतिकता बनाए रखने के लिए अपने काम को पूरी लगन और समर्पण के साथ करना चाहिए। पीएम ने साथ ही कहा कि इसका पालन उन लोगों को जरूर करना चाहिए जिन पर पर्यवेक्षण एवं निगरानी की जिम्मेदारी है।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा 'बीते तीन-चार सालों में भारत ने आर्थिक विकास को मजबूत किया है। इंटरनेशनल मॉनिटरी फंड (आईएमएफ) के मुताबिक, 2013 के अंत में भारत की ग्लोबल जीडीपी 2.4 फीसदी थी जबकि आज चार साल बाद यह 3.1 फीसदी हो गई है।' गौरतलब है कि 114 अरब रुपये के पीएनबी घोटाले में कारोबारी नीरव मोदी देश छोड़कर भाग चुका हैं।
प्रधानमंत्री की चुप्पी पर राहुल गांधी ने साधा था निशाना
देश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रधानमंत्री द्वारा चुप्पी साधने पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जोरदार हमला बोला था। राहुल ने रेडियो पर प्रसारित होने वाले पीएम को चर्चित प्रोग्राम 'मन की बात' में नीरव मोदी और राफेल डील पर बोलने का सुझाव दे चुके हैं।
राहुल गांधी ने बीते दिनों ट्वीट किया था कि 'मोदी जी आप अपने प्रोग्राम के लिए विषयों का सुझाव क्यों मांगते हैं जबकि आपको पता है कि पूरा देश आपसे किन मुद्दों पर जवाब चाहता है। जबकि पिछले महीने मैंने आपको जो मुद्दे बताए थे उनपर कोई चर्चा नहीं हुई।'
बता दें कि इस महीने की 25 तारीख को होने वाली मन की बात कार्यक्रम के लिए प्रधानमंत्री ने जनता से सुझाव मांगे हैं। राहुल इससे पहले कई बार इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी की चुप्पी पर तंज कसते रहे हैं। वहीं राफेल डील पर बीते दिनों राहुल ने ट्वीटर पर कविता के जरिए कहा था कि 'आखिर प्रधानमंत्री राफेल डील पर कब चुप्पी तोड़ेंगे, अपनी नाकामियों और देश के मुद्दों पर कब बोलेंगे?
बता दें कि राहुल गांधी ने राफेड डील को घोटाला करार दिया है। उन्होंने डील पर सवाल उठाते हुए कहा है कि पूरा देश जानता है कि प्रधानमंत्री मोदी व्यक्तिगत रूप से पेरिस गए थे। उन्होंने इस सौदे को बदल दिया है।