Afghanistan Earthquake: भूंकप के बाद अकेली बची बच्ची की तस्वीर हो रही वायरल, यूजर्स दे रहे भावुक कर देने वाली प्रतिक्रिया
भूकंप के बाद अफगानिस्तान की एक बच्ची की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक,कहा जा रहा है कि बुधवार को आए भूकंप के बाद यह बच्ची अपने परिवार की आखिरी जीवित सदस्य है।
विस्तार
अफगानिस्तान में बुधवार को आए भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। यहां 6.1 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके बाद चारों तरफ बर्बादी और तबाही का ही आलम दिखाई दिया। अफगानिस्तान में 1000 से ज्यादा लोगों की मौत हुई हैं, वहीं हजारों लोग घायल बताए जा रहे हैं। अफगानिस्तान में भूकंप से हुई जानमाल की क्षति और तबाही पर वैश्विक समुदाय ने दुख व्यक्त किया है। इस बीच अफगानिस्तान की एक बच्ची की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक,कहा जा रहा है कि बुधवार को आए भूकंप के बाद यह बच्ची अपने परिवार की आखिरी जीवित सदस्य है। बच्ची की फोटो में उसके चेहरे पर मिट्टी लगी दिख रही है। इसके अलावा बैकग्राउंड में भूकंप के कारण क्षतिग्रस्त घर दिख रहा है।
इस फोटो को वहां के एक पत्रकार ने ट्वीटर पर पोस्ट किया है। जिसमें फोटो के साथ उन्होंने लिखा कि ' यह बच्ची संभवत: अपने परिवार की बची शायद इकलौती जीवित सदस्य है। स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने बच्ची के परिवार के जिंदा सदस्यों को खोजने की कोशिश की, यह बच्ची तीन साल की लग रही है।' उनके ट्वीट पर ट्विटर यूजर्स भावुक करने वाली प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
भारत ने भेजी राहत सामग्री
अफगानिस्तान के लोगों के लिए भारत की भूकंप राहत सहायता की पहली खेप काबुल पहुंच गई है। विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी। विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारतीय टीम ने वहां राहत सामग्री की पहली खेप सौंपी। मंत्रालय ने ये भी बताया कि दूसरी खेप भी जल्द भेजी जाएगी।
पीएम मोदी ने जताया था दुख
इससे एक दिन पहले पीएम मोदी ने भूकंप से हुई मौतों पर दुख जताया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्वीट में कहा, 'अफगानिस्तान में आज विनाशकारी भूकंप की खबर से गहरा दुख हुआ। कीमती जानों के नुकसान पर मेरी गहरी संवेदना है।' पीएम मोदी ने दूसरे ट्वीट में कहा, 'भारत मुश्किल समय में अफगानिस्तान के लोगों के साथ खड़ा है और जल्द से जल्द हर संभव आपदा राहत सामग्री उपलब्ध कराने के लिए तैयार है।'
अफगानिस्तान : मृतक संख्या 1100 पार, 30 पाकिस्तानी कबाइली भी मरे
अफगानिस्तान में भूकंप से मरने वालों की संख्या बृहस्पतिवार को बढ़कर 1,100 से ज्यादा हो गई है जबकि घायलों की संख्या 1,650 से अधिक है। उधर, इस भूकंप में पाकिस्तान के कम से कम 30 कबाइली मारे गए हैं। ये कबाइली 2014 में एक सैन्य अभियान के दौरान विस्थापित हुए थे और सीमा पार कर पड़ोसी मुल्क भाग गए थे।
डॉन के मुताबिक, भूकंप में जान गंवाने पाकिस्तानी नागरिक उत्तरी वजीरिस्तान के मदाखेल कबीले से ताल्लुक रखते थे। इन 30 कबायली लोगों के शवों को उनके मूल स्थान पर पहुंचाया जाएगा, जिसके लिए पाकिस्तानी अधिकारियों ने अलवर मंडी में पाक-अफगान सरहद को अस्थायी तौर पर खोल दिया है।
जबकि घायलों को हवाई मार्ग से क्षेत्र में स्थापित किए जा रहे विशेष चिकित्सा शिविरों में पहुंचाया जाएगा। रेडियो पाकिस्तान ने कहा, आठ ट्रकों के जरिये टेंट, तिरपाल व जरूरी दवाओं की खेप काबुल भेजी गई है। उधर, पक्तिका प्रांत के सूचना विभाग प्रमुख अमीन हुजैफा ने कहा कि पीड़ितों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने जताया दुख
अफगानिस्तान में विनाशकारी भूकंप में लोगों की मौत पर अफसोस जताते हुए संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरस ने पीड़ित परिवारों की मदद के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से एकजुटता का आह्वान किया। उन्होंने कहा, यह एकजुटता का समय है।