08:13 PM, 23-Sep-2020
लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने के लिए सभी सांसदो का धन्यवाद किया। ओम बिड़ला ने सदन की कार्यवाही का ब्योरा सदन के सामने रखा। उन्होंने बताया कि वर्तमान सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण विधेयक पारित हुए और कई विधेयकों में संशोधन किया गया। साथ ही कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।उन्होंने बताया कि सदन में शून्यकाल के दौरान सांसदों ने 370 लोक महत्व के मुद्दे उठाए। ओम बिड़ला ने कहा कि सदन के संचालन में सहयोग के लिए मैं माननीय प्रधानमंत्री, संसदीय कार्यमंत्री, लोकसभा और राज्यसभा के सभी सांसदों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की।
08:12 PM, 23-Sep-2020
महापत्तन प्राधिकरण विधेयक, 2020 लोकसभा में पारित
महापत्तन प्राधिकरण विधेयक, 2020 लोकसभा में ध्वनीमत से पारित कर दिया गया।
08:06 PM, 23-Sep-2020
लोकसभा में पहुंचे पीएम मोदी
महापत्तन प्राधिकरण विधेयक, 2020 पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदन में पहुंचे।
08:00 PM, 23-Sep-2020
यह बिल मुख्य रूप से पोर्ट सेक्टर में बदलाव के लिए लाया गया है- मंत्री
केंद्रीय पोत परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मनसुख एल मांडविया ने विधेयक के बारे में बताते हुए कहा कि यह बिल मुख्य रूप से में पोर्ट सेक्टर में बदलाव के लिए लाया गया है। समय के साथ बदलाव होना आवश्यक है। इस बिल के पास होने से पोर्ट का महत्व देश के विकास में बढ़ेगा। आज मेजर पोर्ट के साथ-साथ प्राइवेट पोर्ट भी आ गए हैं इससे कंपटीशन बढ़ गया है। इस बिल से पोर्ट को अपने फैसले खुद करने में सहयोग मिलेगा।
07:49 PM, 23-Sep-2020
नालंदा से जेडीयू सांसद कौशलेंद्र कुमार ने बिल का समर्थन किया
नालंदा से जेडीयू सांसद कौशलेंद्र कुमार ने महापत्तन प्राधिकरण विधेयक, 2020 का सर्मथन किया। उन्होंने पारादीप पोर्ट का नाम बीजू बाबू पोर्ट रखने की मांग का भी समर्थन किया।
07:46 PM, 23-Sep-2020
पारादीप पोर्ट का नाम बदलने की मांग
बीजेडी सांसद अनुभव मोहंती ने ओडिशा राज्य के जगतसिंहपुर में स्थित पारादीप बंदरगाह का नाम बीजू बाबू पोर्ट रखने की मांग की।
07:39 PM, 23-Sep-2020
'भावनगर में दो हजार की लागत से पोर्ट का निर्माण'
भावनगर से भाजपा सांसद भारतीबेन धीरूभाई शियाल ने लोकसभा में कहा कि गुजरात के भावनगर में दो हजार करोड़ रुपये की लागत से एक पोर्ट बनाया जा रहा है। इस पोर्ट के शुरू होने से कई लोगों को रोजगार मिलेगा।
07:30 PM, 23-Sep-2020
लोकसभा में महापत्तन प्राधिकरण विधेयक, 2020 पेश
केंद्रीय पोत परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मनसुख एल मांडविया ने लोकसभा में महापत्तन प्राधिकरण विधेयक, 2020 पेश किया। इस बिल पर चर्चा हो रही है।
07:23 PM, 23-Sep-2020
'सदन की व्यवस्था सुचारू रूप से चलाने के लिए धन्यवाद'
संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि सदन की व्यवस्था सुचारू रूप से चलाने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि 'आप सभी को सांसदो को मौका देकर 'जीरो आवर का हीरो' बन गए हैं। पहले हमें लोक महत्व के मुद्दों को उठाने के लिए बड़ी मुश्किल से 'जीरो आवर' मिलता था।'
07:20 PM, 23-Sep-2020
नोएडा में सेंट्रल यूनिवर्सिटी की मांग
गौतमबुद्ध नगर से भाजपा सांसद महेश शर्मा ने नोएडा में केंद्रीय विश्वविद्यालय की संख्या बढ़ाने की मांग रखी।