Operation Sindoor: दिन में भारत बोला- आतंक बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, शाम को पाकिस्तान ने लगाई सीजफायर की गुहार
India Pakistan Tension Todays 5 Top Developments: 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने 7 मई को पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करने के लिए 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया। इससे बौखलाए पाकिस्तान ने भारत पर हमला बोलकर सैन्य ठिकानों समेत नागरिक इलाकों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भारत ने हर साजिशों का मुंहतोड़ जवाब दिया। शाम होते-होते दोनों देशों के बीच सीजफायर का एलान कर दिया गया। ऐसे में हम आपके लिए लाए आज के पांच बड़े घटनाक्रम, जो आपको पता होने चाहिए...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिन से जारी संघर्ष आज थम गया। पाकिस्तान की अपील के बाद भारत ने अपनी शर्तों पर संघर्ष विराम पर सहमति जताई। 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़ा तनाव अपने चरम पर था। पाकिस्तान एक के बाद एक नए-नए पैंतरों से भारत को गीदड़भभकी दे रहा था और उसे उकसाने की कोशिश कर रहा था। भारत भी उस पर संयमित तरीके से जवाबी कार्रवाई कर रहा था। पूरे दिन एक के बाद एक कई घटनाक्रम सामने आ रहे हैं, सोशल मीडिया पर फर्जी खबरों का अंबार लगा। हालांकि, शाम करीब छह बजे दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम का एलान कर दिया गया। ऐसे में हम आपके लिए लाए हैं आज के वो पांच बड़े घटनाक्रम जो आपके लिए जानना जरूरी है...
1. भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम लागू
भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार शाम को संघर्ष विराम हो गया है। भारतीय सेना की ओर से दिए जा रहे मुंहतोड़ जवाब के चलते बैकफुट आए पाकिस्तान की पहल पर भारत संघर्ष विराम के लिए राजी हुआ है। दोनों देशों के बीच हुए संघर्ष विराम की पुष्टि विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने की है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, 'पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक (डीजीएमओ) ने आज दोपहर 3:35 बजे भारतीय डीजीएमओ को फोन किया। उनके बीच यह सहमति बनी कि दोनों पक्ष भारतीय मानक समयानुसार 1700 बजे से ज़मीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे। आज दोनों पक्षों को इस सहमति को लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। सैन्य संचालन महानिदेशक 12 मई को 1200 बजे फिर से बात करेंगे।'
2. भविष्य में किसी भी आतंकवादी कृत्य को 'युद्ध की कार्रवाई' मानेगा भारत
पाकिस्तान के साथ लगातार बढ़ रहे तनाव के बीच भारत सरकार ने बड़ा फैसला लिया। सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया गया कि देश में भविष्य में किसी भी आतंकवादी कृत्य को भारत के खिलाफ युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा। भारत सरकार ने निर्णय लिया है कि भावी आतंकी वारदातों को युद्ध छेड़ने का प्रयास मानते हुए उसी के अनुसार जवाब दिया जाएगा।
3. पाकिस्तान के नापाक इरादे नाकाम
नियंत्रण रेखा पर भी ड्रोन के जरिए घुसपैठ की कोशिश की और भारी तोपों से गोलाबारी की। अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर श्रीनगर से नलिया तक 26 से ज्यादा स्थानों पर हवाई घुसपैठ के प्रयास किए गए। फिर भी उधमपुर, पठानकोट, आदमपुर, भुज और बठिंडा जैसे स्टेशनों पर उपकरण और लोगों को हानि पहुंचाने का प्रयास किया। श्रीनगर, अवंतीपुरा और उधमपुर के वायुसेना अड्डों पर स्थित चिकित्सा केंद्रों और स्कूल परिसरों को निशाना भी बनाया। इससे रिहाइशी इलाकों पर हमला करने की उसकी गैर-जिम्मेदाराना प्रवृत्ति फिर उजागर हुई।
4. भारतीय सशस्त्र बलों का पलटवार
पाकिस्तान के दुस्साहसों को भारतीय सशस्त्र बलों ने सफलतापूर्वक निष्क्रिय किया है। हमने त्वरित और सुनियोजित जवाबी हमले किए हैं। तकनीकी प्रतिष्ठान, कमांड और कंट्रोल केंद्र, रडार साइट्स और हथियार भंडारों को चुनकर निशाना बनाया गया। रफीकी, मुरीद, चकलाला, रहमयार खान, सुक्कूर और चुनियांन स्थित पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों पर एयर लॉन्चिंग सटीक हथियारों और लड़ाकू जेट से प्रहार किए गए। पसरुर रडार साइट और सियालकोट स्थित एविएशन बेस को टारगेट किया गया। जैकबाबाद, सरगोधा, स्कर्दू और भोलारी पर भी निशाना लगाया गया। इस कार्रवाई के दौरान ने कम से कम कोलेट्र्ल डैमेज की क्षति सुनिश्चित की।
5. पाकिस्तान में भारत ने पांच खूंखार आतंकियों को मिट्टी में मिलाया
भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में स्थित नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। अब खबर आ रही है कि इसमें भारतीय सशस्त्र बलों ने पांच खूंखार आतंकियों को ढेर कर दिया था। जिन आतंकियों की सूची समने आई है, उसमें मसूद अजहर का बहनोई और उसके बीवी का भाई भी शामिल है। वह आईसी-814 अपहरण मामले में वांछित था।