फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Operation April 14 of Punjab Police against Amritpal Singh arrest

Amritpal Singh: अमृतपाल के खिलाफ पंजाब पुलिस का 'ऑपरेशन 14 अप्रैल'! श्रद्धालु के भेष में भाग सकता है पाकिस्तान

Fri, 07 Apr 2023 05:01 PM IST
Ashish Tiwari आशीष तिवारी
Updated Fri, 07 Apr 2023 05:01 PM IST
विज्ञापन
सार
Amritpal Singh: अमृतपाल को पकड़ने के लिए पंजाब पुलिस सिर्फ पंजाब ही नहीं, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार दबिश दे रही है। सूत्रों के मुताबिक पंजाब में जिस तरीके की तैयारियां पंजाब पुलिस की ओर से की गई हैं, उससे इस बात का अंदाजा लगाया जा रहा है कि आने वाले दिनों के भीतर कुछ बड़ा हो सकता है...
loader
Operation April 14 of Punjab Police against Amritpal Singh arrest
Amritpal Singh: अमृतपाल सिंह की पपलप्रीत सिंह के साथ - फोटो : अमर उजाला (फाइल फोटो)

विस्तार

खालिस्तान की मांग करने वाले कट्टरपंथी अमृतपाल को पकड़ने के लिए पंजाब पुलिस ने अपना पहरा बढ़ा दिया है। पंजाब पुलिस के सूत्रों के मुताबिक अमृतपाल की गिरफ्तारी बहुत जल्द होगी। पंजाब में किसी तरीके की स्थिति बेकाबू ना हो, इसके लिए बाकायदा पंजाब में पुलिसकर्मियों की छुट्टियों को भी रद्द कर दिया गया है। 14 अप्रैल तक पुलिस की छुट्टियों के रद्द किए जाने से अनुमान लगाया जा रहा है कि पंजाब पुलिस 'ऑपरेशन 14 अप्रैल' को अमृतपाल की हर हाल में गिरफ्तारी कर लेगी। सूत्रों के मुताबिक यह गिरफ्तारी पाकिस्तान जा रहे श्रद्धालुओं के उस दस्ते के दौरान भी हो सकती है, जिसमें अमृतपाल भी भेष बदलकर पाकिस्तान जाने की फिराक में लगा हुआ है। फिलहाल अमृतपाल की गिरफ्तारी के मामले में गृह मंत्रालय भी पंजाब पुलिस से लगातार संपर्क में है।

अमृतपाल की योजना पंजाब से पाकिस्तान भागने की

अमृतपाल को पकड़ने के लिए पंजाब पुलिस सिर्फ पंजाब ही नहीं, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार दबिश दे रही है। सूत्रों के मुताबिक पंजाब में जिस तरीके की तैयारियां पंजाब पुलिस की ओर से की गई हैं, उससे इस बात का अंदाजा लगाया जा रहा है कि आने वाले दिनों के भीतर कुछ बड़ा हो सकता है। हालांकि क्या बड़ा होगा इसको लेकर पंजाब पुलिस के अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि अगले कुछ दिनों के भीतर वारिस पंजाब दे का मुखिया अमृतपाल सलाखों के पीछे होगा। पंजाब की खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी के मुताबिक अमृतपाल की योजना पंजाब से पाकिस्तान भागने की है। अनुमान यही लगाया जा रहा है कि वह एक हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं के जत्थे की आड़ में पाकिस्तान की ओर रुख कर सकता है। पंजाब पुलिस और केंद्र की खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी के मुताबिक अमृतपाल भेष बदल कर श्रद्धालुओं के दस्ते में शामिल होकर पाकिस्तान जाने की फिराक में लगा हुआ है। इस दौरान अमृतपाल का आईएसआई के साथ संपर्क भी बना है।

यह भी पढ़ें: तलवंडी साबो में सरेंडर करेगा अमृतपाल! पंजाब पुलिस तैयार, 14 अप्रैल तक कर्मियों की छुट्टियां रद्द

खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पंजाब पुलिस ने अपनी तैयारियां भी कर ली हैं। पाकिस्तान से सटे हुए पंजाब के बॉर्डर वाले जिलों में पुलिस और खुफिया एजेंसियों समेत तमाम अन्य जिम्मेदार एजेंसियों की एक्टिविटी तेज हो गई है। पंजाब पुलिस से जुड़े हुए वरिष्ठ अधिकारी बताते हैं कि अमृतपाल की गिरफ्तारी के लिए बॉर्डर इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है। वहीं पंजाब के बठिंडा में दमदमा साहिब में आज एक विशेष सभा बुलाई गई है। चर्चाएं यही हैं कि इस विशेष सभा में अमृतपाल आज सरेंडर कर देगा। हालांकि इसकी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है। लेकिन खुफिया एजेंसियों से लेकर जिम्मेदार जांच एजेंसियां और पुलिस मुस्तैद है।

14 अप्रैल तक पुलिस की छुट्टियां रद्द

पंजाब पुलिस से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी बताते हैं कि 14 अप्रैल तक पुलिस की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। छुट्टियां रद्द किए जाने के पीछे उनका तर्क है कि किसी भी तरीके के माहौल में पंजाब में कोई कानून व्यवस्था न बिगड़े। इसलिए ऐसा किया गया है। पुलिस के उक्त अधिकारी का दावा है कि बहुत जल्द ही अमृतपाल की गिरफ्तारी हो जाएगी। पंजाब का कट्टरपंथी अमृतपाल पिछले तीन हफ्ते से फरार है। अमृतपाल की फरारी के बाद से उसके 207 सहयोगियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जबकि देश के अलग-अलग राज्यों में पंजाब पुलिस और खुफिया एजेंसियों की टीम लगातार सक्रिय है। हालांकि यह बात अलग है कि अब तक पंजाब पुलिस को इसमें बिल्कुल सफलता नहीं मिली है।

यह भी पढ़ें: Punjab News: काम नहीं आई अमृतपाल की अपील, सरबत खालसा बुलाने की संभावना खत्म, गुरमति कार्यक्रम का एलान

पंजाब पुलिस के 'ऑपरेशन अमृतपाल' के दौरान उसको भगोड़ा घोषित किया गया है। अमृतपाल की लोकेशन को लेकर पंजाब पुलिस ने चंडीगढ़ से लेकर उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और नेपाल बॉर्डर के अलावा दिल्ली, मध्य प्रदेश राजस्थान, महाराष्ट्र और नॉर्थ ईस्ट के दो राज्यों में दबिश भी दी है।

सूत्रों के मुताबिक अमृतपाल को पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप की टीमें तैयार की जा चुकी हैं। इन टीमों को लीड करने के लिए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को जिम्मेदारियां दी गई हैं। ये टीमें बॉर्डर इलाकों पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। और इसकी पूरी जानकारी पंजाब पुलिस के अधिकारियों को दी जा रही है। पंजाब पुलिस के अधिकारियों की छुट्टियां रद्द करके और जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की पहले से छुट्टियां मंजूर थीं, उन्हें भी रद्द करके कानून व्यवस्था के लिहाज से पंजाब में चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक अगले कुछ दिन पंजाब के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। अमृतपाल की गिरफ्तारी के साथ पंजाब में कानून व्यवस्था बिगड़ने का खतरा हो सकता है। इसलिए पुलिस ने पहले से ही अपनी तैयारियां और बंदोबस्त कर लिए हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed