मोदी 2.0 में भाजपा ने हासिल किए कई मुकाम, लेकिन कोरोना ने बढ़ाई चुनौतियां
- अनुच्छेद 370, राम मंदिर का वादा हुआ पूरा, तीन तलाक से मुस्लिम बहनों के आंसू पोंछे
- वैश्विक महामारी कोरोना से जंग में भी सरकार ने संभाला मोर्चा, भारत ने की दुनिया की मदद
विस्तार
मोदी 2.0 सरकार पहले साल में हिंदुत्व के एजेंडे पर अपना परचम लहराने में कामयाब रही। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना और राम मंदिर पर आया ऐतिहासिक फैसला भाजपा की मूल विचारधारा की बड़ी जीत रही। हालांकि इस पहले साल के अंत में कोविड-19 ने कड़ी चुनौती जरूरी दी लेकिन सरकार ने भी इसके खिलाफ जंग में मोर्चा संभाल रखा है। पीएम मोदी की दूसरी बार बनी सरकार का एक साल 30 मई को पूरा हो रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर भरोसा जताते हुए 2019 आम चुनाव में जनता ने प्रचंड बहुमत दिया था। मोदी सरकार इस भरोसे पर खरी उतरी और हिंदुत्व के कोर एजेंडे पर तेजी से काम किया। नतीजा जम्मू-कश्मीर के केंद्र शासित राज्य में बदलने और राम मंदिर निर्माण का श्रीगणेश होने के रूप में बड़ी उपलब्धि के तौर पर साफ है।
हालांकि दूसरे कार्यकाल के पहले साल में पीएम मोदी के सामने कोरोना वायरस की बड़ी चुनौती सामने है। लेकिन अपने ही अंदाज में मोदी सरकार इससे भी मोर्चा ले रही है। न सिर्फ देश के भीतर ही बल्कि दुनिया भर में देशों को मदद मुहैया कराकर भारत एक बार फिर विश्व गुरु की भूमिका में है।
तीन तलाक पर भी मिली फतह
पीएम मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार को घोषणा पत्र में तीन तलाक खत्म करने के वादे पर भी फतह हासिल हुई। देश की सर्वोच्च अदालत ने तीन तलाक को अपराध घोषित किया और मोदी सरकार का मुस्लिम बहनों से किया वादा भी पूरा हुआ। इसके अलावा संसद के दोनों सदनों मे नागरिकता संशोधन कानून का पारित होना भी बड़ी उपलब्धि रही।
वादे पूरे करने में बीता पहला साल
भाजपा उपाध्यक्ष विनय सहस्रबुद्धे ने कहा कि मोदी 2.0 का पहला साल वादे पूरे करने में बीता। यह हमारे तीन ‘सी’, कनविक्शन-दृणविश्वास, करेज-साहस और कमिटमेंट-प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस साल हमने जनकल्याण योजनाओं को लागू करने में तेजी से काम किया।
कोरोना को भी देंगे मात
सहस्रबुद्धे ने मौजूदा कोविड-19 की चुनौती पर कहा, हम कोरोना को भी मात देेंगे। सरकार ने अबतक इसकी रोकथाम के लिए बेहद शानदार काम किया है। ‘आत्मनिर्भर भारत’ मोदी सरकार की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की पहल है। कोरोना संकट में यह अंत्योदय का मंत्र है। सरकार का लक्ष्य अब चुनौती को अवसर में बदलना है और यह इसका चौथा ‘सी’- कंवर्जन होगा। मोदी 2.0 की पहली वर्षगांठ का जश्न भी कोविड-19 को परास्त करने की ओर समर्पित होगा।