G20: जी-20 शिखर सम्मेलन में एक महीना शेष, तैयारियां जोरों पर, पीएम के मुख्य सचिव ने व्यवस्थाओं को लेकर की बैठक
भारत में जी20 शिखर सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर हैं, केंद्र सरकार किसी भी तरह की ढिलाई इस आयोजन में बरतना नहीं चाहती है। प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पी के मिश्रा ने मंगलवार को जी20 शिखर सम्मेलन से जुड़ी तैयारियों को लेकर बैठक की
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत में जी20 शिखर सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर हैं, केंद्र सरकार किसी भी तरह की ढिलाई इस आयोजन में बरतना नहीं चाहती है। प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पी के मिश्रा ने मंगलवार को जी20 शिखर सम्मेलन से जुड़ी तैयारियों को लेकर बैठक की और उन्होंने व्यवस्थाओं को लेकर जायजा भी लिया। जी-20 शिखर सम्मेलन में अब सिर्फ एक महीना शेष है। पीएम मोदी भी जी-20 शिखर सम्मेलन पर अपनी नजर बनाए हुए हैं।
तैयारियों की प्रगति पर चर्चा की गई
प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पी के मिश्रा ने प्रगति मैदान में भारत मंडपम में भारत की जी20 अध्यक्षता पर समन्वय समिति की सातवीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में शिखर सम्मेलन की तैयारियों के साथ-साथ तार्किक पहलुओं और प्रगति पर चर्चा की गई। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि शेरपा और वित्त ट्रैक दोनों पर परिणामों की समीक्षा की गई। इस संबंध में शेरपा (जी20), सचिव (आर्थिक मामलों के विभाग) और सचिव (सूचना और प्रसारण) द्वारा प्रस्तुतियां दी गईं।
185 बैठकें आयोजित की गई
प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि इस बैठक में भारतीय अध्यक्षता की प्राथमिकताओं पर चर्चा की गई, जिनमें हरित विकास, सतत विकास लक्ष्यों को तेज करना, मजबूत सतत संतुलन और समावेशी वृद्धि, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, लैंगिग समानता और बहुपक्षीय संस्थानों में सुधारों को गतिशील बनाना शामिल था। शेरपा (जी-20) अमिताभ कांत ने बताया कि कुल 185 बैठकें आयोजित की गई है, जिनमें 13 बैठकें मंत्रिस्तरीय थीं। देश के सभी राज्यों और संघ राज्य क्षेत्रों को इसके दायरे में रखा गया था। कुल 12 परिणाम दस्तावेजों के अलावा सहमति के साथ 12 योग्य प्रस्तावों को अपना लिया गया है।
सचिव (डीईए) अजय सेठ ने बताया कि वित्त मामलों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिसमें क्रिप्टो संपदा एजेंडा, वित्तीय समावेश, जलवायु वित्त को कार्यशील बनाना तथा सतत विकास लक्ष्यों के लिए वित्त पोषण शामिल हैं। सचिव (सूचना एवं प्रसारण) अपूर्व चंद्रा ने मीडिया के लिए किए जाने वाले बंदोबस्त के बारे में जानकारी दी, जैसे मीडिया सेंटर और मीडिया प्रत्ययन की व्यवस्था।
3200 से अधिक मीडियाकर्मियों ने पंजीकरण कराया
उन्होंने बताया कि अब तक शिखर सम्मेलन के लिए 3200 से अधिक मीडियाकर्मियों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें 1800 विदेशी और 1200 से अधिक भारतीय मीडियाकर्मी हैं। उन्होंने बताया कि विदेशी और भारतीय मीडिया, दोनों की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रमुख सचिव ने परिवहन और सुरक्षा पक्षों से जुड़े पिछले निर्णयों को लागू करने के विषयों की भी समीक्षा की।
गणमान्यों की अगवानी के लिए सुरक्षा इंतजाम पुख्ता होंगे
दिल्ली सरकार और पुलिस आयुक्त (दिल्ली पुलिस) सहित सुरक्षा अधिकारियों ने सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए आने वाले गणमान्यों की अगवानी, यातायात प्रबंधन योजना, हवाई अड्डे और सुरक्षा इंतजाम और दिल्ली एनसीआर में सौन्दर्यीकरण के कामकाज के बारे में बताया। अगले महीने जी-20 राष्ट्राध्यक्षों की अगवानी के संबंध में अब तक की जाने वाली सकारात्मक प्रगति को मद्देनजर रखते हुए प्रमुख सचिव ने सभी संबंधित व्यक्तियों व विभागों को अगले कुछ दिनों के भीतर समस्त व्यवस्था करने का निर्देश दिया, ताकि रिहर्सल शुरू की जा सके।
जी20 भ्रष्टाचार विरोधी कार्य समूह की बैठक में भगोड़ों पर होगी चर्चा
जी20 के भ्रष्टाचार रोधी कार्य समूह की तीसरी और अंतिम बैठक कोलकाता में 9 से 11 अगस्त के बीच होगी। इस बैठक में भगोड़े आर्थिक अपराधियों के प्रत्यर्पण तथा परिसंपत्तियों की बरामदगी जैसे मुद्दे चर्चा के केंद्र में रहेंगे। मंगलवार को एक बयान में यह जानकारी दी गई है। जी 20 सदस्य देशों, 10 आमंत्रित देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के 154 से अधिक प्रतिनिधि भारत की अध्यक्षता में हो रही इस बैठक में हिस्सा लेंगे।
इसके बाद 12 अगस्त को जी20 भ्रष्टाचार विरोधी मंत्रिस्तरीय बैठक होगी, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह करेंगे। भ्रष्टाचार निरोधक कार्य समूह (एसीडब्ल्यूजी) की यह दूसरी मंत्रिस्तरीय बैठक व्यक्तिगत रूप से आयोजित होने वाली पहली बैठक होगी।