ATM और चालू खातों से निकासी सीमा खत्म, बचत खातों से 24 हजार निकासी सीमा रहेगी लागू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम लोगों और छोटे कारोबारियों को राहत देते हुए रिजर्व बैंक ने एटीएम और चालू खातों से निकासी की सीमा खत्म कर दी है। हालांकि बचत खातों से सप्ताह में 24 हजार रुपये निकासी की सीमा लागू रहेगी। इसके बाद अब 1 फरवरी से लोग एटीएम से एक दिन में 24 हजार रुपये तक निकाल सकेंगे।
रिजर्व बैंक ने भरोसा दिलाया है कि वह जल्द ही सप्ताह में 24 हजार रुपये निकासी की सीमा की भी समीक्षा करेगा। आरबीआई ने कहा कि जैसे-जैसे बाजार में नए नोट आते जाएंगे, नोटबंदी से पहले जैसी सामान्य व्यवस्था हो जाएगी। 1 फरवरी से एटीएम से निकासी पर लगी सीमा की पाबंदी हटाने की घोषणा करते हुए आरबीआई ने बैंकों से कहा है कि नोटबंदी से पहले की तरह एटीएम से निकासी की अपनी सीमा तय कर सकते हैं।
इसके अलावा आरबीआई ने चालू खातों, कैश क्रेडिट खातों और ओवरड्राफ्ट खातों से नकदी निकासी पर लगी सभी पाबंदियां तत्काल प्रभाव से हटा ली हैं। आरबीआई ने कहा है कि बैंकों को अपने खाताधारकों को डिजिटल लेनदेन करने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
नकद लेनदेन के बजाय गैर नकदी वाले लेनदेन पर जोर दें। मालूम हो कि 8 नवंबर को 1000 और 500 के पुराने नोट बंद करने के बाद रिजर्व बैंक ने एटीएम और बैंकों से कैश निकासी की सीमा तय कर दी थी।
उम्मीदवारों से चालू खाता खुलवाने को कह सकता है आयोग
रिजर्व बैंक की ओर से चालू खातों पर निकासी सीमा खत्म किए जाने के बाद अब चुनाव आयोग पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव उम्मीदवारों से चालू खाता खुलवाने के लिए कह सकता है। मालूम हो कि उम्मीदवारों को हर सप्ताह खाते से दो लाख रुपये निकालने की छूट देने का चुनाव आयोग का आग्रह आरबीआई ने खारिज कर दिया था।
सूत्रों का कहना है कि अब चुनाव आयोग सभी उम्मीदवारों से चालू खाते खोलने के लिए कह सकता है, ताकि वह चुनाव में होने वाले खर्च की जरूरतें पूरी कर सकें। मालूम हो कि उम्मीदवारों को एक चुनाव खाता खोलना होता है, जिससे होने वाले खर्च चुनाव आयोग नजर रखता है।
चुनाव खाता किस तरह का हो, इसके लिए कोई तय मानक नहीं है, ऐसे में ज्यादातर प्रत्याशी बचत खाता ही खोलते हैं। लेकिन इस बार निकासी सीमा तय होने से प्रत्याशी महीने में सिर्फ 24 हजार रुपये ही निकाल पा रहे हैं। इसलिए अब चुनाव आयोग उनसे चालू खाते खुलवाने को कह सकता है।