फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   City & states ›   Non-performers disrupt others: Shivraj singh chauhan

पांच साल काम नहीं करने वाले बीच में मचाते हैं उछलकूद : शिवराज सिंह चौहान

Sun, 12 Feb 2017 10:13 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, नई दिल्ली
टीम डिजिटल/अमर उजाला, नई दिल्ली Updated Sun, 12 Feb 2017 10:13 PM IST
विज्ञापन
Non-performers disrupt others: Shivraj singh chauhan
शिवराज सिंह चौहान
शिवराज सिंह चौहान मध्य प्रदेश में जम गए हैं, थम गए हैं। अगले साल राज्य में चुनाव प्रस्तावित हैं। राज्य के बच्चों के मामा मुख्यमंत्री जनता से जुड़ने के हर तरीके अपना रहे हैं। अमरकंटक से निकली नर्मदा सेवा यात्रा उनका सबसे बड़ा अभियान है। इसको लेकर राजनीतिक हित साधने का आरोप लगाकर विपक्ष भी सीएम पर हमलावर है। इससे जुड़े तमाम मुद्दों पर सीएम शिवराज ने शशिधर पाठक से विस्तार से चर्चा की। पेश है बातचीत के अंश.....
विज्ञापन


 प्रश्न: आखिर ऐसी कौन सी जड़ी बूटी है, जो आप रिझाने के लिए जनता में बांट देते हैं?
जवाब: ऐसा कुछ नहीं है। जो है जनता की सेवा है। उसे करते हैं और लगातार जन कल्याण, जन विकास के काम से जुड़े रहते हैं। मानव जीवन को सफल बनाना है तो लगता है कि और अच्छा करो...बस।
विज्ञापन


प्रश्न: आप राज्य के बच्चों के मामा भी हैं?
उत्तर: हां, अब तो बच्चों के साथ-साथ बूढ़े बुजुर्ग भी मामा कहने लगे हैं। जिधर जाओ, लोगबाग और बच्चे मामा-मामा बुलाते हैं।

 प्रश्न: नर्मदा सेवा यात्रा चल रही है?
जवाब: हां, पिछले साल मई में नर्मदा नदी पर बनने वाले पुल के उद्घाटन के लिए डिडोरी जिले में गया था। वहीं विचार मन में आया और संकल्प लेकर नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक से सेवा यात्रा शुरू की गई है। दरअसल, नर्मदा के बगैर मप्र की कल्पना नहीं की जा सकती। यह वैसे भी ग्लेशियर से निकली नदी तो है नहीं। पेड़ वर्षा का जल अवशोषित करके छोड़ते हैं और उस पानी से नर्मदा मईया प्रदेश के लोगों की प्यास बुझाती हैं। बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई होने से नर्मदा में पानी का स्तर घट रहा था, इसलिए इस अभियान को शुरू किया गया है। इसमें पौधरोपण के साथ-साथ तमाम अभियान शामिल हैं। यह अब तक सबसे बड़ा सामाजिक अभियान है। नर्मदा सेवा यात्रा के माध्यम से सरकार न केवल नर्मदा नदी का विकास कर रही है, बल्कि आम लोगों के सहयोग से कई संकल्प ले रही है। पर्यावरण-प्रदूषण, नदी स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आने वाले समय में नर्मदा में घरों का दूषित जल नहीं गिरेगा। सरकार इस गंदे पानी को ट्रीटमेंट प्लांट में शोधन कराकर उसे किसानों को सिंचाई के लिए उपलब्ध कराएगी। पूरी नर्मदा नदी के किनारे फलदार वृक्ष लगेंगे। नर्मदा के घाटों और ओंकारेश्वर मंदिर का जीर्णोद्धार होगा। इसी अभियान से नशा मुक्ति अभियान, बेटी बचाओ , हर गांव में बेटा-बेटी को पढ़ाने की योजना का संकल्प लिया है। ओंकारेश्वर, ममलेश्वर और ब्रह्मपुरी, विष्णुपुरी के तीनों मंदिरों को जोड़ने, ओंकारेश्वर में जगद्गुरु शंकराचार्य की धातु की प्रतिमा, उनकी गुफा का पुनरुद्धार, संग्रहालय बनाने, पाठ्यपुस्तकों में जगद्गुरु पर पाठ पढ़ाने, संत समाज के मार्गदर्शन में वेदांत संस्थान आदि की स्थापना का निर्णय लिया गया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


प्रश्न: क्या माना जाए कि नर्मदा यात्रा के माध्यम से शिवराज सिंह गांव-गांव और लोगों से जुड़ना चाह रहे हैं? 
उत्तर: मैं तो पहले से ही लोगों से जुड़ा हूं। गांव-गांव में लोगों के साथ जुड़े हैं। आप चाहें तो जाकर पता कर लें। 

प्रश्न: कई काम ऐसे हैं जो सरकार के नहीं लगते। जहां धर्म का काम है, वहां भी सरकार? कहीं धर्म राजनीति का माध्यम तो नहीं बन रहा है? 
उत्तर: नर्मदा सेवा यात्रा बहुउद्देश्यीय जरूर है लेकिन इसका यह आशय नहीं है। मेरा मानना है कि सरकार का काम केवल सड़क, बिजली, पानी, अस्पताल बनाना ही नहीं है। सरकार का काम सामाजिक अभियानों को दिशा देना भी है। लोगों में जागरूकता फैलाना और उनके साथ जुड़ना भी है। जब तक सरकार की योजना को लोगों का सहयोग नहीं मिलता तब तक शासन की योजना सफल नहीं हो सकती। इसलिए लोगों के सहयोग से इस यात्रा के उद्देश्य को पूरा करने का संकल्प लिया गया है। मैं इसी सोच के साथ आगे बढ़ रहा हूं। जैसे बेटी बचाओ योजना मैंने मुख्यमंत्री बनने के एक साल बाद ही शुरू कर दी थी। 
 

हमेशा यहां जन कल्याण और विकास के काम चलते रहते हैं:शिवराज सिंह चौहान

Non-performers disrupt others: Shivraj singh chauhan

प्रश्न: क्या इसे चुनाव से जोड़कर देखना गलत है? 
उत्तर: देखिए जो लोग चुनाव-चुनाव करते हैं, ये वो लोग हैं जो पांच साल कोई काम नहीं करते। जब एकाध साल रह जाता है तो भागा दौड़ी करके उछलकूद मचाते हैं। मप्र की स्थिति दूसरी है। यहां हमेशा जन कल्याण और विकास के काम चलते रहते हैं। बीच में कुछ करने की जरूरत नहीं पड़ती।

प्रश्न: अगले साल चौथे टर्म के लिए आप राज्य की जनता के बीच में जाएंगे? 
उत्तर: हमने इतने काम किए हैं कि भाजपा हर चुनाव में हमेशा आगे रहती है। इसलिए चिंता की कोई बात नहीं है। 16 नगर निगमों से लेकर निकाय चुनाव तक में पार्टी का पलड़ा भारी रहता है। 

प्रश्न: केंद्र भी नर्मदा सेवा यात्रा में कुछ आर्थिक सहयोग दे रही है?
उत्तर: इसकी कोई जरूरत ही नहीं है। यात्रा तो लोगों के सहयोग से चल रही है। यात्रा, भोजन, भंडारा मिशन सब लोग आगे बढ़ा रहे हैं। इसलिए यात्रा का कोई बजट नहीं है। 

प्रश्न: लेकिन इसके साथ होने वाले अन्य विकास कार्यों के लिए? 
उत्तर: सरकार ने इसकी रूपरेखा बना रखी है। इसके लिए हमने एक नर्मदा सेवा मिशन बनाया है। फारेस्ट, रेवेन्यू, नर्मदा घाटी विकास, हार्टीकल्चर, कृषि और शहरी विकास विभाग के बजट से इसे पूरा किया जाना है। सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए 15 करोड़ का बजट है, हार्टीकल्चर के बजट से किसानों को फलदार पेड़ लगाने के लिए सब्सिडी मिलेगी। 

प्रश्न: सरकार ने अभियान को कब तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है?
उत्तर: सीवेज ट्रीटमेंट प्लान को कंपनियों के साथ दस साल के रखरखाव की शर्त पर तैयार किया जाएगा। इसे तैयार होने में दो-ढाई साल लग सकता है। प्रतीकात्मक रुप से पौधरोपण शुरू हो चुका है और किसान जुलाई में बारिश होने के बाद इसे तेजी से आगे बढ़ा देंगे। तीन साल में इसके भी हो जाने की उम्मीद है। करीब-करीब हर घर में शौचालय बन गया है। 
प्रश्न: क्या राज्य में शराब बंदी लागू होगी? 
उत्तर: नहीं, हमारा मानना है कि एक दिन में डंडा मारकर नशा मुक्ति नहीं की जा सकती। ऐसा करने पर तमाम अवैध तरीके चलन में आने लगते हैं। इसलिए लोगों के सहयोग और उनकी जागरूकता से इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस साल मार्च में शराब की दुकानों का लाइसेंस देना बंद कर देंगे और नशा मुक्ति के खिलाफ जागरूकता अभियान तेज कर दिया जाएगा। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed