महाराष्ट्र में लॉकडाउन में ढील नहीं, उद्धव ठाकरे ने कहा- जोखिम नहीं उठा सकते
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य में लॉकडाउन में किसी तरह की ढील नहीं दी है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन में छूट देकर जोखिम नहीं उठा सकते। लेकिन ग्रीन जोन में अधिक रियायत दी जाएगी। हालांकि ग्रीन जोन में यथास्थिति बनाए रखना बड़ी चुनौती है फिर भी सरकार ने 50 हजार कंपनियां खोलने की अनुमति दे दी है। ठाकरे ने दावा किया कि जो कंपनियां शुरू हुई हैं उसमें पांच लाख से ज्यादा लोग काम पर लग चुके हैं।
उद्धव ठाकरे ने लॉकडाउन के चौथे चरण को लेकर सोमवार की रात फेसबुक पर लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस को नियंत्रित करने में हम काफी सफल हुए हैं। लेकिन अभी इसकी चेन को तोड़ने की कोशिश जारी है। ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण की तेज गति देखते हुए सूबे में ढाई लाख बेड तैयार किए जा रहे हैं, जहां कोरोना संक्रमितों के इलाज की व्यवस्था की जाएगी।
बता दें कि महाराष्ट्र देश में सर्वाधिक कोरोना संक्रमित राज्य है जहां 33 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। अकेले मुंबई में कोरोना संक्रमितों की संख्या 20 हजार से अधिक हो गई है।
प्रवासी चले गांव, भूमिपुत्रों आत्मनिर्भर हो
महाराष्ट्र से प्रवासी श्रमिकों के पलायन के बीच सूबे में 50 हजार से ज्यादा कंपनियों में काम शुरू हो चुका है। इन कंपनियों में काम करने वाले प्रवासी श्रमिक अपने गांव जा चुके हैं। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने स्थानीय लोगों से खास अपील की कि भूमिपुत्रों आगे आओ और आत्मनिर्भर बनो। उनके आह्वान का संकेत साफ है कि राज्य की जिन नौकरियों में प्रवासी श्रमिक कार्यरत थे उस स्थान पर भूमिपुत्र स्वयं को स्थापित करें।
विदेशी निवेश के लिए आरक्षित है 40 हजार एकड़ जमीन
मुख्यमंत्री ठाकरे ने कहा कि राज्य में विदेशी निवेश के द्वार खुले हैं। सरकार ने सूबे में 40 हजार एकड़ जमीन उद्योग के लिए आरक्षित रखा है। राज्य में पर्यावरण पूरक यानि ग्रीन उद्योग के लिए कोई शर्त नहीं हैं। यदि जमीन नहीं खरीदना चाहते तो सरकार किराये पर भी जमीन देने के लिए तैयार है। हम राज्य में नया उद्योग पर्व शुरू करेंगे।
अब तक पांच लाख प्रवासियों को भेजा गांव
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने प्रवासी श्रमिकों का आह्वान किया कि वे पैदल न जाएं। राज्य सरकार की तरफ से ट्रेनों के अलावा बसों की भी व्यवस्था की गई है। प्रवासी श्रमिकों के लिए सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। ठाकरे ने कहा कि अब तक पांच लाख से अधिक प्रवासियों को बस और ट्रेन के जरिए भेजा जा चुका है।