हिंद-प्रशांत क्षेत्र में कोई भी सैन्य गठबंधन मंजूर नहीं : वियतनाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते दखल का तोड़ निकालने के लिए भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया द्वारा बनाए गए चतुष्कोणीय गठबंधन का वियतनाम समर्थन नहीं करता। भारत में वियतनाम के नवनियुक्त राजदूत फाम सान्ह चाऊ ने बृहस्पतिवार को अपने बयान में इस रुख को स्पष्ट किया।
उन्होंने कहा, वियतनाम हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति व स्थायित्व लाने की किसी भी पहल का स्वागत करता है लेकिन किसी भी सैन्य गठबंधन के विरुद्ध है। चाऊ का बयान ऐसे समय में आया है जब राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद वियतनाम की यात्रा पर जाने वाले हैं।
उन्होंने विवादास्पद दक्षिण चीन सागर में शांति, सुरक्षा, स्थायित्व और नौवहन की आजादी की आवश्यकता पर भी बल दिया और कहा कि उनका देश इसे बड़ी शक्तियों की जोर-आजमाइश के क्षेत्र के रुप में नहीं देखना चाहता।
गिरोहबाजी के पक्ष में नहीं वियतनाम
चाऊ ने कहा, वियतनाम इस क्षेत्र में शांति, सुरक्षा, नौवहन एवं उड़ान की आजादी बनाए रखने की किसी भी पहल का स्वागत करता है। लेकिन हम कोई सैन्य गठबंधन नहीं देखना चाहते क्योंकि हमारा मानना है कि यह इस क्षेत्र के सुरक्षा माहौल के लिए अनुकूल नहीं है।
उनसे पूछा गया था कि क्या वियतनाम इन चारों शक्तियों के बीच में गठबंधन के पक्ष में है। उन्होंने आगे कहा कि यदि कोई देश गिरोहबाजी करना चाहता है, ताकत का इस्तेमाल करना चाहता है या करने का प्रयास करता है तो यह वियतनाम के रुख के विपरीत है।