'खाने की कमी, एक ही शौचालय': लंदन से मुंबई आ रहे यात्री अब भी तुर्किये में फंसे, आपात लैंडिंग के बाद छलका दर्द
2 अप्रैल को लंदन हीथ्रो से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली वर्जिन अटलांटिक फ्लाइट (VS358) को तत्काल चिकित्सकीय कारणों की से तुर्की के दियारबकिर एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर दिया गया। एयरलाइन कंपनी के मुताबिक, आवश्यक तकनीकी मंजूरी मिलने के बाद फ्लाइट आज स्थानीय समयानुसार 12:00 बजे दियारबकिर एयरपोर्ट से मुंबई के लिए उड़ान भरेगी।
विस्तार
लंदन से मुंबई जा रहे वर्जिन अटलांटिक विमान की बीते दिन तुर्किये में आपातकालीन लैंडिंग कराई गई थी। इसके बाद कई भारतीयों समेत 250 से अधिक यात्री तुर्किये के दियारबाकिर हवाई अड्डे पर 30 घंटे से अधिक समय से फंसे हुए हैं। दरअसल, विमान VS358 ने 2 अप्रैल को स्थानीय समयानुसार सुबह 11:40 बजे लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और इसे 3 अप्रैल को सुबह 1:40 बजे मुंबई में उतरना था। हालांकि, विमान ने मेडिकल इमरजेंसी की वजह से स्थानीय समयानुसार शाम 7 बजे दियारबाकिर हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग की। बताया गया कि सफर के दौरान एक यात्री की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिससे उसे तत्काल चिकित्सकीय मदद मुहैया कराने के लिए विमान को तुर्किये की ओर मोड़ना पड़ा।
यह भी पढ़ें- Manoj Kumar Passes Away: दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार का 87 साल की उम्र में निधन; 'भारत कुमार' नाम से थे मशहूर
यात्रा की आपबीती 'एक्स' पर साझा की
हालांकि, वहां फंसे हुए यात्रियों ने अपनी भयावह यात्रा की आपबीती सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा की है। यात्रियों ने भोजन, शौचालय सुविधाओं और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के लिए चार्जिंग पॉइंट की कमी सहित बुनियादी सुविधाओं की कमी उजागर की है। मामले में 'आप' नेता प्रीति शर्मा-मेनन ने 'एक्स' पर मामले को उठाया और सरकार से हस्तक्षेप करने की मांग की। उन्होंने लिखा, '24 घंटे हो गए हैं और एक भी एयरलाइन प्रतिनिधि यात्रियों से नहीं मिला है। उनके पास बमुश्किल ही भोजन है, 275 यात्रियों के बीच एक शौचालय है, फोन की बैटरी खत्म हो रही है, क्योंकि उनके पास तुर्किये के लिए जरूरी एडाप्टर नहीं है। इस परेशानी में बच्चे, गर्भवती महिलाएं, मधुमेह रोगी और बुजुर्ग लोग शामिल हैं।'
वर्जिन अटलांटिक एयरलाइंस की सफाई
वर्जिन अटलांटिक एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा, 'जरूरी कार्रवाई पूरी होने के बाद हम आज 12 बजे विमान को मुंबई के लिए रवाना करने की तैयारी कर रहे हैं। अगर आज मंजूरी नहीं मिलती है तो हम कल अपने ग्राहकों को मुंबई की यात्रा पूरी करने के लिए किसी दूसरे तुर्किये एयरपोर्ट पर ले जाएंगे और वैकल्पिक विमान से आगे रवाना करेंगे। दूसरे एयरपोर्ट के लिए यात्रियों को बस मुहैया कराई जाएगी। इस बीच यात्रियों को तुर्किये में रात भर होटल में ठहरने और जलपान की सुविधा दी जा रही है।'
यह भी पढ़ें- 'भारतीय सिनेमा के प्रतीक, देशभक्ति उनकी फिल्मों में झलकती थी', मनोज कुमार के निधन पर पीएम मोदी
भारतीय दूतावास की मामले पर नजर
तुर्किये में भारतीय दूतावास ने भी मामले पर प्रतिक्रिया दी थी। उनकी ओर से कहा गया कि वह हवाई अड्डे और अन्य अधिकारियों के संपर्क में है। बयान में कहा गया, 'अंकारा स्थित भारतीय दूतावास वर्जिन अटलांटिक एयरलाइंस, दियारबाकिर हवाई अड्डा निदेशालय और तुर्की के विदेश मंत्रालय के साथ लगातार संपर्क में है। मिशन यात्रियों को उचित देखभाल की व्यवस्था कर रहा है। हम इस मामले को शीघ्र सुलझाने और फंसे हुए यात्रियों के लिए मुंबई के लिए वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा कर रहे हैं।'
संबंधित वीडियो
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.