Nitin Gadkari: सीट बेल्ट से बचने के लिए चार मुख्यमंत्री करते थे 'चोरी', गडकरी बोले- मैंने भी तोड़े हैं नियम
केंद्रीय परिवहन मंत्री ने कहा, अगर आप अच्छी सेवा देने के लिए तैयार हैं तो लोग उसके लिए पैसे खर्च करने के लिए भी तैयार हैं। इसलिए हमें सड़क सुरक्षा नियमों को लेकर अपनी मानसिकता को बदलने की जरूरत है।
विस्तार
जाने-माने उद्योगपति और टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की मौत के बाद रोड सेफ्टी फीचर्स को लेकर कई सवाल खड़े हुए हो रहे हैं। मिस्त्री की मौत एक सड़क हादसे में हो गई थी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वह पीछे की सीट पर बैठे थे और उन्होंने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी। इसको लेकर केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का बयान सामने आया है।
एक मीडिया समूह से बात करते हुए गडकरी ने कहा, भारतीयों को रोड सेफ्टी के मामले में मानसिकता को बदलने की जरूरत है। उन्होंने कहा, हमें लगता है कि पीछे की सीट पर सीट बेल्ट की जरूरत नहीं है, लेकिन ऐसा सोचना बिल्कुल गलत है।
मैंने भी जवानी में तोड़े हैं नियम
गडकरी ने कहा, जवानी में मैंने भी बहुत नियम तोड़े हैं, लेकिन तब इसका अहसास नहीं था कि यह कितना खतरनाक है। उन्होंने कहा, कॉलेज के दिनों में चुनाव के टाइम पर वे एक स्कूटर पर चार लोग बैठकर घूमते थे। नंबर प्लेट को हाथ से छिपा लेते थे, जिससे चालान न हो। उन्होंने कहा, हमें अपनी मानसिकता को बदलना होगा और नियमों का पालन करना ही होगा।
जब पकड़ी चार मुख्यमंत्रियों की चोरी
नितिन गडकरी ने कहा, मैं कुछ समय पहले चार मुख्यमंत्रियों की कारों में बैठा था। सभी ने फ्रंट सीट पर सीट बेल्ट वाली जगह पर क्लिप लगाई हुई थी, जिससे चेतावनी अलार्म न बजे। मैंने जब यह देखा तो ड्राइवर को डांटा और क्लिप हटवाई। इसके बाद मैंने इस तरह की क्लिप बनाने पर ही रोक लगवा दी।
क्या भारतीयों की जान की कीमत नहीं है?
केंद्रीय परिवहन मंत्री ने कहा, भारत में कारें बनाने वाली कंपनियां जब विदेशों में एक्सपोर्ट करती हैं तो छह एयरबैग लगाकर देती हैं, लेकिन भारत में वह चार एयरबैग लगाकर बेचती हैं। क्या भारत में लोगों की जान की कीमत नहीं है? उन्होंने कहा, यह भी कहना गलत होगा कि छह एयरबैग से कार की कीमत 50 से 60 हजार रुपये ज्यादा हो जाएगी। उन्होंने कहा, जब बड़ी मात्रा में उत्पादन होता है तो एक एयरबैग की कीमत 900 रुपये के आसपास होती है।
अहमदाबाद-मुंबई हाइवे खतरनाक
अहमदाबाद-मुंबई हाइवे पर साइरस मिस्त्री की मौत के बाद गडकरी ने कहा, यह हाइवे बहुत ही खतरनाक है। यहां, ट्रैफिक पीसीयू 1.20 लाख है, जिसे कम किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा, इसे घटाकर 20 हजार पीसीयू करना है। गडकरी ने कहा, रोड सेफ्टी की दिशा में बहुत से काम हो रहे हैं। हमें सड़क हादसों को कम करने के लिए अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा।