NIA Raid: नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी मामले में एनआईए की कार्रवाई, 22 जगहों पर छापेमारी
मार्च 2021 में तटरक्षक बल ने अरब सागर में विझिंजम तट पर एक श्रीलंकाई नाव को रोका था और गोला-बारूद व नशीले पदार्थ जब्त किए थे। ये मामला उसी से जुड़ा हुआ है ।
विस्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने भारत और श्रीलंका में नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी के एक मामले में तमिलनाडु में कई स्थानों पर तलाशी ली और गैजेट्स और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए। अधिकारियों ने आरोपियों और संदिग्धों के कुल 22 परिसरों की तलाशी ली। अवैध गतिविधियों को तीन आरोपियों ने पाकिस्तान स्थित एक ड्रग और हथियार आपूर्तिकर्ता के साथ मिलकर अंजाम दिया था। एनआईए के एक आधिकारिक बयान में बुधवार को कहा गया, आज (20.07.2022), एनआईए ने सी गुनाशेखरन उर्फ गुना और पुष्पराज उर्फ पोकुट्टी कन्ना द्वारा संचालित श्रीलंकाई ड्रग माफिया की अवैध गतिविधियों के मामले में तमिलनाडु के चेन्नई, थिरुपुर, चेंगलपट्टू और थिरुचिरापल्ली जिलों में आरोपियों और संदिग्धों के 22 परिसरों की तलाशी ली गई। ये दोनों पाकिस्तान के ड्रग माफिया हाजी सलीम के साथ मिलकर इसे अंजाम दे रहे थे।
भारत और श्रीलंका में तस्करी हो रही थी
अधिकारियों ने सूचित किया कि ये ड्रग्स और हथियार तस्कर भारत और श्रीलंका में काम कर रहे हैं और लिट्टे के पुनरुद्धार और इसकी हिंसक गतिविधियों को आगे बढ़ा रहे हैं। अधिकारियों ने तलाशी के दौरान डिजिटल उपकरणों और विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेजों को बरामद किया और जब्त किया। एनआईए ने कहा कि ये ड्रग्स और हथियार तस्कर भारत और श्रीलंका में काम कर रहे हैं और इनकी मंशा लिट्टे को दोबारा जिंदा करने की है। ये लिट्टे की हिंसक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
एनआईए ने कहा कि तलाशी एक स्वत: संज्ञान मामले पर आधारित है जिसे एनआईए ने पिछले सप्ताह दर्ज किया था। मामला उन धाराओं के तहत दर्ज किया गया था जो आपराधिक साजिश, गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम और नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक पदार्थ अधिनियम आदि के तहत आने वाले गंभीर अपराधों को कवर करते हैं।
मार्च 2021 में तटरक्षक बल ने अरब सागर में विझिंजम तट पर एक श्रीलंकाई नाव को रोका था और गोला-बारूद व नशीले पदार्थ जब्त किए थे। साथ ही छह श्रीलंकाई नागरिकों को गिरफ्तार किया था। अप्रैल में विझिंजम पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था और बाद में अगस्त में एनआईए ने मामले को अपने हाथ में ले लिया था। अक्टूबर में एजेंसी ने चेन्नई से एक श्रीलंकाई नागरिक और लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (LTTE) की खुफिया शाखा के एक पूर्व सदस्य को गिरफ्तार किया, जो केरल के विझिंजम आर्म्स मामले में एक प्रमुख साजिशकर्ता था।