NIA: एनआईए ने लश्कर के आठ सदस्यों के खिलाफ दाखिल किया आरोप पत्र, जेल में रची थी फिदायीन हमले की साजिश
NIA: एनआईए ने कर्नाटक में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) की ओर से जेल में कट्टरपंथ और फिदायीन हमले की साजिश के एक मामले में दो भगोड़ों समेत आठ लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शुक्रवार को लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के आठ सदस्यों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया। जिनमें से एक टी नसीर उम्रकैद की सजा काट रहा है। इसमें दो भगोड़े भी शामिल हैं। एजेंसी ने इन पर फिदायीन (आत्मघाती) हमले के लिए साजिश रचने और जेल में कट्टरपंथ के एजेंडे को आगे बढ़ाने का आरोप लगाया है।
2017 में अन्य आरोपियों के संपर्क में आया नसीर
आरोप पत्र के मुताबिक, नसीर कई विस्फोट मामलों में शामिल था। साल 2017 में बंगलूरू जेल में बंद रहने के दौरान वह अन्य आरोपियों के संपर्क में आया। इन आरोपियों में जुनैद अहमद उर्फ जेडी और सलमान खान भी शामिल हैं। सलमान उस वक्त पॉक्सो के एक मामले में जेल में था। इन दोनों के भागकर विदेश में फरार होने की आशंका है।
विभिन्न धाराओं के तहत आरोप पत्र दाखिल
एनआईए के मुताबिक, अन्य आरोपियों में सैय्यद सुहेल खान उर्फ सुहैल, मोहम्मद उमर, जाहिद तबरेज, सैय्यद मुदस्सिर पाशा और मोहम्मद फैसल रब्बानी शामिल हैं। उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता, गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप पत्र दाखिल किया गया है।
आरोपियों से बरामद हुए हथियार, गोला-बारूद
एजेंसी के प्रवक्ता ने कहा कि मामला शुरू में बंगलूरू पुलिस ने पिछले साल 18 जुलाई को दर्ज किया था। सात आरोपियों के कब्जे से हथियार, गोला-बारूद, हथगोले और वॉकी-टॉकी की जब्ती के बाद मामला दर्ज किया गया था। बरामदगी तब की गई जब सातों लोग एक आरोपी के घर में एकत्र हुए थे। प्रवक्ता ने बताया कि एनआईए ने अक्तूबर 2023 में जांच अपने हाथ में ली थी।
आईएसआईएस मॉड्यूल: चार के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल
वहीं, एनआईए ने केरल के त्रिशूर स्थित आईएसआईएस मॉड्यूल के चार सदस्यों के खिलाफ भी आरोप पत्र दाखिल किया है। एजेंसी ने उन पर आरोप लगाया कि वे प्रतिबंधित वैश्विक आतंकी नेटवर्क के एजेंडे को बढ़ावा देने के लिए धन जुटाने में शामिल थे। एनआईए ने कहा, जांच में पता चला कि आरोपियों ने प्रभावशाली युवाओं को कट्टरपंथी बनाने और भर्ती के मकसद से भारत में आईएसआईएस मॉड्यूल की साजिश रची।