{"_id":"5f26d03fa153c72dfa78cbf4","slug":"nia-arrested-six-more-people-in-kerala-gold-smuggling-case","type":"story","status":"publish","title_hn":"केरल सोना तस्करी मामले में छह और गिरफ्तार, एनआईए ने छह जगह ली तलाशी","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
केरल सोना तस्करी मामले में छह और गिरफ्तार, एनआईए ने छह जगह ली तलाशी
Sun, 02 Aug 2020 08:09 PM IST
गौरव पाण्डेय
पीटीआई, नई दिल्ली
पीटीआई, नई दिल्ली
Published by: गौरव पाण्डेय
Updated Sun, 02 Aug 2020 08:09 PM IST
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने केरल सोना तस्करी मामले में छह और लोगों को गिरफ्तार किया है और छह स्थानों पर तलाशी ली। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। एजेंसी ने केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम स्थित यूएई (संयुक्त अरब अमीरात) के वाणिज्य दूतावास में राजनयिक माध्यमों से सोने की तस्करी के मामले में अभी तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
एनआईए प्रवक्ता ने कहा कि गिरफ्तार आरोपी रमीस केटी के साथ साजिश रचने के मामले में 30 जुलाई को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें एर्नाकुलम के जलाल एएम और मालापुरम के सईद अलवी ई का नाम शामिल है।। उन्होंने कहा कि 31 जुलाई को मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें मालापुरम निवासी मोहम्मद शफी पी और अब्दु पीटी शामिल हैं।
विज्ञापन
प्रवक्ता ने बताया कि एनआईए ने एक अगस्त को दो और लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें एर्नाकुलम निवासी मुहम्मद अली इब्राहिम तथा मुहम्मद अली हैं। जांच में पता चला कि वे साजिश में शामिल थे और तिरुवनंतपुरम में रमीस केटी से तस्करी किया गया सोना लेने तथा अन्य साजिशकर्ताओं में उसे बांटने में जलाल एएम की मदद कर रहे थे।
विज्ञापन
अधिकारी ने कहा कि मुहम्मद अली पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) का सदस्य है। केरल पुलिस ने पहले उसके खिलाफ एक प्रोफेसर की हथेली काटने के मामले में आरोप पत्र दाखिल किया था, लेकिन 2015 में मुकदमे के बाद वह बरी हो गया था।
उन्होंने बताया कि एनआईए ने दो अगस्त को छह स्थानों पर छापे मारे जिनमें एर्नाकुलम में जलाल एएम तथा राबिन्स हमीद के घर और मालापुरम में रमीस केटी, मोहम्मद शफी, सईद अलवी और अब्दु पीटी के घर शामिल थे।
प्रवक्ता के अनुसार तलाशी के दौरान दो हार्ड डिस्क, एक टैबलेट कंप्यूटर, आठ मोबाइल फोन, छह सिम कार्ड, एक डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर और पांच डीवीडी जब्त की गईं। इनके अलावा बैंक पासबुक, क्रेडिट/डेबिट कार्ड, यात्रा दस्तावेज और आरोपियों के पहचान पत्र समेत अनेक कागजात भी जब्त किए गए।
एनआईए ने केरल में एक राजनयिक बैगेज में 14.82 करोड़ रुपये मूल्य के 30 किलोग्राम सोने की तस्करी के मामले में 10 जुलाई को जांच संभाली थी। एजेंसी ने तस्करी में कथित रूप से शामिल रहने के सिलसिले में एक महिला संदिग्ध समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।