फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 9th June North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: मणिपुर में 55.52 करोड़ रुपये की ड्रग्स-नकदी के साथ पांच गिरफ्तार; 18 नौसेना अधिकारी पायलट बने

Mon, 09 Jun 2025 11:53 AM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Mon, 09 Jun 2025 11:53 AM IST
विज्ञापन
News Updates 9th June North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने मणिपुर में 55.52 करोड़ रुपये की ड्रग्स और नकदी बरामद की और पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। वित्त मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि इसमें 54.29 करोड़ रुपये की करीब 8 किलोग्राम हेरोइन 87.57 लाख रुपये की 6.7 किलोग्राम अफीम और 35.63 लाख रुपये की नकदी शामिल है। मंत्रालय ने बताया कि डीआरआई, सीमा शुल्क, असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस की संयुक्त टीम की ओर से 5-7 जून को मणिपुर के चुराचांदपुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में ऑपरेशन व्हाइट वेल कोडनाम से एक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 7,755.75 ग्राम हेरोइन, 6,736 ग्राम अफीम और नकदी बरामद की गई। इस दौरान दो बाओफेंग वॉकी-टॉकी और एक मारुति ईको वैन जब्त की गई है, जबकि पांच लोगों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट, 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि जब्त की गई नशीले पदार्थों को भारत-म्यांमार सीमा के घने जंगलों के माध्यम से म्यांमार से चुराचांदपुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी कर लाया गया था।

विज्ञापन


18 नौसेना अधिकारी पायलट बने
तमिलनाडु के अरक्कोनम स्थित आईएनएस राजाली के हेलीकॉप्टर ट्रेनिंग स्कूल से सोमवार को 18 भारतीय नौसेना अधिकारियों ने पायलट के रूप में स्नातक की डिग्री हासिल की। इनमें एक महिला अधिकारी भी शामिल हैं। रक्षा मंत्रालय की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इन अधिकारियों ने नौसेना के एयर स्क्वाड्रन-561 में 22 हफ्तों का कड़ा उड़ान और जमीनी प्रशिक्षण पूरा किया। इस उपलब्धि के बाद एक शानदार पासिंग आउट परेड आयोजित की गई। इसमें बताया गया है कि सब लेफ्टिनेंट सिद्धि हेमंत दुबे ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर भारतीय नौसेना की दूसरी महिला हेलीकॉप्टर पायलट बनकर इतिहास रच दिया है। यह महिलाओं को बराबरी का मौका देने की नौसेना की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। स्नातक अधिकारियों को पूर्वी नौसेना कमान के प्रमुख वाइस एडमिरल राजेश पेंढारकर ने  'गोल्डन विंग्स' सम्मान प्रदान किए। अब ये नए पायलट नौसेना की महत्वपूर्ण इकाइयों में तैनात किए जाएंगे।

विज्ञापन

राजकोट में नकली आभूषण इकाइयों से 16 बाल मजदूरों समेत 21 को कराया गया मुक्त
राजकोट पुलिस ने प. बंगाल के 16 बच्चों और पांच युवकों सहित 21 लोगों को दो नकली आभूषण बनाने वाली इकाइयों से मुक्त कराया। इन लोगों को प्रतिदिन 10 घंटे से अधिक काम करने के लिए मजबूर किया जाता था और केवल 8,000 रुपये मासिक वेतन दिया जाता था। साथ ही, इकाई के मालिक की ओर से उनके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया जाता था। पुलिस ने रविवार को बताया कि 6 जून की सुबह एक सूचना के आधार पर मोरबी रोड पर एक घर में छापे मारे। यहां 14 नाबालिग लड़के और 18 से 22 वर्ष के पांच युवक मिले।
सहायक पुलिस आयुक्त भरत बसिया ने बताया कि मुख्य आरोपी अजमतमौला पं. बंगाल के पुरबा बर्धमान जिले का निवासी है। उसे दूसरी जगह से दो लड़कों के साथ गिरफ्तार किया गया। इन लड़कों ने पुलिस को बताया कि अजीतमौला ने उनकी पिटाई की थी। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि अजमतमौला पीड़ितों को उनके माता-पिता की अनुमति से प. बंगाल के विभिन्न हिस्सों से राजकोट लेकर आया था।

आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 118 (हमला) और 146 (गैरकानूनी बंधुआ मजदूरी), किशोर न्याय अधिनियम, बाल श्रम (निषेध और विनियमन) अधिनियम और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। मेडिकल रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि कुछ बच्चों को काम न करने पर पीटा गया। एक बच्चे के साथ क्रूर यौन शोषण किया गया। मुक्त किए गए लोगों ने बताया कि उन्हें नकली आभूषण बनाने के लिए लंबे समय तक काम करना पड़ता था।

विज्ञापन

पहलगाम आतंकी हमले पर नॉर्वे ने भारत के साथ जताई एकजुटता: जितेंद्र सिंह
केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि नॉर्वे ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत के साथ एकजुटता जताई है। नॉर्वे के अंतरराष्ट्रीय विकास मंत्री आस्मुंड ग्रोवर औक्रुस्त ने फ्रांस के मोनाको में मोनाको मरीन कॉन्फ्रेंस के दौरान सिंह के साथ मुलाकात में यह समर्थन व्यक्त किया। सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा, मरीन स्पैटियल प्लानिंग (एमएसपी) बैठक से पहले, नॉर्वे के मंत्री औक्रुस्त ने जम्मू-कश्मीर में हाल की दुखद घटनाओं के मद्देनजर भारत के साथ एकजुटता जताई। औक्रुस्त ने ने बताया कि उनके देश में भारत के प्रति मजबूत जन समर्थन है और कई नागरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नॉर्वे यात्रा के समर्थन में हैं।

विज्ञापन

ओडिशा : आईएएस अफसर धीमान चकमा 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार
 ओडिशा में सतर्कता विभाग ने एक व्यवसायी से 10 लाख रुपये घूस लेते हुए 2021 बैच के आईएएस अधिकारी धीमान चकमा को गिरफ्तार किया है। रविवार को अधिकारी की गिरफ्तारी के बाद विभाग ने उसके सरकारी आवास पर छापा मारा, जहां तलाशी में 47 लाख  नकद बरामद किए हैं।

सतर्कता विभाग की तरफ से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि कालाहांडी जिले के धरमगढ़ में उप-कलेक्टर धीमान चकमा ने व्यवसायी से 20 लाख रुपये घूस मांगे थे, जिसकी पहली किश्त के रूप में 10 लाख रुपये लेते हुए उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। विभाग ने कहा कि आईएएस अधिकारी ने घूस के पैसे लेने के लिए व्यवसायी को धरमगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास पर बुलाया था। घूस की रकम लेने के बाद उसने उसे अपने टेबल के दराज में रखा। विभाग ने अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।

सूरत : मॉडल अंजलि वरमोरा ने पंखे से लटक कर दी जान
सूरत में एक युवा मॉडल अंजलि वरमोरा ने आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार अंजलि ने दुपट्टे का फंदा लगाकर पंखे से लटक कर जान दी। हालांकि, अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। अंजलि के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस लगातार अंजलि के परिवारवालों से पूछताछ में जुटी है। वहीं, अंजलि के फोन की भी जांच हो रही है।

अंजलि अपने माता-पिता और छोटे भाई के साथ नवसारी बाजार के पास कार्तिक अपार्टमेंट में रहती थी। वरमोरा की सगाई दो साल पहले सूरत के एक व्यक्ति से हुई थी। उनकी शादी पहले इसी साल होने वाली थी, लेकिन हाल ही में उनके मंगेतर की मां की मौत के कारण इसे टाल दिया गया था। ए

कोलकाता में मकान ढहने से मजदूर की मौत
कोलकाता के बउबाजार इलाके में पुरानी इमारत का एक हिस्सा ढहने से घायल हुए मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान आशुतोष अधिकारी (37) के रूप में हुई है। वह दक्षिण 24 परगना जिले के विद्याधरिपल्ली का रहने वाला था। बउबाजार क्षेत्र में श्रीनाथ दास लेन पर स्थित मकान की तीसरी मंजिल का एक बड़ा हिस्सा रविवार को उस समय गिर गया जब पांच निर्माण मजदूर वहां काम कर रहे थे। आशुतोष और अन्य श्रमिकों को अस्पताल ले जाया गया। उन्हें मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अन्य को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

गुजरात हाईकोर्ट को मिला बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल
गुजरात हाईकोर्ट को ई-मेल के जरिये बम से उड़ाने की धमकी दी गई। डिप्टी पुलिस कमिश्नर सफीन हसन ने बताया कि पुलिस मौके पर है। 

असम में हुई 5.85 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद 
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि राज्य ने 5.85 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीद हुई है। एक्स पर एक पोस्ट में सरमा ने कहा कि आने वाले दिनों में कुल आंकड़ा और बढ़ेगा क्योंकि खरीद 30 जून तक जारी रहेगी। धान खरीद में मील का पत्थर हासिल हुआ। हमें खुशी हो रही है कि पहली बार असम ने वर्ष 2024-25 के लिए अपना पूर्ण धान खरीद लक्ष्य हासिल कर लिया है। उन्होंने कहा कि 5,85,500 मीट्रिक टन के लक्ष्य में से विभिन्न राज्य संचालित एजेंसियों ने रविवार तक 5,85,012.75 मीट्रिक टन धान की खरीद की है।

तेलंगाना में गोदावरी में डूबे सभी छह किशोरों के शव मिले
तेलंगाना के जयशंकर भूपलपल्ली जिले में गोदावरी नदी में नहाने के दौरान डूबे सभी छह किशोरों के शव बरामद कर लिए गए हैं। 13 से 19 वर्ष आयुवर्ग के बच्चे शनिवार को महादेवपुर मंडल में नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान सभी नदी की तेज धार में बह गए। सभी की तलाश शुरू की गई थी। रविवार को उनके शव बरामद किए गए।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद DGMO राजीव घई की पदोन्नति
लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई को उप सेना प्रमुख (रणनीति) के पद पर पदोन्नत किया गया है। भारतीय सेना के सभी परिचालन कार्यक्षेत्र के कर्मचारी-अधिकारी उप सेना प्रमुख (रणनीति) को ही रिपोर्ट करते हैं। इस पद पर काम करने के साथ-साथ लेफ्टिनेंट जनरल घई सैन्य संचालन महानिदेशक (DGMO) का कार्यभार भी संभालते रहेंगे। बता दें कि राजीव घई, बीते 7 मई को पाकिस्तानी आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के बाद, 10 मई को हुए संघर्षविराम और दहशतगर्दों के खिलाफ भारत की कार्रवाई को लेकर हुई प्रेस वार्ताओं के बाद सुर्खियों में आए।

बंगाल में सहपाठी छात्राओं के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप में छात्र गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बरुईपुर में एक किशोर को कक्षा सात के अपने दो सहपाठियों के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप में हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि छात्र ने अपने सहपाठियों को बगीचे में बुलाकर कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया। बरुईपुर पुलिस जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दो लड़कियों के परिवारों द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद लड़के को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों लड़कियों को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट का इंतजार है। आरोपी को सोमवार को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।

व्यवसायी से घूस लेने का आरोपी IAS अधिकारी ओडिशा में गिरफ्तार
ओडिशा सतर्कता विभाग ने सोमवार को व्यवसायी से कथित तौर पर 10 लाख रुपये घूस लेने के आरोपी IAS अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अधिकारी की पहचान कालाहांडी जिले के धरमगढ़ के उप-कलेक्टर धीमान चकमा के रूप में हुई है, जिसने स्थानीय व्यवसायी से 20 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी अधिकारी को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद, टीम ने अधिकारी के सरकारी आवास पर छापेमारी कर 47 लाख रुपये की नकदी बरामद की। एक अधिकारी ने बताया कि अधिकारी को गिरफ्तार कर स्थानीय अदालत में भेज दिया है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। 

15 अगस्त से प्लास्टिक मुक्त होंगे कर्नाटक के मंदिर : रेड्डी
कर्नाटक के एंडॉमेंट मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने सोमवार को घोषणा की कि 15 अगस्त से हिंदू धार्मिक संस्थान एवं चैरिटेबल धर्मार्थ विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी मंदिर प्लास्टिक मुक्त होंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सभी कार्यकारी अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। रेड्डी ने कहा, 15 अगस्त के बाद मंदिरों में किसी भी हालत में प्लास्टिक का उपयोग नहीं होगा। दुकानदारों को तैयारी के लिए दो महीने का समय दिया गया है, क्योंकि अगर हम इसे कल से लागू करते, तो उनके पास रखा प्लास्टिक एकदम समाप्त नहीं हो पाता। एक सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगने के बाद इसके विकल्प स्वतः उपलब्ध होने लगेंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारतीय विज्ञान संस्थान के शोधकर्ताओं ने स्टार्च से बना एक विकल्प खोजा है, जिसे प्लास्टिक के स्थान पर पेश किया जा सकता है।

केरल: विजयन ने बेटी की कंपनी पर आरोपों का किया खंडन, सीबीआई जांच का विरोध
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने अपनी बेटी टी. वीना की बंद हो चुकी कंपनी और एक निजी खनन कंपनी के बीच लेनदेन की सीबीआई जांच की मांग करने वाली याचिका का विरोध किया है। सोमवार को केरल हाईकोर्ट में दायर जवाबी हलफनामे में विजयन ने पूर्व पत्रकार की ओर से दायर जनहित याचिका में लगाए गए आरोपों को झूठा और निराधार बताया। उन्होंने कहा कि जब अन्य एजेंसियां पहले से ही जांच कर रही हैं और उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला नहीं बनता। ऐसे में सीबीआई जांच का कोई औचित्य नहीं है। विजयन ने कहा, मुझे न्यायपालिका और कानून के शासन पर पूरा भरोसा है। मेरे पास छिपाने को कुछ नहीं है, लेकिन इस समय सीबीआई को शामिल करना अनावश्यक और अनुचित होगा। उन्होंने याचिका खारिज करने की मांग की। याचिकाकर्ता ने दावा किया कि विजयन की बेटी की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड से 1.72 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था। याचिकाकर्ता ने कंपनी और मुख्यमंत्री के बीच नजदीकी संबंधों की गहन जांच की मांग की है। इससे पहले मार्च में कांग्रेस विधायक मैथ्यू कुजलनाडन की इसी तरह की जांच की मांग वाली याचिका को हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया था। विजयन ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि वह किसी भी जांच से नहीं डरते, लेकिन सीबीआई जांच को अनावश्यक मानते हैं।

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 9 साल का हासिल, मातृ मृत्यु दर में दर्ज की गई 50 अंकों की अहम गिरावट
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) के 9 साल पूरे हो गए हैं। इस दौरन अभियान की उपलब्धि में भारत की मातृ मृत्यु अनुपात (एमएमआर) में 50 अंकों की महत्वपूर्ण गिरावट दर्ज की गई है। इस दौरान 6.19 करोड़ महिलाओं की जांच की गई। एमएमआर में यह सुधार गर्भवती महिलाओं को प्रसवपूर्व देखभाल और उचित पोषण सुनिश्चित करने के सरकार के संयुक्त प्रयासों का नतीजा है। यही वजह है कि एमएमआर 2014-16 में 130 प्रति लाख जीवित जन्मों से घटकर 2021-23 में 80 प्रति लाख जीवित जन्म हो गई है।

जून 2016 में शुरू किया गया पीएमएसएमए भारत सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की एक प्रमुख पहल है । इसे हर महीने की 9 तारीख को सभी गर्भवती महिलाओं को,खास तौर से दूसरी और तीसरी तिमाही के दौरान निशुल्क सुनिश्चित,व्यापक और गुणवत्तापूर्ण प्रसवपूर्व देखभाल (एएनसी) सेवाएं देने के लिए डिजाइन किया गया था । इसका मुख्य उद्देश्य उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं का शीघ्र पता लगाने और शीघ्र प्रबंधन की सुविधा देकर मातृ और नवजात मृत्यु दर को कम करना है। देश में पीएमएसएमए सेवाएं देने वाली सुविधाओं की संख्या 20,752 है। इस अभियान में निजी क्षेत्र के डॉक्टरों को भी भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया है। ये सरकारी अस्पतालों में सेवाएं देने और जागरूकता फैलाने में सहयोग करते हैं।

उत्तर प्रदेश की महिलाएं पीएमएसएमए का लाभ लेने में रही अव्वल
पीएमएसएमए के तहत अब तक 6,813 स्वयंसेवकों ने गर्भवती महिलाओं की सहायता के लिए पंजीकरण कराया है। मई 2025 तक योजना के तहत पंजीकृत सबसे अधिक स्वयंसेवकों की सूची में महाराष्ट्र 1131 स्वयंसेवकों के साथ शीर्ष पर है, इसके बाद उत्तर प्रदेश में 1076 और राजस्थान में 1015 स्वयंसेवक हैं। योजना के तहत प्रसवपूर्व देखभाल पाने वाली दूसरी या तीसरी तिमाही में सबसे अधिक गर्भवती महिलाएं 189534 उत्तर प्रदेश में हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed