फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 5th Nov North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi

Updates: जेडीएस नेता कुमारस्वामी के खिलाफ FIR; मालेगांव विस्फोट मामले में साध्वी प्रज्ञा के खिलाफ वारंट जारी

Tue, 05 Nov 2024 11:29 PM IST
शुभम कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शुभम कुमार Updated Tue, 05 Nov 2024 11:29 PM IST
विज्ञापन
News Updates 5th Nov North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
एडीजीपी एम चंद्रशेखर की शिकायत के बाद केंद्रीय मंत्री और जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। एडीजीपी ने आरोप लगाया था कि एचडी कुमारस्वामी और उनके बेटे निखिल ने उन्हें डराने और खनन घोटाले की जांच में बाधा डालने के लिए उनके खिलाफ आरोप लगाए थे। बता दें, एडीजीपी चंद्रशेखर अवैध खनन मामले की जांच कर रहे हैं। इस मामले की निगरानी सुप्रीम कोर्ट कर रहा है।
विज्ञापन


साध्वी प्रज्ञा के खिलाफ जमानती वारंट जारी
मालेगांव विस्फोट मामले में एनआईए कोर्ट ने भाजपा नेता साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया है। 29 सितंबर 2008 को महाराष्ट्र के नासिक जिले में मुंबई से 200 किमी दूर मालेगांव शहर में एक मस्जिद के पास एक मोटरसाइकिल में विस्फोट हुआ था। इस विस्फोट में छह लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक लोग घायल हुए थे। पहले महाराष्ट्र एटीएस इस मामले की जांच कर रही थी और बाद में इसे एनआईए को सौंपा गया था।  मामले में पूर्व भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर और लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद पुरोहित समेत सात आरोपी मुकदमे का सामना कर रहे हैं। 
विज्ञापन


कर्नाटक के बेलगावी में तहसीलदार के चैंबर में सरकारी क्लर्क मरा हुआ मिला
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को इस जिला मुख्यालय शहर में तहसीलदार कार्यालय के कक्ष में 35 वर्षीय द्वितीय श्रेणी सहायक मृत पाया गया। उन्होंने बताया कि रुद्रन्ना की मौत की विस्तृत जांच की जाएगी। कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, 'आज सुबह हमारे निरीक्षक को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने तहसीलदार के कक्ष में फांसी लगा ली है। हमने घटनास्थल का दौरा किया। शव की प्रारंभिक जांच में पता चला कि उसने फांसी लगाई है। फिलहाल फांसी लगाने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।' उन्होंने बताया, 'हम उसके परिवार के सदस्यों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करेंगे। हमने जांच अधिकारियों और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया है, जो विस्तृत निरीक्षण करेंगे। शिकायत के आधार पर विस्तृत जांच की जाएगी।'
विज्ञापन
विज्ञापन


प्यार से किया इनकार तो छात्रा पर हमलावर हुआ युवक
तेलंगाना के मेडक जिले में एक एक यूवक ने प्रेम प्रस्ताव अस्वीकार करने पर कॉलेज छात्रा पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में छात्रा के बूरी तरह घायल होने की खबर सामने आ रही है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि ऑनलाइन दोस्त बने एक युवक ने कथित तौर पर छात्रा के प्रेम प्रस्वाव को ठुकराने पर उस पर चाकू से हमला कर दिया। घटना तब हुई जब ओपन यूनिवर्सिटी की प्रथम वर्ष की छात्रा सरकारी डिग्री कॉलेज में परीक्षा देने आई थी।

मौके से भाग गया आरोपी
घायल छात्रा का आनन फानन में अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसने बताया कि बेंगलुरु के रहने वाले आरोपी ने कॉलेज के पास उससे बहस की और फिर चाकू से हमला कर दिया और मौके से भाग गया। छात्रा ने बताया कि आरोपी उसके पास आकर प्रेम प्रस्ताव रखा, जिसके बाद छात्रा ने उसके प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। इसी बात पर बौखलाकर युवक ने चाकू से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसका दाहिना हाथ घायल हो गया। 

सोशल मीडिया पर हुई थी दोस्ती
वहीं इस मामले में पुलिस अधिकारी के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पीड़िता आरोपी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए जानती थी और वे पहले भी बेंगलुरु में मिल चुके थे। प्रारंभिक जांच के आधार पर, पुलिस को संदेह है कि उसने उसके मना करने पर उस पर हमला किया, हालांकि सटीक मकसद की अभी भी जांच चल रही है। आरोपी फिलहाल फरार है। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

 

मणिपुर के छात्रों ने राष्ट्रपति मुर्मू से बातचीत की
मणिपुर के इंफाल घाटी के गांवों के लगभग 20 छात्रों ने सोमवार को राष्ट्रीय एकीकरण यात्रा की। जिसके तहत उन्होंने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इस मुलाकात को लेकर भारतीय सेना ने बताया कि इंफाल घाटी के गांवों के कम से कम 20 छात्रों ने सोमवार को अपनी राष्ट्रीय एकीकरण यात्रा के तहत नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इसके साथ ही ऑपरेशन सद्भावना के तहत स्पीयर कोर द्वारा आयोजित इस यात्रा में एंड्रो, याइरीपोक, याम्बेम और अंगथा गांवों के छात्रों ने मुर्मू को स्मृति चिह्न भेंट किया और अपने सपने और आकांक्षाएं साझा कीं।

लखनऊ और आगरा भी जा सकेंगे छात्र
इसके साथ ही बयान में कहा गया है कि इस यात्रा के दौरान छात्र लखनऊ और आगरा भी जा सकेंगे, जिससे उन्हें महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थलों को देखने और भारत की विविध संस्कृति के बारे में अपनी समझ को और गहरा करने का मौका मिलेगा। इस पहल का उद्देश्य देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराकर राष्ट्रीय एकीकरण को बढ़ावा देना और युवा दिमागों को सशक्त बनाना है। बता दें कि छात्रों के 12 नवंबर को इंफाल लौटने का कार्यक्रम है।

नाबालिग के साथ शारिरिक संबंध बनाने के बाद व्यक्ति की मौत
मुंबई के ग्रांट रोड इलाके में एक होटल में नाबालिग लड़की के साथ यौन संबंध बनाने के बाद 41 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में बताया कि मृतक एक हीरा कंपनी में प्रबंधक था, जिस पर 14 वर्षीय लड़की की मां की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम के तहत बलात्कार और अन्य अपराधों के लिए मामला दर्ज किया गया है।

बच्ची की मां का आरोप
पुलिस अधिकारी ने बताया कि वह लड़की को गुजरात से अपने साथ लाया था। घटना शनिवार को हुई। होटल के कर्मचारी उसे अस्पताल ले गए, जहां कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। देखने से ऐसा लगता है कि उसे दिल का दौरा पड़ा था। डीबी मार्ग पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया, "बच्ची की मां सूचना मिलने के बाद मुंबई आई। उसने हमें बताया कि व्यक्ति ने झूठा वादा करके बच्ची को मुंबई बुलाया था। मामले की आगे की जांच चल रही है।

एनडीएफ कार्यकर्ता को आजीवन कारावास की मिली सजा
केरल की एक अदालत ने राष्ट्रीय विकास मोर्चा (एनडीएफ) के 39 वर्षीय कार्यकर्ता को उत्तरी जिले में 2005 में आरएसएस नेता की हत्या के लिए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। एनडीएफ, जो बाद में अब प्रतिबंधित पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) बन गया के एक सदस्य एमवी मार्शूक को थालास्सेरी के अतिरिक्त जिला सत्र न्यायाधीश (प्रथम) फिलिप थॉमस ने सजा सुनाई। उन्होंने दोषी पर 50,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया।

कमला हैरिस की जीत के लिए तमिलनाडु के गांव में हुई पूजा
तमिलनाडु के थुलसेंद्रपुरम गांव में अमेरिकी राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी कमला हैरिस की जीत के लिए मंगलवार को विशेष पूजा पाठ किया जाएगा। हैरिस के नाना पीवी गोपालन का जन्म एक सदी से भी अधिक समय पहले थुलासेंद्रपुरम गांव में हुआ था। बाद में वह चेन्नई चले गए और सरकारी अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त होने तक वहीं रहे।

मंगलवार की सुबह विशेष पार्थना
गांव के मंदिर के पास ही छोटी दुकान चलाने वाले जी मणिकंदन ने बताया कि मंदिर में मंगलवार सुबह विशेष प्रार्थना की जाएगी। अमेरिका में मंगलवार को राष्ट्रपति चुनान के लिए मतदान होना है। हालांकि, अमेरिका में जब मंगलवार होगा तो भारत में बुधवार होगा। मणिकंदन ने यह भी बताया कि अगर हैरिस जीत जाती हैं तो गांव में उत्सव मनाने की भी तैयारी है। चार साल पहले यह गांव तब चर्चा में आया था जब 2020 में कमला हैरिस की डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत के लिए प्रार्थना की गई थी। हैरिस जब उपराष्ट्रपति बनी थी तब गांव वालों ने पटाखे फोड़कर खुशियां मनाई थीं।

ओडिशा कांग्रेस ने एआईसीसी के फैसले को स्वीकार करने पर जताई सहमति
ओडिशा में कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया, जिसमें सहमति जताई गई कि वे पार्टी हाईकमान द्वारा नियुक्त किए जाने वाले नए राज्य इकाई प्रमुख को स्वीकार करेंगे। बता दें कि एआईसीसी द्वारा पार्टी की राज्य इकाई को भंग करने के बाद से पीसीसी प्रमुख का पद साढ़े तीन महीने से अधिक समय से खाली है।

कांग्रेस नेता चरण दास महंत ने दी जानकारी
बैठक के बाद चरण दास महंत ने पत्रकारों से कहा कि सभी वरिष्ठ नेताओं ने आज सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया और सहमति जताई कि वे पार्टी हाईकमान द्वारा चुने गए ओपीसीसी के किसी भी नेता को स्वीकार करेंगे।" यह पूछे जाने पर कि ओपीसीसी को नया अध्यक्ष कब मिलेगा, महंत ने कहा कि झारखंड में 23 नवंबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद कभी भी यह हो सकता है। उन्होंने कहा, "सोनिया जी, राहुल जी और खड़गे जी ओडिशा में पार्टी की स्थिति से अवगत हैं। वे ओपीसीसी का नेतृत्व करने के लिए नए नेता का चुनाव करेंगे।"

अवैध रूप से सीमा पार करने के आरोप में दो बांग्लादेशी समेत पांच गिरफ्तार
त्रिपुरा में अवैध रूप से सीमा पार करने के आरोप में पुलिस ने सोमवार को दो बांग्लादेशी नागरिक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि त्रिपुरा के सबरूम इलाके से दो बांग्लादेशी नागरिकों समेत पांच लोगों को अवैध रूप से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारत में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। 

जानकारी के अनुसार बीएसएफ जवानों ने पांच लोगों को सीमावर्ती गांव जलकुंबा में सीमा पार करते समय देखा और उन्हें पकड़ लिया। सबरूम के उप-मंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) नित्यानंद सरकार ने बताया अवैध रूप से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने के आरोप में पांच लोगों- तीन भारतीय और दो बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। 

भूटान के राजदूत ने सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी से की मुलाकात
भारत में भूटान के राजदूत मेजर जनरल वेटसॉप नामग्याल ने भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी से मुलाकात की। उन्होंने आपसी हितों के मुद्दों और दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को और बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। मुलाकात के बाद भारतीय सेना ने बयान जारी कर बताया कि भारत और भूटान मित्रता के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता रखते हैं, जो साझा मूल्यों और सांस्कृतिक संबंधों पर आधारित है। उनका सहयोग क्षेत्र में सद्भाव और स्थिरता को बढ़ावा देता है, कनेक्टिविटी और आपसी विकास को बढ़ाता है। साथ मिलकर, वे दोनों देशों को लाभ पहुंचाने वाले और उनके ऐतिहासिक बंधन को मजबूत करने वाले सतत विकास के लिए प्रयास करते हैं। 
 

पुरी जगन्नाथ मंदिर की चारदीवारी में देखी गईं दरारे
असम के पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर की चारदीवारियों में दरारे देखी गई है। जिसको लेकर अधिकारियों ने सोमवार को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) से 12वीं सदी के मंदिर की चारदीवारी का वैज्ञानिक सर्वेक्षण करने का आग्रह किया। जजगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के मुख्य प्रशासक अरबिंद पाढी ने एएसआई को पत्र लिखकर कहा कि मंदिर परिसर के चारों ओर की विशाल दीवार में दरारें पाई गई हैं।

सिद्धरमैया से कल पूछताछ करेगी लोकायुक्त पुलिस
मैसूरू शहरी विकास प्राधिकरण (मुडा) भूमि आवंटन घोटाले में घिरे कर्नाटक के सीएम सिद्धरमैया को लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को पूछताछ के लिए तलब किया है। लोकायुक्त पुलिस के समन पर सिद्धरमैया ने कहा कि वह पूछताछ के लिए जाएंगे।

बता दें कि लोकायुक्त पुलिस ने सिद्धरमैया की पत्नी पार्वती से 25 अक्तूबर को पूछताछ की थी। लोकायुक्त पुलिस ने 27 सितंबर को सिद्धरमैया, पार्वती, साले मल्लिकार्जुन स्वामी और जमीन उपहार में देने वाले देवराजू के खिलाफ मामला दर्ज किया था। स्वामी व देवराजू से पुलिस पूछताछ कर चुकी है।

खेलते-खेलते कार में बंद हुए चार बच्चे, दम घुटने से गई जान
गुजरात के अमरेली में चार बच्चे कार में खेलते-खेलते बंद हो गए। इसके चलते दम घुटने से उनकी मौत हो गई। ये बच्चे मध्य प्रदेश के रहने वाले कृषि श्रमिक दंपती के थे। पुलिस ने बताया कि माता-पिता शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे अपने सात बच्चों को घर छोड़कर खेत में काम करने गए थे।

पुलिस ने बताया कि इस दौरान दो से सात साल उम्र के चार बच्चे घर के पास खड़ी खेत के मालिक की कार में खेलते-खेलते बैठ गए और गलती से कार को अंदर से बंद कर लिया। कार के अंदर बंद होने के कारण उनका दम घुटने लगा, जिससे उनकी मौत हो गई। शाम को जब माता-पिता व कार मालिक लौटे, तो उन्होंने चारों बच्चों को मृत पाया।

हेमंत सोरेन के चुनाव प्रस्तावक मंडल मुर्मू भाजपा में शामिल
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के चुनाव प्रस्तावक मंडल मुर्मू रविवार को भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि संथाल परगना में जनसांख्यिकी में बदलाव को लेकर वह पहल करेंगे। जानकारी के लिए बता दें कि वर्ष 1855 में संथाल विद्रोह का नेतृत्व करने वाले सिदो कान्हू के वंशज मुर्मू केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा की मौजूदगी में देवघर में पार्टी में शामिल हुए।

हिमंत सरमा ने साधा निशाना
हिमंत सरमा ने कहा कि मंडल मुर्मू का भाजपा में शामिल होना यह दर्शाता है कि पार्टी को सिदो कान्हू और फूलो झानो का आशीर्वाद मिला है। दोनों ने संथाल विद्रोह का नेतृत्व किया, जो ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन और शोषणकारी जमींदारी व्यवस्था के खिलाफ एक ऐतिहासिक विद्रोह था। भाजपा ने बरहैत में सोरेन के खिलाफ गमलियल हेम्ब्रम को मैदान में उतारा है।

उड़ान के दौरान मंजूरी होने पर ही मिलेगी वाई-फाई सेवा
सरकार ने सोमवार को स्पष्ट किया कि उड़ान के दौरान यात्री वाई-फाई के जरिये इंटरनेट सेवाओं का इस्तेमाल केवल तभी कर पाएंगे जब 3,000 मीटर की ऊंचाई पर पहुंच चुके विमान में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग करने की अनुमति होगी। सरकार ने उड़ान और समुद्री संपर्क नियम, 2018 के तहत विमान के भारतीय हवाई क्षेत्र में 3,000 मीटर की ऊंचाई पर पहुंचने के बाद ही मोबाइल संचार सेवाएं देने की अनुमति दी है

गुजरात के अमरेली में शेरनी के हमले में बच्ची की मौत

गुजरात के अमरेली जिले में एक शेरनी ने सात साल की एक बच्ची को नोंच-नोंच कर मार डाला। वन अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार शाम को हुई और वन विभाग के कर्मियों ने मंगलवार तड़के शेरनी को पिंजरे में बंद कर दिया।

वन अधिकारी जी एल वाघेला ने बताया कि जाफराबाद तालुका के कंथरिया खालसा गांव में अपनी मां के साथ खेत से घर लौट रही लड़की पर शेरनी ने हमला किया। शेरनी ने लड़की को झाड़ियों में खींच लिया। उन्होंने बताया कि बाद में पास के एक इलाके में क्षत-विक्षत शव मिला। घटना के तुरंत बाद वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और शेरनी को पकड़ने की कवायद शुरू कर दी।

वाघेला ने बताया कि मंगलवार तड़के शेरनी को बेहोश करने और पिंजरे में बंद करने में सफल रहे। पिछले दो सप्ताह में इस क्षेत्र में इस तरह की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 21 अक्तूबर को जाफराबाद तालुका के नवी जिकादरी गांव के बागान क्षेत्र में एक शेरनी ने पांच साल के बच्चे की उस समय हत्या कर दी थी, जब वह अपनी झोपड़ी के बाहर खेल रहा था।

कर्नाटक सरकार ने दिया बराक ओबामा को निमंत्रण, आजादी और गांधी से जुड़ा है कार्यक्रम

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा भारत की यात्रा पर आ सकते हैं। दरअसल, कर्नाटक की सिद्धारमैया सरकार ने बराक ओबामा को प्रदेश के दौरे आमंत्रित किया है। बता दें कि इस साल कांग्रेस के बेलगावी अधिवेशन की 100वीं वर्षगांठ मनाई जानी है। इस मौके पर आयोजित विशेष विधानसभा सत्र के लिए सिद्धारमैया सरकार ने ओबामा को निमंत्रण भेजा है।

सिद्धारमैया ने कहा, "मैंने (ओबामा को) एक पत्र लिखा है। महात्मा गांधी को बेलगावी कांग्रेस अधिवेशन का अध्यक्ष बने सौ साल हो गए हैं। इसलिए मैंने उन्हें (इस अवसर पर एक कार्यक्रम के लिए) आमंत्रित किया है।'

एक अधिकारी ने कहा, 'ओबामा जो तारीखें देंगे, उसके आधार पर संयुक्त सत्र का कार्यक्रम तय किया जाएगा।'

महात्मा गांधी ने की थी बेलगावी में अध्यक्षता 
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को बेलगावी में 1924 के कांग्रेस अधिवेशन की 100वीं वर्षगांठ मनाने के लिए आयोजित विशेष विधानसभा सत्र में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। आपको बता दें कि 1924 में बेलगावी में हुए इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महात्मा गांधी ने की थी और इसने भारत में ब्रिटिश शासन के खिलाफ स्वतंत्रता आंदोलन शुरू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

इससे पहले कब भारत आए थे ओबामा?
बराक ओबामा ने इससे पहले दो बार भारत की यात्रा की है। ओबामा ने राष्ट्रपति रहते हुए साल 2010 में 6 से 9 नवंबर तक भारत की यात्रा की थी। उन्होंने भारत के तत्कालीन पीएम मनमोहन सिंह और राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल से मुलाकात की थी। वहीं, दूसरी बार ओबामा राष्ट्रपति रहते हुए ही साल 2015 में 24 से 27 जनवरी तक भारत की यात्रा की थी। वह गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर भारत आए थे। तब उन्होंने पीएम मोदी से मुलाकात की थी। बता दें कि ओबामा साल 2009 से 2017 के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति रहे थे।

क्यों अहम था बेलगावी सम्मेलन?
कर्नाटक के बेलगावी में साल 1924 में कांग्रेस का अधिवेशन हुआ। इसी सम्मेलन में महात्मा गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष चुना गया था। आपको बता दें कि यह एकमात्र ऐसा अधिवेशन था जिसकी अध्यक्षता महात्मा गांधी ने की और कर्नाटक में भी यही अकेला अधिवेशन हुआ था। इस सम्मेलन में स्वतंत्रता संग्राम में हिस्सा ले रहे कई दिग्गज नेताओं ने हिस्सा लिया था। इस सम्मेलन ने भारत के स्वतंत्रता संघर्ष को गति दी तथा हमारे देश पर अपनी छाप छोड़ी।

आरजी कर हत्याकांड पर विरोध कर रहे समूह ने रोड रेज की घटना में उत्पीड़न का आरोप लगाया

आरजी कर अस्पताल के डॉक्टर के दुष्कर्म और हत्या के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों के एक समूह ने आरोप लगाया है कि कोलकत्ता के बीचोबीच रोड रेज की घटना में 70-80 लोगों ने दोपहिया वाहनों पर सवार होकर कई किलोमीटर तक उनका पीछा किया, जिसके बाद जांच शुरू की गई।

शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि यह घटना सोमवार शाम को डॉक्टर की मौत के विरोध में आयोजित रैली के बाद राशबिहारी क्रॉसिंग पर हुई।

प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि काली पूजा विसर्जन के लिए जा रहे लोगों के एक समूह के साथ उनकी एक कार को रोकने को लेकर बहस हुई थी, जिसके बाद 70-80 लोगों ने दोपहिया वाहनों पर सवार होकर एक्साइड क्रॉसिंग तक उनका पीछा किया।

प्रदर्शनकारियों में से एक ने कहा, 'राशबिहारी से एक्साइड क्रॉसिंग तक वे हमारी कार की खिड़कियों और दरवाजों को पीटते रहे और हमें बाहर निकलने के लिए कहते रहे। हमने पूरे घटनाक्रम की वीडियो बनाई है। शेक्सपियर सरानी पुलिस स्टेशन और मैदान पुलिस स्टेशन को बार-बार कॉल करने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। हमने आखिरकार 100 नंबर डायल किया, जब कुछ पुलिसकर्मी पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे।'
 
 पुलिस ने कहा कि उन्होंने घटना की जांच शुरू कर दी है। दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हम एक्साइड क्रॉसिंग के पास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं।

ऑनलाइन धोखाधड़ी मामले में पांच और गिरफ्तार  

ओडिशा में 6.28 करोड़ के ऑनलाइन ठगी के मामले में पुलिस ने पांच और लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को केरल से पकड़ा है। उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर ओडिशा लाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि आरोपी केरल के मल्लपुरम, तिरुरंगादी और त्रिशूर के रहने वाले हैं। मामले में अब तक पुलिस 29 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इससे पहले ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा ने एक कॉर्पोरेट कर्मचारी से 6.28 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में तीन राज्यों से 24 साइबर जालसाजों को गिरफ्तार किया था। अपराध शाखा के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) विनयतोष मिश्रा ने बताया था कि पुलिस ने संदिग्धों के बैंक खातों से 16.85 लाख रुपये जब्त कर पीड़ित को 6.80 लाख रुपये लौटा दिए हैं। पीड़ित को धोखाधड़ी के इरादे से बनाए गए एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया और उच्च रिटर्न के वादे के साथ बड़ी रकम का निवेश करने का लालच दिया गया। पुलिस के मुताबिक, शिकायत के बाद अंतरराज्यीय धोखाधड़ी गिरोह की जांच के लिए सात दलों का गठन किया गया था। मिश्रा ने बताया कि पुलिस दलों ने तमिलनाडु से नौ, गुजरात से आठ और राजस्थान से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

नए आपराधिक कानून समाज की चुनौतियों के अनुरूप: बिरला

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को कहा कि तीन नए आपराधिक कानून समकालीन समाज की चुनौतियों और आशा के अनुरूप हैं। सांवधानिक तथा संसदीय अध्ययन संस्थान (आईसीपीएस) के प्रशिक्षण कार्यक्रम में 83 देशों के 135 प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए बिरला ने कहा कि भारत ने अंतरराष्ट्रीय कानूनों का सम्मान किया है और मानवाधिकारों का पक्षधर रहा है। तकनीक और अपराधों के स्वरूप में आए बदलावों के चलते कानूनों का निर्माण किया गया है। बिरला ने कहा कि भारत का कानून अंतिम व्यक्ति को न्याय का अधिकार देता है और आम जनता न्यायाधीश को भगवान के रूप में देखती है।

संसदीय समिति को भारत-चीन और कनाडा संबंधों की जानकारी देंगे विदेश सचिव विक्रम मिस्री

बुधवार को होने वाली विदेश मामलों की संसदीय समिति की बैठक में विदेश सचिव विक्रम मिस्री भारत-चीन और कनाडा संबंधों की जानकारी देंगे। बैठक कांग्रेस सांसद शशि थरूर की अध्यक्षता में होगी। 

नई दिल्ली नगर पालिका परिषद में चार सदस्यों की नियुक्ति

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मंगलवार को नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) में चार नए सदस्यों की नियुक्ति की। इसमें कुलजीत चहल को उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा अनिल वाल्मिकी, सरिता तोमर और दिनेश प्रताप सिंह भी सदस्य बनाए गए हैं। कुलजीत चहल भाजपा के नमो ऐप के राष्ट्रीय संयोजक भी हैं। गृह मंत्रालय ने हाल ही में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी केशव चंद्र को एनडीएमसी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। परिषद के निर्वाचित सदस्य नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री, नई दिल्ली के विधायक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली छावनी के विधायक वीरेंद्र सिंह कादियान हैं।

सीपीआई (एम) ने मोदी और शाह पर झारखंड में सांप्रदायिक भाषण देने का आरोप लगाया

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर झारखंड में सांप्रदायिक टिप्पणी करने का आरोप लगाया। उन्होंने चुनाव आयोग से पीएम मोदी और अमित शाह के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। सीपीआई एम ने कहा कि झारखंड चुनाव अभियान में प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के नेतृत्व में भाजपा नेताओं द्वारा दिए जा रहे पूरी तरह से सांप्रदायिक भाषण आदर्श आचार संहिता के साथ-साथ चुनाव आयोग द्वारा सभी राजनीतिक दलों को जारी किए गए दिशानिर्देशों का उल्लंघन है। सीपीआई (एम) ने इसे वोट हासिल करने के लिए समुदायों के बीच दरार पैदा करने का प्रयास बताया और कहा कि यह निंदनीय है कि चुनाव आयोग ने ऐसे भाषणों पर स्वत: संज्ञान नहीं लिया।

ब्रिटेन के पूर्व पीएम सुनक ने राघवेंद्र स्वामी मठ में की पूजा

ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, उनकी पत्नी अक्षता मूर्ति, राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति, और इंफोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति ने नंजनगुडु श्री राघवेंद्र स्वामी के मठ में पूजा की।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed