फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 4th Oct North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: 7 को कई दलों के नेताओं से मिलेंगे राधाकृष्णन; मदुरै के मीनाक्षी मंदिर को मिली बम से उड़ाने की धमकी

Sat, 04 Oct 2025 10:40 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: नितिन गौतम Updated Sat, 04 Oct 2025 10:40 PM IST
विज्ञापन
News Updates 4th Oct North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 7 अक्तूबर को संसद के एनेक्सी एक्सटेंशन भवन में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से मिलेंगे। यह मुलाकात संसद के शीतकालीन सत्र से कुछ दिन पहले हो रही है। सूत्रों ने बताया कि सदन के नेताओं से मुलाकात उपराष्ट्रपति की ओर से विपक्षी नेताओं के साथ बेहतर संबंध सुनिश्चित करने के प्रयासों का हिस्सा है।

विज्ञापन


सूत्रों के अनुसार बैठक में आमंत्रित लोगों में भाजपा अध्यक्ष और सदन के नेता जेपी नड्डा, विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, अर्जुन राम मेघवाल, एल मुरुगन, शरद पवार, एचडी देवेगौड़ा, एम थंबीदुरई, डेरेक ओ ब्रायन, तिरुचि शिवा, संजय सिंह, सुभाष चंद्र बोस पिल्ली, सस्मित पात्रा, प्रेम चंद गुप्ता, संजय राउत, राम गोपाल यादव, जॉन ब्रिटास, संतोष कुमार पी, प्रफुल्ल पटेल, संजय झा, रामदास अठावले, बीरेंद्र प्रसाद बैश्य, अब्दुल वहाब, जी के वासन और केआर सुरेश रेड्डी शामिल हैं। बैठक में टीएमसी का प्रतिनिधित्व सागरिका घोष करेंगी। यह बैठक उनके राज्यसभा सभापति के रूप में कार्यभार संभालने के एक महीने के भीतर हो रही। राधाकृष्णन ने 9 सितंबर को उपराष्ट्रपति चुनाव जीता था।

विज्ञापन

मदुरै के मीनाक्षी मंदिर को मिली बम से उड़ाने की धमकी
तमिलनाडु में मदुरै के सुप्रसिद्ध मीनाक्षी मंदिर को शनिवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिससे दहशत फैल गई। पुलिस ने बताया कि ईमेल से मिली धमकी के बाद पूरे मंदिर परिसर को खाली कराया गया और तीन घंटे तक गहन तलाशी अभियान चलाया गया लेकिन कहीं कुछ भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद अधिकारियों ने धमकी को झूठी करार दे दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

तमिलनाडु में कोल्ड्रिफ कफ सिरप की बिक्री पर रोक
तमिलनाडु सरकार ने कफ सिरप कोल्ड्रिफ की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। प्रदेश सरकार ने यह कदम मध्य प्रदेश और राजस्थान में 11 बच्चों की मौत इस दवा से जुड़ी आशंकाओं के बीच देखते हुए उठाया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 1 अक्तूबर से पूरे तमिलनाडु में इस दवा की बिक्री पर रोक लागू कर दी गई है और बाजार से इसे हटाने का आदेश जारी किया गया है। अधिकारी ने कहा कि बीते दो दिनों में दवा बनाने वाली कंपनी के सुंगुवर्चत्रम (जिला कांचीपुरम) स्थित उत्पादन केंद्र में निरीक्षण किया गया और नमूने एकत्र किए गए हैं। इन नमूनों को सरकारी प्रयोगशालाओं में भेजा जाएगा, ताकि यह जांचा जा सके कि इसमें ‘डाइइथिलीन ग्लाइकॉल’ नामक हानिकारक रसायन मौजूद है या नहीं। यह रसायन शरीर में गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है और पहले भी दवा से जुड़ी त्रासदियों में इसका हाथ रहा है। सूत्रों के अनुसार, यह कंपनी अपनी दवाएं राजस्थान, मध्य प्रदेश और पुडुचेरी को भी सप्लाई करती है। अब इन राज्यों में भी कोल्ड्रिफ की खेप की जांच की जा रही है। तमिलनाडु सरकार ने कहा है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी संदिग्ध दवा को बाजार में रहने नहीं दिया जाएगा।

कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कर्नाटक में सीएम बदलने की अटकलों को खारिज किया
कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने की अटकलों के बीच अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने इन अफवाहों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी नेतृत्व संबंधी निर्णय लेने में सक्षम है और इस पर चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। यह बयान तब आया जब कुछ नेताओं ने दावा किया कि डिप्टी सीएम डी.के. शिवकुमार अगले मुख्यमंत्री बन सकते हैं। 2023 में चुनाव परिणामों के बाद सिद्धारमैया और शिवकुमार के बीच सीएम पद को लेकर प्रतिस्पर्धा थी, जिसे कांग्रेस ने सुलझाया था। "रोटेशनल सीएम फॉर्मूला" की चर्चा हुई थी, लेकिन पार्टी ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

अरविंद केजरीवाल का दावा- 2027 के चुनावों के बाद AAP की सरकार बनेगी
आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गोवा में 2027 विधानसभा चुनावों के बाद अकेले सरकार बनाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने पिछले 13 वर्षों में गोवा को भ्रष्टाचार, हिंसा और गुंडाराज में डुबो दिया है। उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता पर हमले को सरकार विरोधियों को दबाने की साजिश बताया। केजरीवाल ने राज्य में अवैध निर्माण, खनन, बेरोजगारी, महिलाओं की असुरक्षा और पर्यटन में गिरावट जैसे मुद्दों को उठाया। उन्होंने सभी गोवा निवासियों से अपील की कि वे बदलाव के लिए आम आदमी पार्टी का समर्थन करें। AAP नेता राज्य में कई कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं।

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन विपक्षी नेताओं से औपचारिक मुलाकात करेंगे, 7 अक्तूबर को पहली बैठक
हाल ही में उपराष्ट्रपति चुने जाने के बाद राज्यसभा के पदेन सभापति बन चुके सीपी राधाकृष्णन आगामी 7 अक्तू बर को विभिन्न दलों के फ्लोर नेताओं के साथ पहली औपचारिक बैठक करेंगे। यह बैठक संसद के आगामी शीतकालीन सत्र से पहले हो रही है और विपक्ष के साथ बेहतर संबंध स्थापित करने के प्रयासों का हिस्सा है। राधाकृष्णन ने 9 सितंबर को उपराष्ट्रपति पद का चुनाव जीता था। इससे पहले 12 सितंबर को कुछ विपक्षी नेताओं ने उन्हें बधाई दी थी, लेकिन 7 अक्टूबर की बैठक को उनकी पहली औपचारिक राजनीतिक बातचीत माना जा रहा है। उनके पूर्ववर्ती जगदीप धनखड़ के कार्यकाल में विपक्ष से संबंध तनावपूर्ण रहे थे।

केंद्र सरकार के मंत्रालय में सचिव बनकर फ्रॉड की कोशिश, दिल्ली-बंगलूरू में FIR
केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव के रूप में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा खुद को प्रस्तुत कर संवेदनशील जानकारी प्राप्त करने की कोशिश की गई। इस मामले में दिल्ली और बेंगलुरु में एफआईआर दर्ज की गई है। मंत्रालय ने सभी संबंधित पक्षों को सतर्क रहने और ऐसे कॉल्स से निपटने में मानक प्रक्रियाओं का पालन करने की सलाह दी है। सरकार ने अपील की है कि अगर मंत्रालय के सचिव के नाम से कोई कॉल आए, तो उसकी सत्यता mohua.gov.in पर उपलब्ध आधिकारिक संपर्क विवरण से जांचें। फ्रॉड का संदेह होने पर ऐसे मामलों की रिपोर्ट cybercrime.gov.in या हेल्पलाइन 1930 पर कर सकते हैं।

3.5 लाख रिश्वत लेते रक्षा विभाग का अफसर गिरफ्तार
सीबीआई ने वायुसेना स्टेशन में सीसीटीवी लगाने के आपूर्ति आदेश को मंजूरी देने के लिए कथित तौर पर 3.5 लाख की रिश्वत लेने के आरोप में रक्षा लेखा महानियंत्रक के एकीकृत वित्तीय सलाहकार के एक अधिकारी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी साझा की। सीसीटीवी कंपनी के मालिक ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से संपर्क किया कि रक्षा लेखा महानियंत्रक (सीजीडीए) के एकीकृत वित्तीय सलाहकार (आईएफए), अशोक कुमार जादव और वायुसेना के एक सार्जेंट ने आदेश को मंजूरी देने के लिए रिश्वत मांगी।

वाइस एडमिरल गोखले बने प. नौसेना कमान के चीफ ऑफ स्टाफ
वाइस एडमिरल राहुल विलास गोखले ने नौसेना की पश्चिमी कमान के चीफ ऑफ स्टाफ का पदभार ग्रहण कर लिया है। रक्षा विज्ञप्ति के अनुसार, इससे पहले उन्होंने भारतीय नौसेना के पश्चिमी बेड़े की कमान संभाली थी। गोखले राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खडकवासला-पुणे, रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज, वेलिंगटन, नौसेना युद्ध कॉलेज-गोवा और ऑस्ट्रेलियन डिफेंस कॉलेज, कैनबरा के पूर्व छात्र हैं। 

सामाजिक सुरक्षा के लिए भारत को मिला आईएसएसए पुरस्कार
देश में सामाजिक सुरक्षा को बढ़ाने के लिए भारत को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा संघ (आईएसएसए) पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। डॉ. मनसुख मांडविया ने मलयेशिया में सामाजिक सुरक्षा मंच से यह पुरस्कार प्राप्त किया। भारत में सामाजिक सुरक्षा 2015 में 19 फीसदी से बढ़कर 2025 तक 64.3 फीसदी तक पहुंच गई है। आईएसएसए ने सरकार के ई-श्रम पोर्टल की सराहना की, जिसमें चार वर्षों में 30 करोड़ से अधिक असंगठित क्षेत्र के श्रमिक पंजीकृत हुए। मलयेशिया के कुआलालंपुर में विश्व सामाजिक सुरक्षा मंच को संबोधित करते हुए मांडविया ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा कवरेज को बढ़ाने के लिए भारत ने सतत प्रयास किए।

आईएसएसए पाने वाला पांचवां देश बना भारत: भारत आईएसएसए पुरस्कार हासिल करने वाला पांचवां देश बन गया है। इससे पहले 2013 में ब्राजील, 2016 में चीन, 2019 में रवांडा और 2022 में आइसलैंड ने यह पुरस्कार हासिल किया।

गुजरात में ड्रग्स फैक्टरी पकड़ी, पांच गिरफ्तार
गुजरात आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने वापी के चाला क्षेत्र में एक सीलबंद बंगले में चल रही मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग फैक्टरी पकड़ी है। एटीएस ने परिसर पर छापे मारे और अंतरराष्ट्रीय बाजार में 30 करोड़ रुपये की 5.9 किलोग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की। एटीएस ने पैरोल से फरार हुए नरसिंह पटेल, उनके बेटे ध्रुव पटेल और तीन सहयोगियों सहित पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 

सबरीमाला सोना विवाद: टीडीबी प्रमुख पर मूर्ति चोरी का आरोप, मंदिर के धन हड़पने को लेकर कटघरे में केरल सरकार
केरल के सबरीमला मंदिर से जुड़े सोने के विवाद पर सबरीमला कर्म समिति के संयोजक एसजेआर कुमार ने त्रावणकोर देवस्वम बोर्ड (टीडीबी) के वर्तमान अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, सितंबर में द्वारपालक की सोने जड़ी मूर्तियों को बिना अनुमति हटाया गया। उन्होंने जांच की मांग करते हुए कहा यह कार्य मौजूदा अध्यक्ष की देखरेख में हुआ और सभी बोर्ड सदस्यों पर जांच होनी चाहिए। कुमार ने केरल सरकार पर आस्था नहीं रखने वाले डीएमके नेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन को आमंत्रित कर राजनीतिक लाभ के लिए 'ग्लोबल अयप्पा मीट' आयोजित कराने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार हिंदू मंदिरों को निशाना बना रही है ताकि आर्थिक संकट के बीच मंदिरों के धन का दुरुपयोग किया जा सके। कुमार ने कहा कि डीएमके नेताओं ने सनातन धर्म का अपमान किया और उसके उन्मूलन की बात कही, फिर भी केरल सरकार ने उन्हें बुलाया। उन्होंने अदालत से सीबीआई जांच और केंद्र सरकार के हस्तक्षेप की मांग की। बता दें कि सबरीमला मंदिर में 1999 में सोने की परत चढ़ाई गई थी। 2019 में मरम्मत के दौरान इसे हटाया गया था। देवस्वम रिकॉर्ड में हटाई गई प्लेटों को केवल तांबे की बताया गया, और सोने की परत में 4.41 किलो की कमी दर्ज होने के बाद विवाद और गहरा गया।

सेना प्रमुख के बयान पर कांग्रेस नेता का विवादित बयान

सेना प्रमुख के ऑपरेशन सिंदूर पर शुक्रवार को दिए बयान पर कांग्रेस पार्टी ने निशाना साधा है। दिल्ली कांग्रेस के नेता उदित राज ने सेना प्रमुख के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि 'सेना को सलाम। हमारी सेना ने बहादुरी से काम किया, लेकिन बताइए भटिंडा में वो मलबा किसका था? वो एक विमान का मलबा था जो गायब हो गया था। फिर सीडीएस चौहान ने सिंगापुर में कहा कि हमारे विमान मार गिराए गए। फिर भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी ने भी इसकी पुष्टि की। तो क्या पहले के बयान गलत थे? ये अच्छी बात है कि पाकिस्तानी लड़ाकू विमान मार गिराए गए। मैं इसके लिए सेना को सलाम करता हूं।

उदित राज ने कहा, 'आतंकवाद कहां रुका है? ऑपरेशन सिंदूर के बाद भी आतंकी घटनाएं हुईं, तो वो कहां रुका है? और पाकिस्तान नक्शे से मिटेगा या नहीं, कम से कम पीओके तो वापस ले लो। जब पाकिस्तान को नक्शे से मिटाने जैसा बड़ा काम हो सकता है, तो पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर पर कब्जा करने जैसा छोटा काम भी कर लो। उन्हें कौन रोक रहा है?'

तमिलनाडु सरकार डोरस्टेप डिलीवरी योजना चलाएगी

तमिलनाडु सरकार ने शनिवार को घोषणा की कि वह 20 अक्टूबर को पड़ने वाले दिवाली त्योहार से पहले 5 और 6 अक्टूबर को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग परिवार के कार्डधारकों के घरों तक सीधे जरूरी चीजें पहुंचाएगी। यह डोरस्टेप डिलीवरी मुख्यमंत्री एम के स्टालिन द्वारा अगस्त में शुरू की गई 'थैयुमानवर' योजना के तहत की जाएगी। डीएमके सरकार ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि वितरण पूरे राज्य में एक साथ किया जाएगा। 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग परिवार के राशन कार्डधारकों को अपने पड़ोस की उचित मूल्य की दुकानों पर जाकर मासिक राशन प्राप्त करने के लिए कतारों में प्रतीक्षा करने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी।
 

कर्नाटक के बेलगावी में सांप्रदायिक तनाव

कर्नाटक के बेलागावी में खड़क गली में स्थित महबूब सुब्हानी दरगाह के उर्स जुलूस के दौरान नारों को लेकर हुए विवाद के बाद पथराव होने से तनाव पैदा हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार रात जुलूस में शामिल कुछ युवकों ने ‘आई लव मुहम्मद’ का नारा लगाया, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा,  हमने तुरंत हस्तक्षेप किया और मामला गंभीर होने से पहले ही समूहों को तितर-बितर कर दिया। स्थिति अब नियंत्रण में है। शांति बनाए रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं।

8 अक्तूबर को पीएम मोदी नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे

8 अक्तूबर को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 अक्तूबर को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। हवाई अड्डे को 30 सितंबर को विमानन सुरक्षा नियामक डीजीसीए से हवाई अड्डा लाइसेंस प्राप्त हुआ था। नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को कई चरणों में विकसित की जा रहा है, इसमें अदाणी समूह की 74 प्रतिशत हिस्सेदारी है, और शेष 26 प्रतिशत हिस्सेदारी महाराष्ट्र सरकार के भूमि विकास प्राधिकरण सिडको के पास है।

सिडको के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक विजय सिंघल ने शनिवार को एक प्रेस वार्ता में बताया कि प्रधानमंत्री 8 अक्टूबर को दोपहर 2.40 बजे हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे और यह दिसंबर से चालू हो जाएगा। नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, मुंबई महानगर क्षेत्र का दूसरा हवाई अड्डा होगा और इसका हवाई अड्डा कोड 'एनएमआई' है। पूरी तरह से तैयार हो जाने के बाद यह हवाई अड्डा हर साल नौ करोड़ यात्रियों को सेवा प्रदान करने तथा 3.2 एमएमटी कार्गो का प्रबंधन करने में सक्षम होगा, जिससे यह एशिया के सबसे बड़े विमानन केन्द्रों में से एक बन जाएगा।

नगालैंड में कुछ बदमाशों में गोलाघाट जिले के कई घरों में आग लगा दी
नगालैंड के संदिग्ध बदमाशों ने शुक्रवार को असम के गोलाघाट जिले के कई घरों में आग लगा दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना तड़के अंतरराज्यीय सीमा पर सरूपथार के सेक्टर बी में उरियमघाट के तेंगाताल में हुई। उन्होंने कहा, जब ग्रामीण सो रहे थे तब नगालैंड के संदिग्ध बदमाशों ने सीमा पार की और कई घरों में आग लगा दी। इसके चलते कई संपत्तियों को भारी नुकसान हुआ है। हालांकि, आग में किसी व्यक्ति के घायल होने या मारे जाने की खबर नहीं है।

तीन बच्चों की कर्नाटक की झील में डूबने से मौत
कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले के अचेपल्ली गांव में शुक्रवार दोपहर तीन बच्चों की झील में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान विष्णु (14), निहाल राज (12) और हर्षवर्धन (16) के रूप में हुई है। दशहरा की छुट्टियों में बच्चे तैरने गए थे। विष्णु और निहाल राज तैरना नहीं जानते थे और डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में हर्षवर्धन भी डूब गया। बागेपल्ली पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकाला। बच्चों के शव घर पहुंचने पर मातम पसर गया।

केरल के स्कूल में फिलिस्तीन के समर्थन में माइम शो रोका गया
केरल के कासरगोड जिले के कुम्बला गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में फलस्तीन के समर्थन में किए जा रहे एक माइम शो को शिक्षकों द्वारा रोके जाने के बाद शनिवार को छात्रों और छात्र संगठनों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह घटना शुक्रवार को स्कूल के कला उत्सव के दौरान हुई, जब दो शिक्षकों ने मंच पर चल रहे माइम शो को बीच में रोकते हुए पर्दा गिरा दिया।

छात्र संगठनों का विरोध
इस घटना के विरोध में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग की छात्र शाखा मुस्लिम स्टूडेंट्स फेडरेशन (MSF) और माकपा से जुड़ी स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने शनिवार को स्कूल परिसर में प्रदर्शन किया। MSF के कार्यकर्ताओं ने पैरेंट-टीचर एसोसिएशन (PTA) की बैठक में घुसकर शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि शिक्षकों ने छात्रों को एक कमरे में बंद कर दिया ताकि वे माइम शो ना कर सकें।

पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा
स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों को स्कूल परिसर से हटा दिया गया और स्कूल में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राज्य के सामान्य शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जनरल एजुकेशन डायरेक्टर को जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।

विजय की करूर रैली में मची भगदड़ मामले में एंबुलेंस चालकों से पूछताछ शुरू
करूर जिले के वेलुसामीपुरम में 27 सितंबर को अभिनेता और राजनेता विजय की चुनावी रैली के दौरान मची भगदड़ की घटना में 41 लोगों की मौत और 60 से अधिक घायल हो गए थे। इस मामले की जांच के तहत पुलिस ने शनिवार को उस दिन ड्यूटी पर मौजूद एंबुलेंस चालकों से पूछताछ की। करूर टाउन पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि 5 से 6 एंबुलेंस चालक, जो घटना के समय मौके पर मौजूद थे, जांच अधिकारियों के सामने पेश हुए। इनमें सरकारी और निजी अस्पतालों की एंबुलेंस के चालक शामिल हैं, जो करूर और आस-पास के जिलों से आए थे।

क्या जानकारी मांगी गई?
पुलिस ने चालकों से यह जानकारी ली कि उन्हें किसने बुलाया, कितने कॉल सरकारी और निजी अस्पतालों में आए, और कुल कितनी एंबुलेंस 27 सितंबर को सेवा में लगाई गईं। ADGP (लॉ एंड ऑर्डर) डेविडसन देवासिरवथम ने 28 सितंबर को मीडिया को बताया था कि विजय की पार्टी 'तमिझगा विझल कच्ची' (TVK) द्वारा 5 एंबुलेंस पहले से पुलिस क्वार्टर के पास तैनात की गई थीं। उन्होंने कहा कि घटना के तुरंत बाद पुलिस ने स्थानीय थाने को माइक से सूचना दी और अमरावती अस्पताल की करीब 10 एंबुलेंस तत्काल सेवा में लगा दी गईं। यह एक अहम बिंदु है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है ताकि यह पता चल सके कि सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई।

तेलंगाना में जुबली हिल्स उपचुनाव के लिए भाजपा ने बनाई तीन सदस्यीय समिति
तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने शनिवार को जुबली हिल्स विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार चुनने को लेकर तीन सदस्यीय समिति गठित की है। पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार, इस समिति में पूर्व विधायक एम. धर्मा राव, पूर्व सांसद पोथगंटी रामुलु और कोमला अंजनयुलु को शामिल किया गया है। यह पैनल पार्टी नेताओं से चर्चा कर उम्मीदवार के नाम पर सुझाव लेगा।

चुनाव कार्यक्रम का इंतजार
फिलहाल चुनाव आयोग ने जुबली हिल्स उपचुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं की है। उम्मीद है कि बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों के साथ ही इसका शेड्यूल भी जारी होगा। जून 2025 में बीआरएस के विधायक मगंटी गोपीनाथ का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। इसी कारण यह उपचुनाव कराया जा रहा है।

बंगलूरू में बिजली का झटका लगने से हाथी की मौत
बंगलूरू दक्षिण जिले के चेन्नापटना स्थित एक खेत में 40 साल के एक हाथी की बिजली का झटका लगने से मौत हो गई। वन अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उप वन संरक्षक रामकृष्णप्पा सागर ने बताया कि शुक्रवार को हाथी नारियल के पेड़ के पत्ते खाने की कोशिश कर रहा था तभी वह ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार के संपर्क में आ गया। वन मंत्री ईश्वर खंड्रे ने अधिकारियों को जंगल के आसपास झूलते बिजली के तारों को ठीक करने के लिए बिजली कंपनियों को पत्र लिखने का निर्देश दिया है।

कर्नाटक के एमएम हिल्स में बाघ की संदिग्ध मौत के बाद क्षेत्र को टाइगर रिजर्व घोषित करने पर विचार,
कर्नाटक के माले महादेश्वरा (एमएम) वन्यजीव क्षेत्र में हाल ही में एक 12 साल के बाघ की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद राज्य के वन मंत्री ईश्वर खंड्रे ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि स्थानीय लोगों से बातचीत कर क्षेत्र को टाइगर रिजर्व घोषित करने पर रिपोर्ट तैयार करें।

दो अक्तूबर को मिले बाघ के शव को जहर देने की आशंका जताई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बाघ के शरीर पर न तो गोली के निशान मिले और न ही कोई अंग गायब था। हालांकि, अधिकारियों के मुताबिक बाघ का शव तीन हिस्सों में कटा हुआ मिला है। मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ जारी है। वन मंत्री ने सभी टाइगर रिजर्व और मैसूरु डिवीजन के अधिकारियों के साथ आपात बैठक की। उन्होंने बताया कि राज्य वन्यजीव बोर्ड पहले ही एमएम हिल्स को टाइगर रिजर्व घोषित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे चुका है। अब स्थानीय प्रतिनिधियों से राय लेकर अंतिम रिपोर्ट दी जानी है।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जंगल के आसपास बसे गांवों में रहने वाले लोगों और मवेशियों की जानकारी इकट्ठा की जाए। वहीं जंगली जानवरों द्वारा मवेशियों को नुकसान पहुंचाने पर समय पर मुआवज़ा दिया जाए। एमएम हिल्स और कावेरी वन्यजीव अभयारण्यों के पास जागरूकता अभियान चलाए जाएं, ताकि जहर देने और शिकार की घटनाओं को रोका जा सके। साथ ही गश्त बढ़ाई जाए और लापरवाह कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

त्रिपुरा में 10 बांग्लादेशी घुसपैठिए फरार
त्रिपुरा की राजधानी अगरतला के पास स्थित नारसिंहगढ़ डिटेंशन सेंटर से 10 बांग्लादेशी घुसपैठिए फरार हो गए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को इस घटना की जानकारी दी। पुलिस प्रवक्ता रजदीप देब ने बताया कि ये सभी अवैध बांग्लादेशी नागरिक, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, 29 सितंबर को डिटेंशन सेंटर से भाग गए। ये सभी लोग बांग्लादेश वापस भेजे जाने की प्रक्रिया में थे।

पुलिस ने शुरू की तलाशी
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार लोगों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। डिटेंशन सेंटर की सुरक्षा भी और कड़ी कर दी गई है। गौरतलब है कि 1 अक्तूबर को भी उत्तर त्रिपुरा के धर्मनगर जेल से 6 कैदी फरार हो गए थे, जिनमें से दो को बाद में पकड़ लिया गया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि सभी फरार लोगों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।

बंगलूरू में पहले दिन ही जाति सर्वेक्षण में बाधा, गणनाकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
सामाजिक एवं शैक्षिक सर्वेक्षण (जाति सर्वेक्षण) को बंगलूरू में पहले ही दिन मुश्किलों का सामना करना पड़ा। गणनाकर्ताओं ने शनिवार को अपनी शिकायतों के समाधान की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
100 गणनाकर्ताओं ने मल्लेश्वरम नगर निगम कार्यालय में धरना दिया। 22 सितंबर को पूरे कर्नाटक में शुरू हुआ यह सर्वेक्षण 7 अक्तूबर तक चलेगा।

बंगलूरू में यह दो दिनों तक चलेगा। ग्रेटर बंगलूरू अथॉरिटी (जीबीए) के सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शनकारी गणनाकर्ताओं ने बीमार परिवार के सदस्यों की देखभाल और स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं समेत व्यक्तिगत चुनौतियों का हवाला दिया। एक महिला अपने विशेष बच्चे को प्रदर्शन स्थल पर यह बताने के लिए लेकर आई थी कि वह इस अभ्यास में भाग क्यों नहीं ले सकती। उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा, मैं लोगों से सर्वेक्षण में भाग लेने की अपील करता हूं। राज्य सरकार 420 करोड़ रुपये से यह सर्वेक्षण कर रही है।

पीएम ने तमिलनाडु के दो स्वतंत्रता सेनानियों दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को तमिलनाडु के दो महान स्वतंत्रता सेनानियों, तिरुप्पूर कुमारन और सुब्रमण्य शिवा की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि आज के दिन हम भारत माता के दो महान सपूतों, तिरुप्पूर कुमारन और सुब्रमण्य शिवा को याद करते हैं और उन्हें नमन करते हैं। दोनों ने भारत की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया और राष्ट्रवाद की भावना को जागृत किया।

प्रधानमंत्री ने बताया कि तिरुप्पूर कुमारन ने भारत का झंडा हाथ में पकड़े हुए शहादत दी थी, जिससे उनके साहस और बलिदान की मिसाल कायम हुई। वे 1932 में एक आजादी की रैली के दौरान अंग्रेजों की कार्रवाई में सिर्फ 27 साल की उम्र में शहीद हो गए थे। वहीं, सुब्रमण्य शिवा ने अपने जोशीले भाषणों और लेखन के माध्यम से युवाओं में देशभक्ति और सांस्कृतिक गर्व की भावना जगाई।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इन दोनों स्वतंत्रता सेनानियों का योगदान देश की स्मृतियों में हमेशा जीवित रहेगा और यह हमें आज़ादी के लिए दिए गए अनगिनत बलिदानों की याद दिलाता है। उन्होंने आशा जताई कि इनकी प्रेरणा से देश में एकता और विकास की भावना मजबूत होगी। प्रधानमंत्री मोदी अक्सर आज़ादी के संघर्ष में योगदान देने वाले कम प्रसिद्ध नायकों को उजागर करते रहे हैं, जिनके बलिदान को स्वतंत्रता के बाद वह पहचान नहीं मिल पाई जिसकी वे हकदार थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed