अपडेट: तमिलनाडु में इस्लामी संगठन के 6 सदस्य गिरफ्तार; कर्नाटक में हिरासत में मौत, आक्रोशित भीड़ ने फूंके वाहन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तमिलनाडु में अंतरराष्ट्रीय इस्लामी संगठन हिज्ब-उत-तहरीर (एचयूटी) के छह सदस्यों को चुनाव और लोकतंत्र के खिलाफ प्रचार जैसी राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के लिए गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में लगभग पचास साल का एक व्यक्ति, उसके दो बेटे और तीन अन्य शामिल हैं, जिनकी उम्र 26 से 33 वर्ष के बीच थी। उनके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के प्रावधान भी लगाए गए हैं। उन्होंने कहा, इस्लामिक शासन या खलीफा के लिए इस्लाम के अनुयायियों से समर्थन मांगने की एक मामूली कवायद के रूप में शुरू हुई बंद दरवाजे की बैठकों में प्रतिभागियों की संख्या बढ़ने के साथ मजबूत होती नजर आईं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, चुनावों के संचालन, लोकतंत्र और मतदान अभ्यास में भागीदारी के खिलाफ उनके प्रचार के बाद समूह को गिरफ्तार किया गया था। उनके प्रचार का विषय था कि क्या चुनाव हराम है या हलाल। उसमें फैसला सुनाया गया कि चुनाव और लोकतंत्र हराम है। उनका तर्क था कि लोकतंत्र और कानून का शासन मनुष्यों का है इसलिए यह मुकम्मल नहीं है।
पुलिस हिरासत में मौत, आक्रोशित भीड़ ने फूंके वाहन
कर्नाटक के दावणगेरे जिले के चन्नागिरी शहर में हिरासत में लिए शख्स की मौत पर भीड़ हिसंक हो गई। शनिवार तड़के मृतक के रिश्तेदारों संग आई गुस्साई भीड़ ने पुलिस स्टेशन में तोड़फोड़ करने के साथ ही कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने हमले के बाद पुलिस उपाधीक्षक और चन्नागिरी पुलिस स्टेशन निरीक्षक को निलंबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह हिरासत में हुई मौत नहीं है। वहीं, दावणगेरे के पुलिस अधीक्षक उमा प्रशांत ने कहा कि पुलिस इलाके में गश्त कर रही है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सीएम सिद्धरमैया ने कहा कि आरोपी को दौरे पड़ते थे। इसलिए उसे थाने बुलाना गलत था। उधर, पुलिस के मुताबिक, कथित तौर पर जुआ खेलने में शामिल होने की वजह से 30 साल के आदिल को 24 मई को हिरासत में लिया गया था। इस दौरान उसकी सेहत बिगड़ गई और कल रात ही उसकी मौत हो गई।
पीएम के रोड शो में बाधा डालने के लिए बंगाल सरकार ने लगाई धारा 144 : भाजपा
पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने शनिवार को कहा कि पुलिस ने 28 मई को कोलकाता में होने वाली प्रधानमंत्री की रैली को बाधित करने के लिए धारा 144 लगाई गई है। भाजपा नेता मजूमदार ने संवाददाताओं से कहा, कोलकाता पुलिस ने धारा 144 लागू कर दी है। मुझे लगता है कि इसे प्रधानमंत्री की रैली में बाधा डालने और लोगों में डर पैदा करने के लिए लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि पीएम का रोड शो ऐतिहासिक होगा और इसमें करीब 2 लाख लोग शामिल होंगे। कोलकाता पुलिस ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि मध्य कोलकाता में सीआरपीसी की धारा 144 लगाने का उसका 22 मई का आदेश एक नियमित अभ्यास था। पुलिस की यह प्रतिक्रिया भाजपा के उस आरोप के बाद आई है, जिसमें कहा गया था कि लोगों को पीएम के रोड शो में हिस्सा लेने से रोकने के लिए यह धारा लगाई गई है।
मां के दूध से बिजनेस करना गैरकानूनी, नकेल कसने को FSSAI ने दिखाई सख्ती
मानव दूध और उसके उत्पादों के अनधिकृत व्यावसायीकरण पर अंकुश लगाने की दिशा में सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधीन आने वाली वैधानिक इकाई- खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने इस संबंध में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खाद्य सरक्षा आयुक्तों को परामर्श जारी किया है। एफएसएसएआई ने कहा कि मानव दूध और उसके उत्पादों के व्यावसायीकरण के संबंध में कई पंजीकृत समितियों के पत्र मिले हैं। देश की अहम कानूनी इकाई- एफएसएसएआई ने साफ किया कि एफएसएस अधिनियम, 2006 और उसके तहत बनाए गए नियमों/विनियमों के तहत मानव दूध बेचना गलत है। प्राधिकरण के मुताबिक इस कानून के तहत मानव दूध के प्रसंस्करण और/या बिक्री की अनुमति नहीं दी गई है। इसलिए, मानव दूध और उसके उत्पादों के व्यावसायीकरण से संबंधित सभी गतिविधियों को तुरंत रोका जाए। एफएसएसएआई ने आगाह किया कि किसी भी उल्लंघन के मामले से सख्ती से निपटा जाएगा। एफबीओ के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जा सकती है। प्राधिकरण ने राज्य और केंद्रीय लाइसेंसिंग अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को भी कहा है कि 'मां के दूध/मानव दूध' के प्रसंस्करण या बिक्री में शामिल एफबीओ का न तो पंजीकरण किया जाए न ही उन्हें कोई लाइसेंस मिले।
रंगीला राजा के निर्देशक सिकंदर का 60 साल की उम्र में निधन
1980 से 1990 के दशक के मध्य तक बॉलीवुड को कई जानी-मानी फिल्में देने वाले निर्माता-निर्देशक सिकंदर भारती का शुक्रवार को 60 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह कैंसर से पीड़ित थे। शनिवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया। सिकंदर भारती ने घर का चिराग, जालिम, पुलिस वाला, डू फंटूश जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। उनकी आखिरी निर्देशित फिल्म रंगीला राजा 2019 में रिलीज हुई थी।
रैगिंग के बाद मौत में आरोपी चार छात्र होंगे निष्कासित
रैगिंग मामले में पश्चिम बंगाल की जादवपुर विश्वविद्यालय की समिति ने चार छात्रों को निष्कासित करने की सिफारिश की है। ये सभी पिछले वर्ष अगस्त में प्रथम वर्ष के एक छात्र की रैगिंग और उसके साथ यौन दुर्व्यवहार में शामिल थे। बाद में उस छात्र की हॉस्टल की बालकनी से गिरकर मौत हो गई थी। सिविल इंजीनियरिंग, अर्थशास्त्र और समाजशास्त्र के ये चारों छात्र बहरहाल पुलिस हिरासत में हैं। एक अधिकारी ने शनिवार को कहा, रैगिंग रोधी समिति ने इन चारों के अलावा पांच अन्य आरोपी छात्रों को भी चतुर्थ सेमेस्टर के लिए निष्कासित करने की अनुशंसा की है।
सीएम ममता के आरोप- भाजपा हिंसा फैला रही है, पूर्व मेदिनीपुर में टीएमसी कार्यकर्ता की हत्या
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विपक्षी दल भाजपा को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के गढ़ पूर्वी मेदिनीपुर जिले में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ता की हत्या कराए जाने का आरोप लगाया। ममता ने बशीरहाट लोकसभा सीट के दायरे में आने वाले इलाके- हरोआ में एक चुनावी रैली के दौरान कहा कि भाजपा ने पूर्वी मेदिनीपुर जिले में आतंक का राज कायम कर रखा है। बकौल ममता, 'उन्होंने (भाजपा ने) पूर्व मेदिनीपुर जिले के महिषादल में हमारी पार्टी के एक सक्रिय सदस्य की हत्या कर दी। चुनाव में हार को देखते हुए वे लोगों और टीएमसी कार्यकर्ताओं पर हमले कर रहे हैं।' इससे पहले नंदीग्राम सीट से ममता को मात देकर विधायक बने ममता के पूर्व सहयोगी और अब भाजपा विधायक सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में भाजपा महिला सदस्य की हत्या के पीछे टीएमसी का हाथ है। उन्होंने कहा, हमले में टीएमसी के गुंडे शामिल थे। हालांकि, तृणमूल का कहना है कि यह भाजपा की आंतरिक कलह का नतीजा है। बता दें कि दो दिन पहले पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में कई घरों और दुकानों में आग लगा दी गई थी। यहीं एक भाजपा महिला सदस्य की हत्या और उसके बेटे पर जानलेवा हमले का मामला भी सामने आया। महिला इस क्षेत्र में भाजपा की सक्रिय एससी/एसटी मोर्चा नेता थी।