Updates: कर्नाटक के मुख्यमंत्री के वेतन में 100% बढ़ोतरी की मंजूरी; केरल से दो बांग्लादेशी किए गए गिरफ्तार
फंड की कमी के चलते चुनाव गारंटियां नहीं पूरी करने के आरोपों के बीच कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायकों के वेतन में 100 फीसदी बढ़ोतरी की मंजूरी दे दी। कर्नाटक मंत्रियों के वेतन और भत्ते (संशोधन) विधेयक 2025 और कर्नाटक विधानमंडल सदस्यों के वेतन, पेंशन और भत्ते (संशोधन) विधेयक 2025 को मंजूरी दी गई। गृह मंत्री जी परमेश्वर ने बढ़ते खर्चों और विधायकों के जीवित रहने की आवश्यकता का हवाला देते हुए वेतन वृद्धि को उचित ठहराया। परमेश्वर ने कहा ने कहा कि उचित कारण यह है कि अन्य लोगों के साथ-साथ उनका खर्च भी बढ़ रहा है।
असम में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान
असम में दो अलग-अलग अभियानों में पुलिस ने भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त कर तस्करी के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि श्रीभूमि जिला पुलिस ने गुप्त सूचना पर बुधवार की रात नशा विरोधी अभियान चलाया और 17,000 याबा की गोलियों को साथ एक युवक को पकड़ा। वहीं, कछार जिले के धोलाई इलाके से गुरुवार तड़के 80 ग्राम हेरोइन के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने उनके मोबाइल और वाहन जब्त कर लिए हैं। जांच जारी है।
पीएम ने दी पारसी नववर्ष नवरोज की बधाई
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को पारसी नववर्ष नवरोज के अवसर पर लोगों को बधाई देते हुए कामना की है कि आने वाला वर्ष अधिक समृद्धि लेकर आए व आपसी भाईचारे को और मजबूत करे। प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, "नवरोज मुबारक! यह विशेष दिन सभी के लिए खुशियां, समृद्धि और अच्छा स्वास्थ्य लेकर आए। आने वाला साल सफलता और प्रगति से भरा हो और सद्भाव के बंधन मजबूत हों। आने वाले साल के लिए खुशी और संतुष्टि की कामना करता हूं।" नवरोज या नौरोज ईरानी मूल का एक त्यौहार है जो पारसियों के पारंपरिक नववर्ष का प्रतीक है।
वायुसेना खरीदेगी लड़ाकू विमान समेत ये चीजें
वायुसेना (आईएएफ) आगामी वित्त वर्ष 2025-26 में लड़ाकू विमान, जासूसी विमान, रडार और अन्य महत्वपूर्ण उन्नत हथियार खरीदने की योजना बना रही है। इसका उद्देश्य चीन और पाकिस्तान के साथ सीमाओं पर अपनी सैन्य संचालन की क्षमताओं में सुधार करना है। संसद में रक्षा पर पेश की गई स्थायी समिति की रिपोर्ट के अनुसार 2025-26 में वायुसेना रडार, लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एलसीए), लाइट यूटिलिटी हेलिकॉप्टर (एलयूएच), मल्टीरोल हेलिकॉप्टर और हवा में ईंधन भरने वाले विमानों को खरीदने की सूची बनाई है। इसके अलावा वायुसेना अपने रूसी मूल के सुखोई-30 लड़ाकू विमानों, सिग्नल इंटेलिजेंस और संचार जैमिंग विमानों और एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल विमानों के स्वदेशी तरीके से अपडेट करने की भी योजना बना रही है। रक्षा मंत्रालय (एमओडी) ने पिछले पांच वर्षों में स्वदेशी स्रोतों से वायुसेना द्वारा किए गए अधिग्रहणों के बारे में भी विवरण प्रदान किया।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दावा किया कि हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन (एचसीए) के अधिकारियों ने राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेल सामग्री की खरीद में 20 करोड़ का घोटाला किया है। ईडी ने मंगलवार को पीएमएलए के तहत 51.29 लाख की अचल संपत्तियों की कुर्की के आदेश जारी किया। ईडी ने जांच में पाया कि एचसीए के पदाधिकारियों ने खेल सामग्री के िलए सारा स्पोर्ट्स, एक्सीलेंट एंटरप्राइजेज और बॉडी ड्रेंच इंडिया प्रालि. को अधिक कीमतों पर ठेके दिए।
सांसद निधि 5 से बढ़ाकर 20 करोड़ की जाए : रामगोपाल
सपा के राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने सांसद निधि 5 से बढ़ाकर 20 करोड़ रुपये करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा, एक तिहाई सांसद सांसद निधि के कारण चुनाव हार जाते हैं। एक सांसद के अंतर्गत 5-6 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। सांसद निधि जब शुरू हुई, तो एक किमी सीसी रोड 3.5 मीटर चौड़ी 13 लाख में बन जाती थी। अब यह 1.10 करोड़ रुपये में बन रही है। पहले एक हैंडपंप 15 हजार में लगता था अब 85 हजार में लगता है।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल टैक्स के लिए नई नीति जल्द : गडकरी
केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को कहा कि सरकार जल्द ही राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल टैक्स के लिए नई नीति की घोषणा करेगी। इसमें उपभोक्ताओं को उचित छूट दी जाएगी। गडकरी ने राज्यसभा में कहा, सरकार सड़क निर्माण पर बहुत खर्च कर रही है। इसलिए टोल चार्ज जरूरी है। जब अच्छी सड़क चाहिए, तो भुगतान करना होगा। गडकरी ने कहा, हम केवल चार लेन पर टोल वसूल रहे हैं, दो लेन पर नहीं। उन्होंने बताया कि सैटेलाइट आधारित टोल संग्रह प्रणाली शुरू करने पर विचार के लिए बनी समिति ने सुरक्षा व गोपनीयता पर आगे विचार-विमर्श की सिफारिश की है। सरकार अमेरिका जैसे राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण के लिए असम में 3 लाख करोड़ रुपये निवेश की योजना बना रही है।
भारत का 'एआई फॉर ऑल' मंत्र ठोस तैयारियों पर आधारित: जितिन प्रसाद
केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने गुरुवार को बताया कि भारत का ‘एआई फॉर ऑल’ मंत्र ठोस तैयारियों पर आधारित है। देश एआई कौशल प्रसार और प्रतिभाओं के इस्तेमाल के मामले में अग्रणी है। उन्होंने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से वैश्विक कौशल राजधानी के रूप में भारत की स्थिति का लाभ उठाने के लिए अनुसंधान व विकास (आरएंडडी) को प्राथमिकता देने की अपील की। केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री प्रसाद नई दिल्ली में आयोजित नैसकॉम ग्लोबल कॉन्फ्लुएंस 2025 में बोल रहे थे।
श्रीलंका ने जेल में बंद 13 भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया है। कोलंबो में भारतीय दूतावास को सौंपे जाने के बाद गुरुवार को कराईकल क्षेत्र के ये मुछआरे चेन्नई पहुंच गए। श्रीलंका की नौसेना ने इन सभी को द्वीपीय राष्ट्र की सीमा में घुसकर मछलियां पकड़ने के आरोप में 26 फरवरी को गिरफ्तार किया था। हालांकि, मुछआरों का दावा है कि अचानक तेज बहाव आया और उनका जाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के 300 मीटर पार चला गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दौरान श्रीलंकाई नौसेना ने गोलीबारी की और सभी भारतीय मछुआरों को पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें मल्लाकम कोर्ट में पेश किया गया और जाफना जेल भेज दिया गया। इसमें कहा गया कि गिरफ्तारी के दौरान 13 मछुआरों में से तीन चोटिल भी हुए थे। इनमें से एक के पैर में गंभीर चोट आई थी। श्रीलंका के एक सरकारी अस्पताल में तीनों का इलाज कराया गया और 12 मार्च को 13 मछुआरों को रिहा कर दिया। अधिकारियों ने मछुआरों के लिए कोलंबो से चेन्नई के लिए फ्लाइट टिकट की व्यवस्था की और उन्हें अस्थायी पासपोर्ट जारी करने के बाद भारत भेजा गया। चेन्नई हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद, सभी मछुआरों को नागरिकता जांच और सीमा शुल्क जांच जैसी सभी जांच पूरी करने के बाद बाहर लाया गया। गंभीर रूप से घायल मछुआरे को इलाज के लिए चेन्नई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महिलाओं को बार में काम करने की अनुमति देने वाले राज्यों की सूची में पश्चिम बंगाल भी शामिल हो गया है। बुधवार को इस संबंध में विधेयक पारित किया गया। वित्त विधेयक, 2025 को राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने विधानसभा में पेश किया। इसमें बंगाल आबकारी अधिनियम, 1909 में संशोधन करने का प्रस्ताव है। कानून बनने के बाद राज्य में ओएन श्रेणी की शराब की दुकानों में महिलाओं को काम पर रखने पर प्रतिबंध हट जाएगा। मंत्री ने बताया कि ऐसा प्रावधान भेदभावपूर्ण है। बता दें कि 'ऑफ' शॉप्स में शराब बेची जाती है, जबकि 'ऑन' शॉप्स में परिसर में शराब पीने की अनुमति होती है।
रामनगर के पास बिदादी में एक फैक्टरी के शौचालय की दीवारों पर पाकिस्तान समर्थक नारे और कन्नड़ लोगों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी लिखने के आरोप में बुधवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। हैमद हुसैन (21) और सादिक (24) बिदादी भीमनहल्ली स्थित एक जापानी कंपनी में अनुबंध पर काम कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि मामला 14 मार्च को सामने आया, जिसके बाद कंपनी के एचआर ने उन्हें हटा दिया व कर्मचारियों को ऐसी गतिविधियों में शामिल न होने की चेतावनी देते हुए परिपत्र जारी किया।
कैग : कर्नाटक में सरकारी खरीद में गड़बड़ी का खुलासा
कैग की रिपोर्ट में कर्नाटक राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम लि. (केओनिक्स) में खरीद में गड़बड़ी का खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक केओनिक्स ने बाजार भाव से बहुत ऊंची दर पर सामग्रियों की खरीद की, जिससे सरकारी खजाने पर 47.97 करोड़ रुपये का भार पड़ा। राज्य सरकार ने बुधवार को रिपोर्ट को सदन के पटल पर रखा।
असम के श्रीभूमि जिले में एक डॉक्टर ने मोटी रकम लेकर एक अविवाहित महिला के नवजात शिशु को बेच दिया। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर व अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला बाल संरक्षण इकाई (सीपीयू) की एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें करीब चार-पांच दिन पहले शिशु को अवैध रूप से गोद लेने के संबंध में सूचना मिली थी। जांच में पता चला कि डॉक्टर ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर नवजात को जिले के एक दंपती बेच दिया।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि लगभग चार महीने पहले एक महिला गर्भपात कराने के लिए आरोपी डॉक्टर के पास पहुंची थी, लेकिन पांच महीने की गर्भवती होने के कारण उसने ऐसा करने से इन्कार कर दिया। एक अधिकारी ने बताया कि इसके बाद, कुछ दिन पहले डॉक्टर ने निजी अस्पताल में ऑपरेशन कर महिला का प्रसव कराया और फर्जी कागजात तैयार कर शिशु को बेच दिया। बाल संरक्षण इकाई ने नवजात बच्चे को बाल कल्याण समिति के हवाले कर दिया है।
झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले की 27 पुलिस टीमों की तरफ से रात भर की गई छापेमारी में कुल 13 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। मामले में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में आपराधिक गतिविधियों की जांच के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा थी।
एसपी (सरायकेला-खरसावां) मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि पुलिस टीमों में एसडीपीओ (सरायकेला) समेत 185 पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस टीमों ने कई पुलिस थानों के अंतर्गत 100 स्थानों पर छापेमारी की और 13 अपराधियों को गिरफ्तार किया, जबकि 121 अन्य का भौतिक सत्यापन भी किया गया। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से 11 अपराधियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए गए हैं, जो गिरफ्तारी से बच रहे थे। उन्होंने बताया कि जिले में विशेष पुलिस अभियान जारी रहेगा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि वर्ष 2023 से फरवरी, 2025 के बीच वंदे भारत समेत अन्य ट्रेनों पर पथराव की कुल 7,971 घटनाएं सामने आई हैं। इन मामलों में 4,549 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। भाजपा सांसद धर्मपुरी अरविंद ने ट्रेनों पर पथराव का मामला उठाते हुए सरकार से इसके कारणों की जांच के लिए समिति बनाने की मांग की। इस पर रेल मंत्री ने कहा कि प्रत्येक मामला कानूनी प्रावधानों के तहत पंजीकृत किया जाता है। इसके बाद अपराधियों पर उचित जांच की जाती है।
भारत सरकार ने गाजा की स्थिति को लेकर चिंता जताई है और कहा कि प्रभावित लोगों को मानवीय मदद दी जानी चाहिए। इस्राइल की ओर से संघर्ष प्रभावित फलस्तीनी क्षेत्र में बमबारी फिर से शुरू करने और हमास के साथ 19 जनवरी को लागू हुआ संघर्ष विराम टूटने के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने यह प्रतिक्रिया दी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, हमास की ओर से बंधक बनाए गए सभी लोगों को रिहा करने की जरूरत है। हम गाजा की स्थिति को लेकर चिंतित हैं। यह महत्वपूर्ण है कि सभी बंधकों को रिहा किया जाए। हम गाजा हमले के प्रभावितों तक मानवीय मदद पहुंचाने की भी अपील करते हैं। हमास ने दावा किया है कि इस्राइल के हमले में मंगलवार को 400 से अधिक लोग मारे गए हैं।
कोच्चि पुलिस ने बताया कि देश में अवैध रूप से रहने के आरोप में गुरुवार को एर्नाकुलम जिले में दो और बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि बांग्लादेश के मोहम्मद नगर के मूल निवासी मोनिरुल मुल्ला (30) और अल्ताब अली (27) की गिरफ्तारी के साथ ही देश में अवैध रूप से रहने के आरोप में एर्नाकुलम ग्रामीण जिले से पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिकों की संख्या 40 तक पहुंच गई है।
जिला पुलिस प्रमुख वैभव सक्सेना की देखरेख में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन प्रोजेक्ट के तहत की गई जांच के दौरान दोनों को यहां के पास करुकुट्टी इलाके से हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक, ये दोनों 2017 में सीमा पार कर पश्चिम बंगाल पहुंचे और उसके बाद फर्जी आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज हासिल किए। उन्होंने बताया कि इन फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल मोबाइल कनेक्शन, आवास और अन्य चीजों के लिए किया जाता था। वे पिछले कुछ समय से अंगमाली और आसपास के इलाकों में रहकर कई काम कर रहे थे। पूछताछ के दौरान दोनों ने खुलासा किया कि वे पश्चिम बंगाल में एक एजेंट के माध्यम से बांग्लादेश में पैसे भेजते थे। पुलिस ने कहा कि उन लोगों की तलाश की जा रही है जिन्होंने दोनों को देश में अवैध रूप से रहने में मदद की।
तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (टीएएसएमएसी) को अस्थायी राहत देते हुए मद्रास हाईकोर्ट ने बृहस्पतिवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को निर्देश दिया कि वह शहर में सरकारी शराब खुदरा विक्रेता के मुख्यालय में हाल ही में की गई तलाशी के बाद आगे की कार्रवाई न करे। इस संबंध में ईडी को मौखिक निर्देश देते हुए अदालत ने केंद्रीय एजेंसी को एफआईआर और प्रवर्तन मामले की सूचना रिपोर्ट (ईसीआईआर) की प्रतियां और तमिलनाडु राज्य विपणन निगम के खिलाफ किसी भी अन्य सामग्री को पेश करने का निर्देश दिया। साथ ही जस्टिस एमएस रमेश और जस्टिस एन सेंथिलकुमार की खंडपीठ ने ईडी की ओर से की गई तलाशी के खिलाफ टीएएसएमएसी और तमिलनाडु सरकार की दायर याचिकाओं पर आगे की सुनवाई 25 मार्च तक टाल दी। बता दें कि इस महीने की शुरुआत में टीएएसएमएसी में तलाशी लेने के बाद ईडी ने करीब 1000 करोड़ रुपये की अनियमितताओं का दावा किया था।
केरल की एक जिला अदालत ने मैसूरू के वैद्य शबा शरीफ की अपहरण के बाद हत्या मामले में तीन आरोपियों को दोषी करार दिया। अतिरिक्त जिला और सत्र न्यायाधीश तुषार एम ने बृहस्पतिवार को आपराधिक साजिश, गलत तरीके से बंधक बनाने और सबूतों को नष्ट करने के अपराधों के लिए आरोपी शैबिन अशरफ, शिहाबुद्धीन और निशाद को दोषी ठहराया, जबकि नौ अन्य को बरी कर दिया। अदालत ने शिहाबुद्धीन को अपहरण और अशरफ को गैर-इरादतन हत्या के लिए भी दोषी करार दिया। दोषियों की सजा पर शनिवार को फैसला आने की उम्मीद है।
मणिपुर के जिरीबाम जिले में मैतेई समुदाय के शीर्ष निकाय ने गुरुवार को एक विधायक पर उपद्रवियों को हथियार सप्लाई करने का आरोप लगाया। इस मामले में विधायक की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
वहीं जिरी अपुनबा लुप ने एक बयान में कहा, "विधायक ने कई बैठकें आयोजित कीं... (उपद्रवियों) को आर्थिक मदद, युद्ध के सामान और सहायक उपकरण दिए। लेकिन मुसलमान मैतेई लोगों के साथ शांति से रहना चाहते हैं। इसलिए उनकी योजना विफल हो गई।" मई 2023 से मैतेई और कुकी-जो समूहों के बीच जातीय हिंसा में मणिपुर में 250 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।
डीआरडीओ के पूर्व अध्यक्ष को आंध्र प्रदेश में बड़ी जिम्मेदारी
DRDO के पूर्व अध्यक्ष जी. सतीश रेड्डी को कैबिनेट रैंक में आंध्र प्रदेश सरकार का मानद सलाहकार (एयरोस्पेस और रक्षा विनिर्माण हब) नियुक्त किया गया। pic.twitter.com/hbi0IQHVql
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 20, 2025
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को सार्वजनिक क्षेत्र के ओबीसी कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने वाले महासंघ के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और कहा कि वह पिछड़े वर्गों की समृद्धि और उचित हिस्सेदारी के लिए लड़ते रहेंगे। राहुल गांधी ने संसद भवन स्थित अपने कार्यालय में राष्ट्रीय ओबीसी कर्मचारी कल्याण संघ (एनसीओबीसी) के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की।
एनसीओबीसी सार्वजनिक क्षेत्र में 30,000 ओबीसी कर्मचारियों का संगठन है। राहुल गांधी ने हिंदी में अपने फेसबुक पोस्ट में कहा, इस बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने केंद्र सरकार और सार्वजनिक क्षेत्र में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के प्रतिनिधित्व से जुड़ी चुनौतियों पर चिंता व्यक्त की। पूर्व कांग्रेस प्रमुख ने कहा, 'ओबीसी भारत में सबसे बड़ी आबादी है और हर क्षेत्र में उनका बड़ा योगदान है - मैं पूरी ताकत से उनकी समृद्धि और भागीदारी के लिए लड़ता रहूंगा।'
कुमारस्वामी के खिलाफ अतिक्रमण मामले में किया गया कोर्ट के आदेशों का पालन- शिवकुमार
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बृहस्पतिवार को केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी के खिलाफ चल रहे अतिक्रमण मामले में पक्षपातपूर्ण राजनीति के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने केवल कोर्ट के आदेशों का पालन किया है। विधानसभा में मीडिया से बातचीत में शिवकुमार ने कहा, कुमारस्वामी के डीएनए में पक्षपात की राजनीति है। अधिकारियों ने कोर्ट के निर्देशों पर काम किया। यह मामला एसआर हिरेमथ ने दायर किया था। इसमें पक्षपात कहां है, हमने कोई शिकायत नहीं की। उन्होंने मेरे खिलाफ भी कई केस दायर किए हैं। सरकारी अधिकारी कोर्ट के आदेश के बाद अपना काम कर रहे हैं। गौरतलब है कि दो दिन पहले रामनगर जिले में केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी के फार्म हाउस पर बुलडोजर चला दिया गया था। राजस्व विभाग ने कर्नाटक कर्नाटक हाईकोर्ट के निर्देश के बाद अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया था। इसे लेकर केंद्रीय मंत्री एचडी कुमार स्वामी ने विरोध जताया।
इस बारे में शिवकुमार ने कहा, कुमारस्वामी ने मैसूरू में मेरे बारे में बहुत कुछ बोला है। उनके पिता ने भी मेरे खिलाफ कई बयान दिए हैं। उन्होंने मेरे, मेरी पत्नी, बहन और भाई के खिलाफ केस दायर किए हैं। हम चुप हैं क्योंकि हमने उनके साथ गठबंधन सरकार चलाई है। उन्हें भी चुप रहना चाहिए।