फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 1st April North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: कोलकाता में भारतीय संग्रहालय में बम की धमकी; मणिपुर में प्रतिबंधित संगठन के पांच उग्रवादी गिरफ्तार

Tue, 01 Apr 2025 01:59 AM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Tue, 01 Apr 2025 01:59 AM IST
विज्ञापन
News Updates 1st April North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

कोलकाता में जवाहरलाल नेहरू रोड पर स्थित भारतीय संग्रहालय में मंगलवार को बम रखे जाने की धमकी दी गई। अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें एक ईमेल मिला, जिसमें दावा किया गया कि मंगलवार को संग्रहालय में बम रखे जाएंगे। बम की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। संग्रहालय की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने तुरंत न्यू मार्केट पुलिस स्टेशन को सूचना दी, जिसके बाद गहन तलाशी अभियान शुरू किया गया। सूत्रों के अनुसार, पुलिस की मंजूरी मिलने तक संग्रहालय को दर्शकों के लिए बंद कर दिया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि संग्रहालय में 51 से अधिक कमरे हैं, जिनकी तलाशी ली जा रही है। अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। 

विज्ञापन


मणिपुर में पांच उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर में पुलिस ने प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी-नोयोन के पांच संदिग्ध सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उन पर जबरन वसूली का आरोप है। पुलिस ने उग्रवादियों को इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम जिलों के विभिन्न हिस्सों से गिरफ्तार किया है। उग्रवादियों के पास से एक लोडेड 9एमएम पिस्तौल और अन्य वस्तुएं जब्त की गई हैं। उग्रवादियों की पहचान खोइसनम सनाजाओबा सिंह (27), खोइनाईजाम रॉबर्टसन सिंह (24), सौबम रोहित सिंह (23), लीशांगथेम नाओबी सिंह (33) और खैदेम नोंगपोकनगांबा मैतेई (25) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये गिरफ्तारियां सोमवार को की गईं। 

विज्ञापन

वित्त मंत्री आठ से तीन दिन लंदन दौरे पर रहेंगी एफटीए पर होगी बात
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 8-10 अप्रैल के बीच लंदन यात्रा करेंगी। इस तीन दिवसीय यात्रा के दौरान भारत और ब्रिटेन के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) और द्विपक्षीय निवेश संधि से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की उम्मीद है। निर्मला लंदन में भारत-यूके आर्थिक और वित्तीय वार्ता समेत कई बैठकों में भाग लेंगी।

एफटीए को लेकर भारत-ब्रिटेन वार्ता को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और ब्रिटेन के व्यापार मंत्री जोनाथन रेनॉल्ड्स ने 24 फरवरी को फिर से शुरू करने की घोषणा की थी। वार्ता की शुरुआत 13 जनवरी, 2022 को हुई थी। अब तक 14 दौर की वार्ता पूरी हो चुकी है। इस दौरान सीतारमण के ब्रिटेन की चांसलर ऑफ एक्सचेकर रेचल रीव्स और अन्य ब्रिटिश मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठक करने की संभावना है।  

विज्ञापन

भारत पहुंचे नीदरलैंड के विदेश मंत्री वेल्डकैंप, जयशंकर से की मुलाकात
 नीदरलैंड के विदेश मंत्री कैस्पर वेल्डकैंप सोमवार को भारत की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर दिल्ली पहुंचे। उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल से भी मिलेंगे।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया ट्वीट में लिखा, हम वेल्डकैंप का गर्मजोशी से स्वागत करते हैं। उनकी यात्रा दोनों देशों के बीच बहुआयामी संबंधों को और मजबूत करेगी। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी सोशल मीडिया पोस्ट में वेल्डकैंप का स्वागत किया और कहा कि वे उनके साथ बातचीत को लेकर उत्सुक हैं। वेल्डकैंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि वह भारत आने और जयशंकर तथा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से बातचीत करने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग को मजबूत करना दोनों देशों के लिए महत्वपूर्ण है।
विज्ञापन

केंद्रीय उद्यमों में नेतृत्व करने वाली महिलाओं की कमी चिंताजनक : संसदीय समिति
संसद की एक स्थायी समिति ने सार्वजनिक क्षेत्र के केंद्रीय उद्यमों (सीपीएसई) में नेतृत्व की भूमिकाओं में महिलाओं की कम संख्या पर चिंता जाहिर करते हुए आधी आबादी की उन्नति के रास्ते की बाधाओं को दूर करने के लिए ठोस उपायों के कार्यान्वयन का सुझाव दिया है।

संसदीय समिति ने सार्वजनिक उद्यम चयन बोर्ड (पीईएसबी) के कामकाज की समीक्षा के बाद तैयार रिपोर्ट में शीर्ष प्रबंधकीय पदों पर महत्वपूर्ण लैंगिक अंतर को लेकर अपनी चिंता दोहराई। रिपोर्ट के मुताबिक, सीपीएसई में महिलाएं केवल सात प्रतिशत हैं और बोर्ड स्तर पर भी यह आंकड़ा महज सात प्रतिशत का ही है। समिति ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार की नारी शक्ति नीति के लिहाज से समावेशी और जवाबदेह लोक प्रशासन के लिए लैंगिक समानता महत्वपूर्ण है। 

आंध्र प्रदेश में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में सोमवार शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य लोग घायल हो गए। मरने वालों में एक छह माह का शिशु भी शामिल है। अवनीगड्डा सर्किल इंस्पेक्टर युवा कुमार ने बताया कि ये हादसा तब हुआ जबकि परिवार शिशु के नामकरण समारोह के लिए तेनाली से मोपीदेवी श्री सुब्रमण्येश्वर स्वामी मंदिर जा रहा था। उसी दौरान अवनीगड्डा मंडल के पुलिगड्डा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 216 पर उनकी कार को एक लॉरी ने टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में जी रवींद्र मोहन बाबू (55), उनकी पत्नी जी अरुणा (50), उनके पोते सात्विक (5) और शिशु की मौत हो गई। वहीं जी संदीप और पल्लवी को मछलीपट्टनम के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और शवों को अवनीगड्डा के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक भारत पहुंचे
चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक फॉन्ट सोमवार को अपनी पहली राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचे। केंद्रीय राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरिटा ने नई दिल्ली में हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान बोरिक को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर पोस्ट कर बोरिक के आगमन की पुष्टि की। राष्ट्रपति बोरिक के साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी पहुंचा, जिसमें मंत्री, सांसद, वरिष्ठ अधिकारी, व्यापार प्रतिनिधि, मीडिया और भारत-चिली सांस्कृतिक आदान-प्रदान में शामिल प्रमुख व्यक्ति शामिल हैं। बता दें कि चिली के राष्ट्रपति बोरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर यहां आए हैं। उनकी यात्रा एक से 5 अप्रैल तक रहेगी। उनकी यात्रा का उद्देश्य भारत और चिली के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना है।

आईपीएल मैचों के दौरान बेंगलुरु मेट्रो की रात 12:30 बजे तक होंगी सेवाएं
आईपीएल टी-20 क्रिकेट मैचों के मद्देनजर, बेंगलुरु मेट्रो ने मंगलवार को घोषणा की कि वह मैच के दिनों में अपनी ट्रेन सेवाओं का समय बढ़ा रहा है। अब, बेंगलुरु मेट्रो के चार प्रमुख टर्मिनल स्टेशनों से आखिरी ट्रेन रात 12:30 बजे तक चलेगी। बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीएमआरसीएल) ने कहा कि यह बदलाव 2, 10, 18 और 24 अप्रैल, और 3, 13 और 17 मई को होने वाले मैचों के दौरान लागू होगा। बीएमआरसीएल के बयान में बताया गया, "व्हाइटफील्ड (कडुगोडी), चल्लघट्टा, सिल्क इंस्टीट्यूट और मदावरा से जाने वाली ट्रेनें अब रात 12:30 बजे तक चलेंगी। इसके अलावा, नादप्रभु केम्पेगौड़ा स्टेशन (मैजेस्टिक) से सभी चार दिशाओं के लिए आखिरी ट्रेन रात 1:15 बजे रवाना होगी।
 

कोलकाता में इंडियन म्यूजियम को बस से उड़ाने की मिली धमकी
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में इंडियन म्यूजियम को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से दहशत फैल गई। आनन-फानन अधिकारियों ने पूरे संग्रहालय को खाली कराया गया और तलाशी अभियाश शुरू किया। खबर लिखे जाने तक कहीं कुछ भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। माना जा रहा है कि यह किसी की शरारतपूर्ण हरकत हो सकती है। एक अधिकारी ने बताया कि ईमेल के जरिये मंगलवार को मिली धमकी में दावा किया गया कि संग्रहालय में बम रखा गया है। हालांकि, संदेश में सटीक स्थान का उल्लेख नहीं किया गया। उन्होंने कहा, संग्रहालय में 51 से अधिक कमरे हैं। सुरक्षाकर्मी उनकी तलाशी ले रहे हैं। अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। जवाहरलाल नेहरू रोड पर स्थित भारतीय संग्रहालय के फुटपाथ को रेलिंग से घेर दिया गया है।

नागालैंड के मेलुरी जिले में छह महीने के लिए AFSPA लागू
केंद्र सरकार ने मंगलवार को नागालैंड के मेलुरी जिले में छह महीने के लिए सशस्त्र बल (विशेष शक्तियां) अधिनियम (AFSPA) लागू कर दिया है। इस अधिनियम के तहत सुरक्षा बलों को विशेष शक्तियां मिलती हैं, जिससे वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अधिक प्रभावी ढंग से काम कर सकते हैं। इससे पहले, इस कानून को राज्य के आठ जिलों और पांच अन्य जिलों के 21 पुलिस थाना क्षेत्रों तक बढ़ा दिया गया था। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक अधिसूचना जारी कर बताया कि नवंबर 2024 में नागालैंड सरकार ने फेक जिले से मेलुरी जिले का गठन किया था। 30 मार्च को मेलुरी जिले को अन्य सात जिलों के साथ 'अशांत क्षेत्र' घोषित किया गया था, जिसके बाद वहां AFSPA लागू किया गया। बता दें कि AFSPA लागू करने का उद्देश्य क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखना है, खासकर तब जब कोई विशेष सुरक्षा स्थिति बनी हो।

मलेशिया की राजधानी में लगी भीषण आग, 100 से अधिक लोग घायल
मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर के बाहरी इलाके में मंगलवार को गैस पाइपलाइन लीक होने के कारण लगी भीषण आग में 100 से अधिक लोग घायल हो गए। यह घटना सुबह 8:10 बजे (स्थानीय समय) मलेशिया के मध्य सेलंगोर राज्य के पुत्रा हाइट्स उपनगर में हुई, जब गैस पाइपलाइन में विस्फोट के बाद आग का गोला बन गया। यह पाइपलाइन मलेशिया की सरकारी ऊर्जा कंपनी पेट्रोनास की थी।

मीडिया रिपोर्टस के अनुसार सेलंगोर के मुख्यमंत्री ने कहा कि आग तेजी से फैली और ईद के जश्न के दौरान सार्वजनिक अवकाश होने के कारण आसपास के गांवों को भी खतरा हो गया। पुलिस के उप प्रमुख मोहम्मद जैनी अबू हसन के मुताबिक, 112 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 63 लोगों को गंभीर जलन, सांस लेने में दिक्कत और अन्य चोटों के कारण अस्पताल भेजा गया। इसके अलावा, कम से कम 49 घर भी आग में जलकर क्षतिग्रस्त हो गए।

अब कन्नड़ में भी होगी इंजीनियरिंग की पढ़ाई
कर्नाटक में अब कन्नड़ में भी इंजीनियरिंग की पढ़ाई हो सकेगी। इसके लिए अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद ने पाठ्यक्रम की पुस्तकों का कन्नड़ भाषा में अनुवाद कराया था। प्रदेश के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने मंगलवार को राजभवन में इन अनुवादित पुस्तकों का लोकार्पण किया। क्षेत्रीय भाषाओं में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

प्रख्यात साहित्यकार कमल किशोर गोयनका का निधन
हिंदी के प्रख्यात लेखक डॉ. कमल किशोर गोयनका का मंगलवार को निधन हो गया। उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद के साहित्य पर वृहद शोध के लिए ख्यात गोयनका ने 87 वर्ष की उम्र में दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में सुबह लगभग 7:30 अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार कल किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में 11 अक्तूबर 1938 को जन्मे कमल किशोर गोयनका को वर्ष 2014 के लिए 24वें व्यास सम्मान से अलंकृत किया गया था। यह पुरस्कार उन्हें उनकी पुस्तक प्रेमचंद की कहानियों का कालक्रमानुसार अध्ययन के लिए दिया गया था। वह व्यास सम्मान के अलावा उदय राज स्मृति सम्मान से भी सम्मानित थे। प्रेमचंद साहित्य के अप्रतिम मर्मज्ञ माने जाने वाले गोयनका ने तकरीबन 130 किताबें लिखी हैं। वह केंद्रीय हिंदी संस्थान में उपाध्यक्ष भी रहे थे।

ईडी ने लखानी इंडिया की 110 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को कहा कि उसने लखानी इंडिया जूता कंपनी की 110 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है। यह कार्रवाई कथित बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में धन शोधन निरोधक कानून (पीएमएलए) के तहत की गई है। ईडी के अनुसार, लखानी इंडिया लिमिटेड और उसकी समूह कंपनियों - लखानी रबर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड और लखानी अपैरल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ जांच की जा रही है। इनके प्रमोटर पी डी लखानी और सुमन लखानी के खिलाफ सीबीआई द्वारा 2021 और 2023 में धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के आरोपों पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

झारखंड रिमांड होम से 21 नाबालिग फरार
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में मंगलवार शाम को 21 नाबालिग कैदी चाईबासा रिमांड होम से फरार हो गए। इन कैदियों ने रिमांड होम के सीसीटीवी कैमरों और अन्य सामानों को तोड़ दिया और फिर मुख्य प्रवेश द्वार को क्षतिग्रस्त कर भाग निकले। यह घटना शाम करीब साढ़े छह बजे हुई। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार कैदियों की तलाश जारी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed