फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 19th Sept North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: सरकार ने ITBP और CISF में नए महानिदेशक नियुक्त किए; चेन्नई एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान की आपात लैंडिंग

Fri, 19 Sep 2025 10:47 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Fri, 19 Sep 2025 10:47 PM IST
विज्ञापन
News Updates 19th Sept North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

केंद्र सरकार ने शुक्रवार को दो अहम अर्धसैनिक बलों के लिए नए महानिदेशकों की नियुक्ति की। पश्चिम बंगाल कैडर के 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी और वर्तमान में आईबी के विशेष निदेशक प्रवीण कुमार को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं, एजीएमयूटी कैडर के 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी और सीआईएसएफ में विशेष महानिदेशक प्रवीर रंजन को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) का महानिदेशक बनाया गया है। गृह मंत्रालय ने आदेश जारी कर तुरंत प्रभाव से दोनों की नियुक्ति लागू कर दी है।

विज्ञापन


चेन्नई एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान की आपात लैंडिंग
मुंबई से फुकेत जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को शुक्रवार को अचानक सुरक्षा कारणों से चेन्नई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। जानकारी के अनुसार फ्लाइट पर बम होने की धमकी दी गई थी। यह मामला उस समय सामने आया जब 6E 1089 नंबर की उड़ान मुंबई से रवाना हुई और बीच रास्ते में सुरक्षा एजेंसियों को खतरे का अलर्ट मिला। इस धमकी की सूचना मिलते ही विमानन सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। इंडिगो एयरलाइंस ने तुरंत तय किया कि फ्लाइट को सुरक्षित रूप से नजदीकी बड़े एयरपोर्ट पर उतारना चाहिए। इसके बाद विमान को चेन्नई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराया गया। विमान में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
विज्ञापन


चेन्नई पहुंचते ही सीआईएसएफ और एयरपोर्ट अधिकारियों ने पूरे विमान की तलाशी ली। पूरी जांच के बाद यह धमकी झूठी साबित हुई। अधिकारियों ने बताया कि विमान में किसी भी तरह का विस्फोटक या खतरनाक सामान नहीं मिला। फिलहाल इस मामले की आगे जांच की जा रही है ताकि धमकी देने वालों तक पहुंचा जा सके। इंडिगो एयरलाइंस ने बयान जारी कर कहा कि उनके लिए यात्रियों, क्रू और विमान की सुरक्षा हमेशा सबसे पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सभी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को सुरक्षित लैंड कराया गया। यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए एयरलाइन ने उन्हें रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराया और समय-समय पर अपडेट साझा किए। इंडिगो ने बताया कि चूंकि फुकेत एयरपोर्ट पर नाइट कर्फ्यू लागू है, इसलिए उड़ान को रात में ही आगे बढ़ाया जाएगा। तब तक यात्रियों को एयरपोर्ट पर सुरक्षित इंतजामों के साथ रोका गया है। एयरलाइन ने भरोसा दिलाया कि उनकी टीम सभी यात्रियों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए पूरी कोशिश कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन


भाजपा नेता की फेसबुक पोस्ट पर केरल पुलिस ने अमेरिका से मांगेगी मदद
केरल की वामपंथी सरकार ने राज्य पुलिस को एक भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर के फेसबुक पेज से कथित पोस्ट की जांच में अमेरिका से म्युचुअल लीगल असिस्टेंस (एमएलए) मांगने की मंजूरी दे दी है। यह पोस्ट 29 अक्तूबर 2023 को कलमस्सेरी में हुए धमाकों के बाद किया गया था, जिसमें आठ लोग मारे गए थे। पुलिस ने बताया कि 31 अक्तूबर 2023 को एर्नाकुलम सेंट्रल पुलिस ने राजीव चंद्रशेखर के फेसबुक पेज से कथित तौर पर सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाली पोस्ट के लिए एफआईआर दर्ज की थी। राज्य पुलिस प्रमुख ने ऑनलाइन पोर्टल के जरिये 17 जुलाई 2025 को एमएलए अनुरोध करने की अनुमति मांगी थी, जिसे 8 सितंबर को सरकारी आदेश के जरिये मंजूर किया गया।

सोनिया-प्रियंका ने वायनाड में सुनीं किसानों की समस्याएं
वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को वायनाड में कॉफी किसानों से मुलाकात की। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह मुलाकात कॉफी उद्योग के सामने आ रही चुनौतियों को समझने के मकसद से की गई थी। दोनों सांसदों ने चुंडाले में क्षेत्रीय कॉफी अनुसंधान स्टेशन का दौरा किया। सोनिया गांधी के साथ उनके बेटे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी मौजूद थे। प्रियंका गांधी वाड्रा वायनाड से सांसद हैं और पिछले कुछ समय से दौरे पर हैं। किसानों की समस्याओं में मुख्य रूप से जलवायु परिवर्तन और उत्पादन की बढ़ती लागत को समझना शामिल रहा।

अरुणाचल में प्रोफेसर पर छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, गिरफ्तार
अरुणाचल प्रदेश के नामसाई जिले में एक निजी विश्वविद्यालय के प्रोफेसर को एक छात्रा से कथित दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि ताई खाम्पटी युवा संगठन (टीकेवाईओ) ने बृहस्पतिवार को आधी रात के करीब प्रोफेसर को पकड़कर पुलिस को सौंपा। छात्रा ने अपनी थीसिस में मदद के लिए प्रोफेसर से संपर्क किया था जिसके बाद प्रोफेसर ने उसे अपने घर बुलाया। शिकायत के अनुसार, घर पर प्रोफेसर ने दरवाजा बंद कर छात्रा के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। किसी तरह बचकर निकलने के बाद छात्रा ने टीकेवाईओ से मदद मांगी। विश्वविद्यालय ने प्रोफेसर की सेवाओं को तुरंत खत्म कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हैदराबाद एयरपोर्ट पर 3.38 किलोग्राम सोना जब्त
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने हैदराबाद एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी के प्रयासों को नाकाम किया है। उन्होंने कुवैत से आए यात्रियों से 3.38 किलोग्राम सोना जब्त और तीन लोगों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि 22 अगस्त को एयरपोर्ट पर दो संदिग्ध बैग दिखे, जिसे लेने कोई नहीं आया। सीसीटीवी फुटेज देखकर पता चला कि यात्रियों ने जानबूझकर बैग छोड़े थे। एक बैग में 1,261.800 ग्राम सोना मिला, जिसे जब्त किया गया। बैग वाले यात्री का पता आंध्र प्रदेश के अन्नामय्या जिले में चला। 16 सितंबर को हैदराबाद जाते समय उसे पकड़ लिया। उसने हैंडलर की जानकारी दी, जिसने उसे कुवैत में सामान दिया था। 17 सितंबर को हैंडलर भारत आया और आंध्र प्रदेश से हैदराबाद जाते समय उसे गिरफ्तार किया गया। डीआरआई ने बताया कि दोनों ने तस्करी में संलिप्तता स्वीकार की। दूसरे बैग की जांच में 2.11 करोड़ का 2,117.800 ग्राम सोना मिला। संबंधित यात्री का पता आंध्र प्रदेश में लगाया गया और 17 सितंबर को उसे पकड़ लिया। अधिकारी के अनुसार, कुल 3,379.600 ग्राम सोना जब्त किया, जिसकी कीमत 3.36 करोड़ रुपये है। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

नेपाल में हालात सुधरे, भारतीयों को सावधानी बरतने की सलाह
नेपाल में पिछले एक सप्ताह के दौरान हालात में काफी सुधार देखा गया है। भारत के दूतावास, काठमांडू ने शुक्रवार को कहा कि नेपाली प्रशासन की लगातार कोशिशों से स्थिति सामान्य होती जा रही है। हालांकि दूतावास ने नेपाल जाने वाले भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने और जारी आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है। हाल ही में नेपाल में प्राकृतिक आपदाओं और अस्थिर हालात के कारण आवाजाही प्रभावित हुई थी। दूतावास ने कहा कि भारतीयों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर जरूरी मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

मणिपुर सरकार ने बाहरी लोगों को जमीन बिक्री पर लगाई रोक
मणिपुर सरकार ने एक अहम कदम उठाते हुए आदिवासी व स्थानीय लोगों की जमीन को बाहरी लोगों को बेचने या गिरवी रखने पर रोक लगा दी है। गुरुवार को जारी अधिसूचना में भूमि संसाधन विभाग ने स्पष्ट किया कि कोई भी पंजीयन ऐसा नहीं होगा, जिसमें आदिवासी से गैर-आदिवासी को जमीन का हस्तांतरण शामिल हो। अधिसूचना के अनुसार, यह प्रतिबंध स्थायी निवासियों पर लागू नहीं होगा। यदि कोई गैर-आदिवासी व्यक्ति मणिपुर का स्थायी निवासी है तो वह जमीन खरीद सकता है। इस स्थिति में रजिस्ट्री की अनुमति दी जाएगी।

सरकार ने निर्देश दिया है कि जो लोग जमीन खरीदना चाहते हैं, उन्हें संबंधित जिले के उपायुक्त (डीसी) के पास आवेदन करना होगा। डीसी आवेदन की जांच करेंगे और भूमि संसाधन विभाग के प्रशासनिक सचिव को भेजेंगे। इसके बाद विभाग की आंतरिक समिति आवेदन की समीक्षा करेगी और अधिकारियों की एक पैनल रिपोर्ट तैयार करके सरकार को भेजेगी। यह आदेश मणिपुर रेगुलेशन ऑफ सेल डीड रजिस्ट्रेशन (अमेंडमेंट) रूल्स, 2023 के तहत जारी किया गया है। इसमें यह भी कहा गया है कि दो लाख रुपये से अधिक के लेन-देन केवल चेक या खाते से खाते में ट्रांसफर के जरिए पूरे किए जाएंगे।

हरदीप सिंह पुरी के नेतृत्व में आए सिख प्रतिनिधिमंडल से पीएम मोदी ने की मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केंद्र मंत्री हरदीप सिंह पुरी के नेतृत्व में आए सिख प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सिख धरोहर ‘जोर साहिब’ के संरक्षण और गरिमामय प्रदर्शन को लेकर अपनी सिफारिशें सौंपीं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह पावन धरोहरें न केवल सिख इतिहास का हिस्सा हैं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक धरोहर का भी प्रतीक हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि ‘जोर साहिब’ आने वाली पीढ़ियों को गुरु गोबिंद सिंह जी के साहस, धर्मनिष्ठा, न्याय और सामाजिक सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देंगे।

‘जोर साहिब’ में गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज और माता साहिब कौर जी की पादुकाएं शामिल हैं, जिन्हें पुरी परिवार ने 300 वर्षों से सुरक्षित रखा है। हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि यह उनके परिवार के लिए दिव्य आशीर्वाद है कि उन्हें इन पावन धरोहरों की सेवा का अवसर मिला। पुरी ने बताया कि उनके स्वर्गीय चचेरे भाई जसमीद सिंह पुरी अंतिम संरक्षक थे। उनकी पत्नी ने आग्रह किया था कि इस धरोहर को अब एक ‘उचित घर’ मिले। यही सिफारिशें प्रधानमंत्री को सौंपी गईं, ताकि इन्हें सुरक्षित रखकर समाज के सामने गरिमामय तरीके से प्रस्तुत किया जा सके।

मोदी ने ग्रीक पीएम से की बातचीत, पीएम को दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोटाकिस के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान मित्सोटाकिस ने मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। मोदी ने आभार जताते हुए कहा कि भारत-ग्रीस की रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, कनेक्टिविटी, रक्षा, सुरक्षा और लोगों के बीच संबंधों को और गहराने पर जोर दिया। मोदी ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को जल्द पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। बातचीत में क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा पर भी सहमति बनी।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने 75वें जन्मदिन पर ब्रिटिश राजा द्वारा उपहार में दिया गया पौधा लगाया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 75वें जन्मदिन पर शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर कदंब का पौधा लगाया। यह पौधा उन्हें ब्रिटेन के किंग चार्ल्स III ने उपहार स्वरूप दिया था। ब्रिटिश हाई कमीशन ने बताया कि यह तोहफा मोदी की पहल ‘एक पेड़ मां के नाम’ से प्रेरित है, जिसके तहत लोग अपनी मां को समर्पित कर पेड़ लगाने का संकल्प लेते हैं।

इस मौके पर जारी एक आधिकारिक वीडियो में मोदी पौधा लगाते दिखाई दिए। इसे भारत और ब्रिटेन की साझा पर्यावरणीय प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया गया। इससे पहले जुलाई में ब्रिटेन यात्रा के दौरान मोदी ने किंग चार्ल्स को सोनामा वृक्ष का पौधा भेंट किया था। दोनों नेताओं की यह पहल न सिर्फ व्यक्तिगत जुड़ाव दिखाती है बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन से लड़ाई के प्रति साझा जिम्मेदारी को भी उजागर करती है।

पुडुचेरी: विल्लियानूर बम विस्फोट मामले में दो लोग गिरफ्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने 2023 के विल्लियानूर बम विस्फोट मामले में बृहस्पतिवार को पुडुचेरी सेंट्रल जेल समेत चार स्थानों पर छापे मारकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

एनआईए ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेराम उर्फ कार्थी उर्फ टीआर और उदयकुमार उर्फ कुमार के रूप में हुई है। उन्हें संरक्षित गवाहों के नाम और अन्य विवरण समेत संवेदनशील जानकारी लीक करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मामला 2023 में पुडुचेरी के विल्लियानूर में भाजपा पदाधिकारी सेंथिल कुमारन की नृशंस हत्या से संबंधित है। 26 मार्च की रात 9.30 बजे छह बाइक सवार हमलावरों ने देसी बम फेंका था और फिर सेंथिल को चाकुओं से गोद कर मार डाला था। एनआईए की जांच से पता चला कि हेराम और उदयकुमार ने मुख्य आरोपी नित्यानंदम उर्फ निति समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर संरक्षित गवाहों के नाम, पहचान और मोबाइल नंबर हासिल किए थे। निति और 12 अन्य के खिलाफ 21 सितंबर, 2023 को इस मामले में आरोपपत्र दाखिल किया गया था।

ओडिशा में 1,996 किलोग्राम सोने के भंडार मिले: मंत्री
ओडिशा के देवगढ़ और क्योंझर जिले में 1,996 किलोग्राम सोने के भंडार मिले हैं। राज्य मंत्री विभूति भूषण जेना ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में यह जानकारी दी। बीजद विधायक अश्विनी पात्रा के प्रश्न के लिखित उत्तर में इस्पात एवं खान मंत्री ने बताया कि देवगढ़ के आदर्श क्षेत्र में 1,685 किलोग्राम और क्योंझर के गोपुर में 311.07 किलोग्राम सोने के भंडार का पता चला है। उन्होंने बताया कि भारतीय भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण ने आदर्श क्षेत्र में सर्वेक्षण किया, जबकि जीएसआई ने राज्य के खान एवं भू-विज्ञान निदेशालय के सहयोग से गोपुर क्षेत्र का सर्वेक्षण किया। जेना ने कहा कि आर्थिक और भू-गर्भीय दृष्टि से यह संभव हुआ तो ओडिशा सरकार सोने के भंडार को निकालने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।

केरल: मंत्री शिवनकुट्टी को अस्पताल पहुंचाया गया
केरल के सामान्य शिक्षा और श्रम मंत्री वी शिवनकुट्टी को शुक्रवार को विधानसभा के शून्यकाल के दौरान सवालों का जवाब देते हुए अचानक से स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर अस्पताल ले जाया गया। सुबह नौ बजे जब सदन की कार्यवाही शुरू हुई, उसके लगभग 10 मिनट बाद शिवनकुट्टी की अचानक तबीयत खराब हुई, जिसके बाद सत्तारूढ़ गठबंधन के कई सदस्यों उनकी मदद के लिए आगे आए। फिर उन्हें सदन से सीधे अस्पताल ले जाया गया। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि मंत्री को क्या हुआ है। विधानसभा के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। 

अधिकारी ने कहा, यह मामला गंभीर नहीं लग रहा है, लेकिन जब तक उनका अस्पताल में परीक्षण नहीं हो जाता, हम निश्चित नहीं कह सकते। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed