फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 19th Nov North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi

Updates: झारखंड में ट्रेन का कोच हुआ बेपटरी; चंद्रपुर में मंत्री मुनगंटीवार और कांग्रेस प्रत्याशी में कहासुनी

Tue, 19 Nov 2024 11:04 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Tue, 19 Nov 2024 11:04 PM IST
विज्ञापन
News Updates 19th Nov North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

झारखंड के देवघर जिले में मंगलवार को एक ट्रक की टक्कर लगने के बाद पैसेंजर ट्रेन का एक कोच पटरी से उतर गया। हालांकि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। रेलवे अफसरों के मुताबिक मधुपुर-जसहीड रेलवे खंड पर दोपहर दो बजे के आसपास रोहिणी नवाडीह रेलवे क्रॉसिंग के पास यह हादसा हुआ। ट्रेन बिहार के झाझा से पश्चिम बंगाल के बर्धमान जंक्शन जा रही थी। जब गेटमैन रेलवे क्रॉसिंग के बैरियर को बंद कर रहा था तो ट्रक ने निकलने की कोशिश की और ट्रेन से टकरा गया। इसके चलते कोच के चार पहिये पटरी से उतर गए। कोई भी हताहत नहीं हुआ है। मौके पर टीम को भेजा गया और कोच को पटरी पर लाने का काम शुरू कर दिया गया है। 

विज्ञापन


तमिलनाडु के चेन्नई आ रही उड़ान में मृत मिली महिला
मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर से तमिलनाडु के चेन्नई में मंगलवार को पहुंची एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में 37 वर्षीय एक महिला मृत पाई गई। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि दिल का दौरा पड़ने से महिला की मौत हुई। विमान के यहां पहुंचने पर निजी एयरलाइन के चालक दल ने महिला को बेहोश पाया, जिसके बाद चिकित्सकों ने उसकी जांच की। चिकित्सकों ने बताया कि दिल का दौरा पड़ने से महिला की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि पास के सरकारी अस्पताल में शव भेज दिया गया। महिला तमिलनाडु के कल्लाकुरिची जिले की रहने वाली थी।
विज्ञापन


फर्जी दस्तावेजों के साथ पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिक
कर्नाटक के चित्रादुर्ग के होललकेरे रोड पर अरविंद गारमेंट्स और व्हाइट वॉश गारमेंट्स के पास गश्त के दौरान धवलागिरी लेआउट के दूसरे चरण में छह बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ लिया गया। पुलिस ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि  पूछताछ  के दौरान पता चला कि वे सभी बांग्लादेश के नागरिक हैं। कई साल पहले वे यहां बसने के इरादे से अवैध रूस से घुसपैठ की। उन्होंने कोलकाता में फर्जी आधारकार्ड और दस्तावेज खरीदें और भारत के विभिन्न राज्यों में नौकरी करने लगे। रोजगार के लिए वे हाल ही में चित्रदुर्ग पहुंचे। उनके पास से फर्जी आधारकार्ड, वोटर आईडी कार्ड लेबर कार्ड समेत कई दस्तावेज बरामद किए गए। सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

मणिपुर HC के लिए जस्टिस डीके कुमार की सिफारिश
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने मद्रास हाईकोर्ट के जज जस्टिस डी. कृष्ण कुमार को मणिपुर हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाने की सिफारिश की है। सीजेआई जस्टिस संजीव खन्ना की अध्यक्षता और जस्टिस बीआर गवई व जस्टिस सूर्यकांत की सदस्यता वाले कॉलेजियम ने सोमवार को हुई बैठक में यह निर्णय लिया। 21 नवंबर को जस्टिस सिद्धार्थ मृदुल की सेवानिवृत्ति के बाद मणिपुर हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस का पद खाली होगा।

आंध्र प्रदेश : दो से अधिक बच्चों वाले भी लड़ सकेंगे निकाय चुनाव, विधेयक पारित
आंध्र प्रदेश में अब दो से अधिक बच्चों वाले व्यक्ति भी शहरी निकाय चुनाव लड़ सकेंगे। विधानसभा में सोमवार को इस संबंधम में एक विधेयक पारित कर दिया। राज्य सरकार ने इस विधेयक के तहत मौजूदा नियम को पलट दिया गया। आंध्र प्रदेश नगरपालिका कानून संशोधन विधेयक, 2024 ने उस नियम को उलट दिया, जो दो से अधिक बच्चों वाले व्यक्तियों को स्थानीय निकाय चुनाव लड़ने से रोकता था। 1994 में, दक्षिणी राज्य ने जनसंख्या वृद्धि को नियंत्रित करने के लिए नगरपालिका नियम बनाए गए थे, जिसके तहत दो से अधिक बच्चों वाले व्यक्तियों को शहरी स्थानीय निकायों में चुनाव लड़ने से रोक दिया गया। हालांकि, नए नियम का उद्देश्य आंध्र प्रदेश की घटती प्रजनन दर को उलटना और राज्य की जनसंख्या को बढ़ाना है।

सावरकर पर बयान मामला: राहुल गांधी को दो दिसंबर को पुणे में पेश होने का निर्देश
पुणे की एक अदालत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मानहानि की शिकायत के संबंध में दो दिसंबर को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया है। मामला हिंदुत्व विचारक विनायक दामोदर सावरकर पर टिप्पणी से जुड़ा है। सावरकर के पोते सत्यकी ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा किया है। सत्यकी का दावा है कि राहुल ने मार्च 2023 में लंदन में अपने संबोधन के दौरान कहा था कि सावरकर ने एक किताब में लिखा है कि उन्होंने और उनके पांच-छह दोस्तों ने एक बार एक मुस्लिम व्यक्ति की पिटाई की थी। इससे उन्हें (सावरकर को) खुशी हुई थी। याचिकाकर्ता सत्यकी का दावा है कि सावरकर ने ऐसा कहीं नहीं लिखा है।

एआई की ली जाएगी मदद  तिरुपति में दर्शन के लिए इंतजार का समय घटेगा
तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) बोर्ड की सोमवार को हुई एक अहम बैठक में दर्शन के इंतजामों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद लेने का फैसला लिया गया। ताकि भक्तों को भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए 30 घंटे तक इंतजार न करना पड़े। बोर्ड ने उन्नत तकनीक की मदद से इस समय को घटाकर दो-तीन घंटे करने पर चर्चा की। लड्डू विवाद के बाद नए अध्यक्ष बने बीआर नायडू के नेतृत्व में टीटीडी बोर्ड की बैठक में लोगों को तिरुमाला में राजनीतिक बयान देने से रोकने और इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का फैसला भी किया गया। बोर्ड की तरफ से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, टीटीडी ने गैर-हिंदू कर्मचारियों पर उचित निर्णय लेने के लिए राज्य सरकार को पत्र लिखने का संकल्प भी जताया।

भ्रष्टाचार के आरोप में संविदा क्लर्क को हटाने का फरमान
राजस्थान सरकार में मंत्री मदन दिलावर ने एक संविदा क्लर्क को तत्काल हटाने का आदेश दिया। अधिकारियों ने बताया कि क्लर्क पर मुआवजा राशि को मंजूरी देने के लिए रिश्वत मांगने का आरोप है। स्कूली शिक्षा और पंचायती राज विभाग के मंत्री दिलावर ने जिस क्लर्क को हटाने को कहा इसकी नियुक्ति भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने की थी। शिकायत के मुताबिक उप-विभागीय अधिकारी कार्यालय में तैनात क्लर्क संजय जैन ने 10 प्रतिशत कमीशन की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए दिलावर ने उप-विभागीय अधिकारी (एसडीओ) नीता वसीटा को आरोपी क्लर्क को तुरंत सेवा से हटाने के निर्देश दिए।

इंडिगो की बंगलूरू-माले उड़ान में आई तकनीकी खराबी, कोच्चि में हुई आपात लैंडिंग

बंगलूरु से 140 यात्रियों को लेकर माले जा रही इंडिगो की एक उड़ान की तकनीकी समस्या के कारण मंगलवार दोपहर कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। इंडिगो ने पुष्टि की कि बंगलूरु से माले तक चलने वाली उसकी उड़ान 6E1127 को तकनीकी समस्या के कारण कोच्चि की ओर मोड़ दिया गया। एयरलाइन ने कहा कि आवश्यक रखरखाव के बाद विमान परिचालन में वापस आ जाएगा और यात्रियों को उनके गंतव्य तक यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए एक वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (सीआईएएल) ने कहा कि उसने इंडिगो फ्लाइट की आपातकालीन लैंडिंग को सफलतापूर्वक संभाला।

आय से अधिक संपत्ति मामले में उप जिलाधीश गिरफ्तार

ओडिशा के ढेंकनाल जिले में मंगलवार को एक उप-जिलाधीश को कथित तौर पर आय के ज्ञात स्रोत से अधिक संपत्ति मिलने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि उप-जिलाधीश के पास मिली संपत्तियों में भुवनेश्वर में तीन बहुमंजिला इमारतें और 14 भूखंड, 34.57 लाख रुपये से अधिक की जमा राशि, 1.48 लाख रुपये नकद और 366 ग्राम सोना शामिल हैं। सतर्कता विभाग ने भ्रष्टाचार का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

वेंकटेश्वर मंदिर में हिंदुओं को सेवा करने की अनुमति देने फैसले का किया स्वागत

केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने मंगलवार को भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में केवल हिंदुओं को सेवा करने की अनुमति देने के तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि गैर-हिंदू कर्मचारियों को आंध्र प्रदेश के अन्य स्थानों पर तैनात किया जाना चाहिए। पहली बैठक में नवगठित तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) बोर्ड ने सोमवार को प्रस्ताव पारित किया कि केवल हिंदुओं को मंदिर में सेवा करने की अनुमति दी जाएगी। बोर्ड द्वारा भर्ती किए गए गैर-हिंदू कर्मचारियों को या तो स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति की पेशकश की जाएगी या उन्हें अन्य सरकारी विभागों में स्थानांतरण का विकल्प चुनने के लिए कहा जाएगा। मंत्री ने लड्डू तैयार करने के लिए बेहतर गुणवत्ता वाले घी की खरीद के टीटीडी के फैसले का भी स्वागत किया और कहा कि पूर्ववर्ती मंदिर समिति द्वारा की गई गलतियों को सुधारा जाना चाहिए। आने वाले दिनों में तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम भारत का एक प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र होना चाहिए। 

आंध्र प्रदेश में देरी से स्कूल पहुंचने पर प्रधानाचार्य ने छात्राओं के काट दिए बाल, निलंबित

आंध्र प्रदेश में एक सरकारी स्कूल की प्रधानाचार्य ने देरी से आने पर कुछ छात्राओं के बाल काट दिए। मामला सामने आने के बाद कलेक्टर ने आरोपी प्रधानाचार्य यू साई प्रसन्ना को निलंबित कर दिया। समग्र शिक्षा के राज्य परियोजना निदेशक बी श्रीनिवास राव ने मंगलवार को बताया कि यह घटना अल्लूरी सीतारामराजू जिले के जी मदुगुला में आवासीय स्कूल कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) में शुक्रवार को हुई थी। इसका पता सोमवार को चला। इसके बाद प्रसन्ना के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई। उन पर लगे आरोप को सही पाए जाने पर कलेक्टर ने उनके निलंबन के आदेश जारी कर दिए।

बंगलूरू में इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में लगी आग, महिला कर्मचारी की मौत

बंगलूरू के राजाजीनगर स्थित एक इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में आग लग गई। इसमें एक 20 वर्षीय महिला कर्मचारी की मौत हो गई। शाम साढ़े पांच बजे करीब  नवरंग जंक्शन के पास इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम माई ईवी स्टोर में आग लगा गई। आग लगने की सूचना पर चार दमकल भेजी गईं। जिन्होंने आग पर काबू पा लिया। पुलिस ने बताया कि जब आग लगी तो शोरूम के अंदर पांच से छह लोग थे। कैशियर प्रिया को छोड़कर बाकी सभी भागने में सफल रहे। प्रिया की मौत दम घुटने और जलने से हो गई। आग में 45 से अधिक इलेक्ट्रिक स्कूटर नष्ट हो गए। महिला कर्मचारी का जला हुआ शव बरामद कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव उसके परिवार को सौंप दिया जाएगा। जांच में पता लगा कि शॉर्ट-सर्किट के कारण आग लगी होगी और आगे की पूछताछ जारी है।

ओडिशा में स्पीड बोट की टक्कर से महिला घायल, नौसेना ने बचाया

ओडिशा में बाली यात्रा समुद्री व्यापार मेला मैदान के पास महानदी में स्पीड बोट की टक्कर में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। नौसेना ने तत्परता दिखाते हुए अभियान चलाया और महिला को बचाकर अस्पताल पहुंचाया। महिला की हालत खतरे से बाहर है। बाली यात्रा ओडिशा के समृद्ध समुद्री इतिहास का जश्न मनाती है। नौसेना ने बताया कि महिला को दुर्घटनास्थल से ‘बडी कैरी’ तकनीक का उपयोग करके एक किमी दूर स्थित निकटतम पुलिस सहायता केंद्र ले जाया गया। यहां एम्बुलेंस न होने पर उसे ऑटो रिक्शा में एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल कटक पहुंचाया गया। बडी कैरी तकनीक में आवश्यकता पड़ने पर किसी व्यक्ति को अपनी पीठ या कंधे पर उठाकर ले जाया जाता है।

विवेकानंद रेड्डी की बेटी और सीबीआई अधिकारी की याचिका पर आंध्र प्रदेश को नोटिस

सुप्रीम कोर्ट ने मृतक पूर्व कांग्रेस सांसद वाईएस विवेकानंद रेड्डी की बेटी और हत्या की जांच में शामिल सीबीआई अधिकारी के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही रद्द करने की मांग वाली याचिका पर आंध्र प्रदेश पुलिस और अन्य से जवाब मांगा है। सीजेआई जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस संजय कुमार की पीठ ने एक अलग याचिका पर नोटिस भी जारी किया। इसमें पूर्व सांसद की 2019 की हत्या के आरोपियों में से वाईएस अविनाश रेड्डी की जमानत को चुनौती दी गई थी। इसमें आरोप लगाया गया कि उन्होंने सबूतों के साथ छेड़छाड़ की और मामले में एक सरकारी गवाह को लुभाने का प्रयास किया। अविनाश रेड्डी जगन मोहन रेड्डी के चचेरे भाई हैं और उनके पिता वाई एस भास्कर रेड्डी को पिछले साल 16 अप्रैल को विवेकानंद रेड्डी की हत्या के सिलसिले में सीबीआई ने गिरफ्तार किया था।

मुनगंटीवार और संतोष रावत के खिलाफ मुकदमा 

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में पुलिस ने भाजपा उम्मीदवार व राज्य के मंत्री सुधीर मुनगंटीवार और कांग्रेस के संतोष सिंह रावत के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि विधानसभा चुनाव से पहले एक गांव में उनके बीच विवाद हुआ। अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बल्लारपुर से चुनाव लड़ रहे मुनगंटीवार कुछ ग्रामीणों से बातचीत कर रहे थे, तभी रावत एक अन्य समूह के साथ वहां पहुंचे और बहस करने लगे। इस पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के मुख्य आरोपी शिव कुमार की हिरासत 23 नवंबर तक बढ़ी

एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी शूटर शिव कुमार गौतम की पुलिस हिरासत 23 नवंबर तक बढ़ा दी गई है। मंगलवार को शिव कुमार ने अदालत को बताया कि उस पर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत इकबालिया बयान देने के लिए जबरन दबाव डाला जा सकता है। इस पर अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विनोद पाटिल ने मामले की सुनवाई करते हुए गौतम की पुलिस हिरासत अवधि 23 नवंबर तक बढ़ा दी। आरोपी ने दावा किया कि उसके खिलाफ मकोका के प्रावधान लागू किया जा सकता है और वह सख्त अधिनियम के तहत इकबालिया बयान देने के लिए तैयार नहीं है। बता दें कि मुंबई क्राइम ब्रांच ने उत्तर प्रदेश के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के साथ संयुक्त अभियान में 20 वर्षीय शूटर और चार अन्य को 10 नवंबर को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया था। गौतम और चार अन्य आरोपियों को उनकी पिछली रिमांड की अवधि समाप्त होने पर मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। गौतम की हिरासत 23 नवंबर तक बढ़ाने के अलावा अदालत ने चार अन्य आरोपी अनुराग कश्यप, ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी, आकाश श्रीवास्तव और अखिलेंद्र प्रताप सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

 

जयपुर से देहरादून जा रहे इंडिगो के विमान में आई तकनीकी खराबी, दिल्ली की ओर डायवर्ट

जयपुर से देहरादून जा रहे इंडिगो के एक विमान में तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते उड़ान को दिल्ली को ओर मोड़ दिया गया। एयरलाइन ने कहा कि विमान आवश्यक रखरखाव के बाद परिचालन में वापस आ जाएगा। बताया जाता है जयपुर से देहरादून जाने वाली उड़ान 6ई 7468 के इंजन में समस्या थी। एयरलाइन ने यात्रियों के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की और असुविधा के लिए माफी भी मांगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed