Update: मणिपुर जमीन विवाद में झड़प में एक की मौत, पांच घायल; असम पंचायत चुनाव में 348 सीटों पर निर्विरोध फैसला
मणिपुर के उखरूल जिले में जमीनी विवाद को लेकर दो गांवों के लोगों के बीच हुई झड़प में एक शख्स की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। मृतक की पहचान 46 साल के रामसन आरके के रूप में हुई है। बाएं सीने में गोली लगने से उसकी मौत हुई। अधिकारियों से शुक्रवार को मिली जानकारी के बाद बृहस्पतिवार को हुई इस घटना के बाद अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट पॉली माकन ने शांगचिंग और लुंगरेइफुंग तांग दोनों गांवों में निषेधाज्ञा लागू कर दी। इसके तहत ग्रामीणों को अपने घरों से बाहर निकलने या क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को बाधित करने वाली गतिविधियों में शामिल होने से रोका गया है। उखरूल जिले के एक अधिकारी के मुताबिक, झड़प की वजह दोनों गांवों के निवासियों के बीच भूमि के स्वामित्व को लेकर विवाद था।
मणिपुर में दो उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर के इंफाल घाटी जिलों में विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। कंगलेई यावोल कन्ना लुप (केवाईकेएल) के एक सक्रिय सदस्य को बुधवार को इंफाल पश्चिम जिले के फयेंग गांव में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि उग्रवादी पहचान 32 वर्षीय अंगोम अजॉय मैतेई के रूप में हुई है। उसके पास से बुलेटप्रूफ जैकेट, हेलमेट, दूरबीन और अन्य सामान जब्त किया गया है। इंफाल पूर्वी जिले के लाईहारोबाम लीराक इलाके में कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (लालुम्बा) के एक उग्रवादी को पकड़ा गया। उसकी पहचान वाहेंगबाम रामानंद सिंह (50) के रूप में हुई है। उसके पास से एक नौ एमएम पिस्तौल, एक मैगजीन और छह कारतूस तथा दो .32 पिस्तौल, मैगजीन और आठ कारतूस जब्त किए गए। वहीं बुधवार को चुराचांदपुर जिले के सैदन गांव में तलाशी अभियान के दौरान एक मैगजीन के साथ एक .303 राइफल, एक 9 एमएम पिस्तौल, मैगजीन के साथ एक संशोधित कार्बाइन, एक देशी सिंगल बैरल बंदूक और एक 81 एमएम लंबी दूरी का मोर्टार जब्त किया गया।
पूर्व आप विधायक दुर्गेश पाठक के घर सीबीआई ने की छापेमारी
सीबीआई ने विदेशी धन नियमों के कथित उल्लंघन पर बृहस्पतिवार को आप के पूर्व विधायक दुर्गेश पाठक के घर पर छापेमारी की। एजेंसी ने विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम के कथित उल्लंघन के लिए उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसे लेकर आप सांसद संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर आम आदमी पार्टी (आप) को खत्म करने के लिए हर चाल चलने का आरोप लगाया। राज्यसभा सांसद ने एक्स पर कहा कि बीजेपी का गंदा खेल फिर शुरू हो गया है। गुजरात के सह-प्रभारी दुर्गेश पाठक के घर सीबीआई पहुंची है। मोदी सरकार ने आम आदमी पार्टी को खत्म करने के लिए हर हथकंडा आजमाया है, लेकिन फिर भी शांति नहीं है। गुजरात में बीजेपी की हालत खराब है।
अवैध पासपोर्ट बनाने में बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन रोधी कानून के तहत कोलकाता में एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। ईडी ने बुधवार को कहा कि आरोपी अपने देश के लोगों के लिए अवैध भारतीय पासपोर्ट और आधार कार्ड बनाने में शामिल रहा है। ईडी ने आरोपी के खिलाफ छापे के दौरान साढ़े 13 लाख की नकदी जब्त की। ईडी ने एक बयान में कहा कि पश्चिम बंगाल में सात परिसरों की तलाशी के बाद मंगलवार को आजाद मलिक उर्फ अहमद हुसैन आजाद को गिरफ्तार किया गया। कोलकाता में एक विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत ने उसी दिन मलिक को 13 दिन की ईडी हिरासत में भेज दिया।
बयान में कहा गया है कि ईडी ने मलिक के खिलाफ छापे के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और 13.45 लाख रुपये नकद जब्त किए। धन शोधन का मामला मलिक के खिलाफ स्थानीय पुलिस में दर्ज प्राथमिकी पर आधारित है। आरोपी पर 1946 के विदेशी अधिनियम के तहत वैध दस्तावेजों के बिना भारत में रहने और धन के बदले अवैध प्रवासियों के लिए धोखाधड़ी से भारतीय पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज बनाने में संलिप्तता के लिए मामला दर्ज किया गया था।
कर्नाटक के राज्यपाल ने ठेके में 4 फीसदी मुस्लिम आरक्षण बिल राष्ट्रपति को भेजा
कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने सरकारी ठेकों में मुसलमानों को चार प्रतिशत आरक्षण देने संबंधी विधेयक को राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए सुरक्षित रख लिया है।
राजभवन के सूत्रों ने बुधवार को बताया कि गहलोत ने विधेयक को राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए आरक्षित कर दिया और इसे कर्नाटक के विधि एवं संसदीय कार्य विभाग को भेज दिया। अब राज्य सरकार इस विधेयक को मंजूरी के लिए राष्ट्रपति के पास भेजेगी। भाजपा के विरोध के बावजूद कर्नाटक विधानमंडल के दोनों सदनों ने बिल पारित किया था।
भाजपा ने आरोप लगाया कि यह विधेयक अवैध है क्योंकि भारतीय संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण देने का कोई प्रावधान नहीं है। साथ ही आरोप लगाया कि इस विधेयक में सत्तारूढ़ कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति की बू आती है। पार्टी ने राज्य भर में चल रही अपनी जनआक्रोश यात्रा के दौरान इस विधेयक को प्रमुख मुद्दा बनाया है।
ओडिशा: मधुमक्खियों के हमले में स्कूल के 41 बच्चे पड़े बीमार
ओडिशा के कंधमाल जिले में मधुमक्खियों के हमले के बाद एक सरकारी स्कूल के कम से कम 41 बच्चे बीमार पड़ गए। इनमें ज्यादातर छात्राएं हैं। घटना मंगलवार की है। अधिकारियों ने बताया कि क्लास खत्म होने के बाद आदिवासी कल्याण आवासीय विद्यालय के बच्चे स्कूल परिसर में नहा रहे थे, तभी मधुमक्खियों उन पर हमला कर दिया। इसमें घायल छात्रों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बाद में प्राथमिक इलाज के बाद स्कूल के बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे गई। हालांकि, 4 छात्राओं का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मध्य प्रदेश: नीमच में सीआरपीएफ स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को नीमच स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर में होने वाले सीआरपीएफ के स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम सीआरपीएफ के 86वें स्थापना दिवस का हिस्सा है। हर साल 19 मार्च को सीआरपीएफ दिवस मनाया जाता है, क्योंकि 1950 में इसी दिन तत्कालीन गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने बल को ध्वज प्रदान किया था। इस बार 17 अप्रैल को बल की परेड आयोजित की जा रही है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।
केरल के समुद्र तट पर बसे छोटे से गांव मुथलापोजी में बुधवार को भी विरोध प्रदर्शन जारी रहा। मछुआरे और व्यापार संघ वहां के बंदरगाह पर जमा रेत को हटाने की मांग कर रहे हैं। इसकी वजह से नांवों का चलना मुश्किल हो गया है और कई हादसे हो चुके हैं।
इस विरोध की शुरुआत कुछ दिन पहले हुई थी। कांग्रेस से आईएनटीयूसी के कार्यकर्ताओं ने मुथलापोजी में विरोध मार्च निकाला और बंदरगाह इंजीनियरिंग विभाग के सहायक कार्यकारी अभियंता के कार्यालय का घेराव किया। वहीं, एक और मछुआरों का संगठन भी दोपहर बाद विरोध करने वाला है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार रेत हटाने को नहीं हटा रही है और ड्रेजिंग (रेत निकालने का काम) ठीक से नहीं की जा रही है। मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य के मत्स्य मंत्री साजी चेरियन के सरकारी आवास के बाहर सड़क पर बैठकर तुरंत कार्रवाई की मांग की। सीआईटीयू और आईएनटीयूसी सहित कई संगठनों ने भी मंगलवार को मुथलापोजी में इंजीनियर के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया।
आंध्र प्रदेश: वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने वित्त आयोग से केंद्रीय करों में राज्य का हिस्सा बढ़ाने की मांग की
वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के नेताओं ने बुधवार को आंध्र प्रदेश में 16वें वित्त आयोग के सदस्यों से मुलाकात की और राज्य की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने के लिए केंद्रीय करों में राज्य के हिस्से में वृद्धि की मांग की। पूर्व वित्त मंत्री बी. राजेंद्रनाथ रेड्डी ने कहा कि पार्टी ने राज्य के राजस्व हिस्सेदारी को 50 फीसदी से अधिक करने का सुझाव दिया है। उन्होंने बताया कि 15वें आयोग ने राज्य को 41 फीसदी हिस्सा दिया था।
प्रवर्तन निदेशालय ने बंगलूरू के डॉग ब्रीडर सतीश के घर की तलाशी ली है। सतीश पर प्रवर्तन निदेशालय ने आरोप लगाया है कि उसने 50 करोड़ रुपये में दुनिया का सबसे महंगा कुत्ता खरीदने का दावा किया है। तलाशी विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत ली गई है।
ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजू जनता दल (बीजेडी) सुप्रीमो नवीन पटनायक ने गुरुवार को बीजेडी अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। लगातार नौवीं बार उनके अध्यक्ष बनने की संभावनाएं मजबूत हैं। बीजेडी के राज्य निर्वाचन अधिकारी (एसआरओ) और पार्टी विधायक प्रताप केशरी देब ने कहा, पटनायक शीर्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार हैं। देब ने कहा, पार्टी के संगठन का चुनाव कराया जा रहा है। नवीन पटनायक केवल एकमात्र प्रत्याशी हैं, इसलिए उन्हें अगला पार्टी अध्यक्ष घोषित किया जाएगा। प्रक्रियात्मक औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद, पटनायक के निर्विरोध चुनाव की आधिकारिक घोषणा शनिवार को होने की उम्मीद है। बता दें कि 1997 में पार्टी की स्थापना के बाद से वे लगातार आठ बार बीजेडी अध्यक्ष चुने गए हैं।
पूर्व नौसेना कैप्टन जगमोहन को मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड का अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) नियुक्त किया गया है। यह जानकारी कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश से मिली। वह वर्तमान में गोवा शिपयार्ड लिमिटेड में कॉर्पोरेट योजना, परियोजना और व्यवसाय विकास के निदेशक हैं। आदेश के अनुसार, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स में कैप्टन जगमोहन की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। यह नियुक्ति उनके कार्यभार संभालने की तिथि से लेकर 30 सितंबर, 2029 को उनकी सेवानिवृत्ति तक की अवधि के लिए होगी।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को दावा किया कि असम में पंचायत प्रणाली की कुल 348 सीटों पर निर्विरोध फैसला हुआ, जिनमें से 325 सीटें भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ने जीतीं। त्रिस्तरीय पंचायत प्रणाली के लिए मतदान दो चरणों में 2 मई और 7 मई को होना है। सीएम सरमा ने कहा कि पंचायत चुनाव के लिए नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 18 अप्रैल है। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने एक चार्ट साझा करते हुए दावा किया, 'अब तक प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार, एनडीए ने पहले ही 37 जिला परिषद (35 भाजपा और 2 एजीपी) और 288 आंचलिक पंचायत (259 भाजपा और 29 एजीपी) सीटें निर्विरोध जीत ली हैं।' उन्होंने जो चार्ट साझा किया है उसके अनुसार, निर्दलियों ने 15 आंचलिक परिषद सीटें निर्विरोध जीती हैं, कांग्रेस ने नौ और AIUDF ने एक सीट जीती है।
Yesterday marked the last date for withdrawal of nominations for the upcoming Panchayat elections. As per reports received so far, the NDA has already secured 37 Zila Parishad (35 BJP and 2 AGP) and 288 Anchalik Panchayat (259 BJP and 29 AGP) seats unopposed.
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) April 18, 2025
This is a massive… pic.twitter.com/5PSFRa9HtG
सीएम सरमा ने कहा, 'यह असम के राजनीतिक इतिहास में एक विशाल और अभूतपूर्व जनादेश है। यह एनडीए और हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति असम के लोगों के असीम विश्वास और अपार प्रेम को दर्शाता है'। उन्होंने कहा, 'हमें विश्वास है कि जब अंतिम चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे, तो यह संख्या और भी प्रभावशाली होगी। एनडीए असम में पंचायत चुनावों में जीत हासिल करने के लिए पूरी तरह तैयार है'।
वहीं इस मामले में राज्य चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने कहा कि निर्विरोध सीटों की संख्या शनिवार को जारी की जाएगी। पंचायत चुनावों के लिए मतों की गिनती 11 मई को होगी। ग्राम पंचायतों में कुल 21,920 सीटें, आंचलिक परिषदों में 2,192 सीटें और जिला परिषदों में 397 सीटें हैं। राज्य के 34 जिलों में से 27 में पंचायत चुनाव हो रहे हैं, जबकि शेष सात स्वायत्त परिषदों द्वारा शासित हैं। पंचायत चुनाव में कुल 1.80 करोड़ लोग मतदान करने के पात्र हैं।