फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 13th July North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Updates: 30 करोड़ का ड्रग्स लिए विदेशी महिला तस्कर गिरफ्तार; बंगाल में एंबुलेंस-ट्रक की टक्कर, छह लोगों की मौत

Sat, 13 Jul 2024 07:05 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Sat, 13 Jul 2024 07:05 AM IST
विज्ञापन
News Updates 13th July North East West South India Politics Crime National News In Hindi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala

राजस्व खुफिया निदेशालय ने बंगलूरू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 30 करोड़ रुपये की कोकीन जब्त कर केन्या की एक महिला को तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी दोहा से इंडिगो की उड़ान के जरिये बंगलूरू पहुंची थी। जांच के दौरान उसके बैग में तीन किलो हेरोइन के पैकेट मिले, जिनकी कीमत 30 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा, आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 के प्रावधानों के तहत केस दर्ज किया गया है।

विज्ञापन


बंगाल में एंबुलेंस-ट्रक की टक्कर, छह लोगों की मौत
पश्चिम बंगाल में एक मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस और ट्रक की भीषण टक्कर में एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसा शुक्रवार की रात पश्चिम मेदिनीपुर जिले में केशपुर से गुजरने वाले पंचमी राजमार्ग पर हुआ। अपर्णा बाग नामक मरीज को खिरपई के एक अस्पताल से मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज ले जा रही एंबुलेंस, सीमेंट की बोरियों से लदे एक ट्रक से टकरा गई थी। दुर्घटना के वक्त एंबुलेंस में आठ लोग मौजूद थे।
विज्ञापन


झारखंड पुलिस की छापेमारी के दौरान अपराधी की छत से गिरकर मौत
झारखंड के जमशेदपुर स्थित सोनारिया क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस ने कई आपराधिक मामलों में वांटेड चल रहे एक आरोपी के घर छापेमारी की। पुलिस से बचने के प्रयास में भागते समय आरोपी अपने आवास की बालकनी से कथित तौर पर नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, मृतक के परिजनों ने गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में डॉक्टरों के पैनल से बंद कमरे में पोस्टमॉर्टम कराए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा मांग पूरी नहीं होने तक वह शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। एसपी (सरायकेला-खरसावां) मुकेश कुमार लुनायत ने कहा कि 35 वर्षीय आरोपी की भारी बारिश के बीच भागने की कोशिश के दौरान बाल विहार में घर की तीसरी मंजिल से गिरने से मौत हुई है। उसके खिलाफ पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन

ओडिशा राज्यपाल के बेटे पर राजभवन कर्मी के पति को पीटने का आरोप
ओडिशा के राजभवन कर्मी ने राज्यपाल के बेटे पर अपने पति की पिटाई का आरोप लगाया है। महिला कर्मचारी ने आरोप लगाया कि राज्यपाल रघुवर दास के बेटे ने पांच अन्य लोगों के साथ मिलकर 7 जुलाई की रात को उसके पति की पिटाई कर दी। इस मामले में हालांकि अब तक न तो राजभवन और न ही पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि की गई है। महिला कर्मी सयोज प्रधान ने मीडियकर्मियों को बताया कि उसके पति की पिटाई इसलिए कर दी गई, क्योंकि उन्होंने राज्यपाल के बेटे को लाने के लिए लग्जरी कार नहीं भेजी। प्रधान ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

तेलंगाना: सीएम रेड्डी ने हाइड्रा इकाई गठित करने का निर्णय लिया
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अधिनियम के अनुसार हाइड्रा इकाई का गठन करने का निर्णय लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रस्तावित हैदराबाद आपदा प्रतिक्रिया और संपत्ति निगरानी व संरक्षण इकाई का गठन इस तरह से करें, जिससे कि शहर के विस्तार के अनुरूप नागरिकों को सेवाओं की एक विस्तृत श्रृंखला प्रदान की जा सके। .

एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सीएम ने सुझाव दिया कि शहर में ओआरआर (आउटर रिंग रोड) तक 2,000 वर्ग किमी की सीमा में क्षेत्र के प्रबंधन की जिम्मेदारी हाइड्रा इकाई को सौंपी जानी चाहिए। इसके साथ ही हाइड्रा इकाई को सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा, तालाबों और नालों के अतिक्रमण पर अंकुश लगाने, अतिक्रमण, अवैध निर्माण और संरचनाओं को हटाने, अवैध होर्डिंग्स को हटाने की जिम्मेदारी सौंपी जानी चाहिए।

गोवा विधानसभा का मानसून सत्र 15 जुलाई से 7 अगस्त तक चलेगा
गोवा विधानसभा अध्यक्ष रमेश तवाडकर ने शुक्रवार को कहा कि मानसून सत्र 15 जुलाई से 7 अगस्त तक चलेगा। स्पीकर ने कहा कि सत्र में कटौती की कोई संभावना नहीं है। यह पूरे 18 कार्य दिवसों तक चलेगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान सदन में कुल 640 तारांकित प्रश्न और 1,842 अतारांकित प्रश्न रखे जाएंगे। तवाडकर ने कहा, विधानसभा सत्र के दौरान अगले छह महीनों के लिए लेखानुदान भी पारित करेगी। विधायकों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के मुद्दे उठाएंगे और आशा है कि विकास पर केंद्रित अच्छी चर्चा होगी। 

चौथी मंजिल से गिरकर मशहूर अरुणाचली व्लॉगर 'पूकूमोन' की मौत
डिजिटल दुनिया में 'पूकूमोन' के नाम से मशहूर 26 साल की अरुणाचली व्लॉगर रूपची टाकू की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, टाकू बृहस्पति की शाम अपने किराए के घर की चौथी मंजिल से गिर गई थीं। उन्हें आरके मिशन अस्पताल ले जाया गया,लेकिन उनकी मौत हो गई। सिंह ने कहा,किसी गड़बड़ी का संदेह नहीं है और मामला आकस्मिक लगता है। प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चलता है कि टाकू की नजर कमजोर थीं और वह काफी हद तक चश्मे पर निर्भर थीं। वह गलती से बालकनी से गिर गईं। उन्होंने आगे बताया कि बीएनएसएस की धारा 196 के तहत अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया। सब इंस्पेक्टर इन्या तातो मामले की जांच कर रहे हैं।

अगरतला स्टेशन से चार महिलाओं सहित सात बांग्लादेशी गिरफ्तार
त्रिपुरा की राजधानी अगरतला रेलवे स्टेशन से बगैर वैध दस्तावेज के भारत में प्रवेश करने के आरोप में सात बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। अगरतला जीआरपी के प्रभारी अधिकारी (ओसी) तपस दास से शुक्रवार को मिली जानकारी के मुताबिक, खुफिया सूचना के आधार पर बृहस्पतिवार को स्टेशन पर चौकसी बढ़ा दी गई। इस दौरान कोलकाता जाने वाली ट्रेन में सवार होने जा रहे एक समूह को रोका गया। दास ने आगे कहा कि समूह के लोग भारत में यात्रा करने के लिए कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद इन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार होने वालों में तीन पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं। जीआरपी प्रभारी दास ने आगे बताया कि आरोपियों के पास से बांग्लादेशी दस्तावेज, मोबाइल फोन और भारतीय नोट जब्त किए गए। उनकी योजना बंगलूरू कोलकाता और दिल्ली जैसे शहरों में जाने की थी। बीते दो महीनों में अगरतला रेलवे स्टेशन से 100 से अधिक बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। 

महात्मा गांधी की प्रतिमा हटाने के फैसले की मुझे जानकारी नहीं: हिमंत
असम के डुमडुमा शहर में घंटाघर के निर्माण के लिए महात्मा गांधी की प्रतिमा हटाए जाने के दो दिन बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें इसके बारे में जानकारी नहीं है और वह तथ्यों की पुष्टि करेंगे। उनकी यह टिप्पणी तिनसुकिया प्रशासन के मूर्ति को हटाए जाने की व्यापक आलोचना होने के बाद आई है।

सरमा ने महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी के एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया मंच पर कहा, मुझे जिला प्रशासन के इस निर्णय की जानकारी नहीं है। मुझे तथ्यों की पुष्टि करने दें। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि असम महात्मा गांधी का बेहद ऋणी है। सरमा ने कहा, जब नेहरू के नेतृत्व वाली कांग्रेस पार्टी विलय योजना के तहत असम को पाकिस्तान में शामिल करना चाहती थी, तब महात्मा गांधी भारत रत्न गोपीनाथ बोरदोलोई के साथ मजबूती से खड़े रहे। स्थानीय लोगों ने बताया कि शहर के मध्य में स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा को बुधवार को निकाय अधिकारियों ने हटा दिया, ताकि वहां ‘घंटाघर बनाने का रास्ता साफ हो जाए। इसको लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। तुषार गांधी ने स्थानीय प्रशासन के इस कदम के संबंध में एक खबर को साझा करते हुए पोस्ट में लिखा, असम की भाजपा सरकार का डिब्रूगढ़ में बापू की प्रतिमा की जगह घंटाघर बनाने का फैसला हैरान नहीं करता है। वे आज भी गुलामी में जी रहे हैं।

पूर्वोत्तर में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए असम और त्रिपुरा में 493 करोड़ में बनेंगी सड़कें
पूर्वोत्तर क्षेत्र में ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने शुक्रवार को असम और त्रिपुरा में 493 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश के साथ सड़कों और पुलों के निर्माण को मंजूरी दे दी। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने कहा कि कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई-3) के तहत असम में 563.67 किलोमीटर लंबी 78 सड़कें और 14 पुलों को सरकार की मंजूरी मिली है, जिसमें अनुमानित 378.68 करोड़ रुपये का निवेश होगा। इसी तरह, सरकार ने प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम-जनमन) के कनेक्टिविटी घटक के तहत त्रिपुरा में 118.75 किलोमीटर लंबी 42 सड़कें को मंजूरी दी, जिसमें अनुमानित 114.32 करोड़ रुपये का निवेश होगा। मंत्रालय ने कहा कि सड़कों के निर्माण से आवश्यक सेवाओं तक पहुंच में सुधार होगा, ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ेगी, दूरदराज के गांवों और शहरी केंद्रों के बीच की खाई को पाटा जा सकेगा और क्षेत्र में आर्थिक विकास, व्यापार और वाणिज्य को बढ़ावा मिलेगा।

भारत को समुद्री मानचित्र के शीर्ष पर ले जाएगा विझिंजम बंदरगाह : सोनोवाल
केंद्रीय जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि विझिंजम बंदगाह भारत को समुद्री मानचित्र के शीर्ष पर ले जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कोलंबो और सिंगापुर जैसे गहरे पानी के अंतरराष्ट्रीय ट्रांस-शिपमेंट बंदरगाहों के सामने कड़ी चुनौती पेश करेगा। सोनोवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय शिपिंग लेन के करीब होने के अपने लाभ हैं। इसके अलावा इसकी गहरी-ड्राफ्ट क्षमताओं की वजह से यह ट्रांस-शिपमेंट के लिए एक पसंदीदा विकल्प बनेगा।

बंधुआ मजदूरों के कल्याण के लिए अंतरराज्यीय सेल जरूरी : एनएचआरसी
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने बंधुआ मजदूरों के कल्याण के लिए अंतरराज्यीय सेल स्थापित करने की सिफारिश की है। आयोग ने कहा, इससे 'मानव तस्करी' और बंधुआ मजदूरी पर नजर रखने में आसानी होगी। सुझाव एनएचआरसी की कार्यवाहक प्रमुख विजया भारती सयानी की अध्यक्षता में एक कोर ग्रुप की बैठक में दिए गए। सयानी ने कहा कि मुक्त बंधुआ मजदूरों के पुनर्वास के लिए एक एकीकृत और दीर्घकालिक रणनीति की आवश्यकता है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed