फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 11th February North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: इंफाल पश्चिम और तेंगनौपाल से नौ उग्रवादी गिरफ्तार; बीरभूम में आवासीय परिसर में आग लगने से दो की मौत

Tue, 11 Feb 2025 09:56 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Tue, 11 Feb 2025 09:56 AM IST
विज्ञापन
News Updates 11th February North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

सुरक्षा बलों ने मणिपुर के इंफाल पश्चिम और तेंगनौपाल जिलों से नौ उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी के दो उग्रवादियों को सोमवार को इंफाल पश्चिम जिले के रूपमहल टैंक इलाके से गिरफ्तार किया गया। वे रूपमहल टैंक क्षेत्र में जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल थे।

विज्ञापन


एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठन यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (कोइरेंग) और पीआरईपीएके के दो उग्रवादियों को रविवार को तेंगनौपाल जिले से गिरफ्तार किया। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित केसीपी (ताइबंगनबा) समूह के पांच सदस्यों को तेंगनौपाल जिले के एल मिनौ रिजलाइन से गिरफ्तार किया है। सुरक्षा बलों ने रविवार को गिरफ्तार किए गए पांच आतंकवादियों के पास से एक एलएमजी राइफल, एक एसएलआर राइफल, दो इंसास राइफल और एक एके 47 राइफल के साथ-साथ 14 मैगजीन, गोला-बारूद और अन्य सामान जब्त किया। 
विज्ञापन

इसके अलावा पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में एक आवासीय परिसर में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई और दो बच्चों सहित चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बोलपुर इलाके में स्थित पांच मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर सोमवार शाम को आग लग गई। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद एक दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन आग पर काबू नहीं पा सकी, जिसके बाद दो और दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


अधिकारियों ने बताया कि दमकलकर्मियों ने लोहे की ग्रिल तोड़कर और ऊंची सीढ़ी का इस्तेमाल करके फंसे हुए कई निवासियों को बचाया। चिकित्सा सुविधा के एक अधिकारी ने बताया कि घायलों को बोलपुर उप-मंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनमें से दो की मौत हो गई। बीरभूम के पुलिस अधीक्षक अमनदीप ने कहा, 'बचाव अभियान अभी भी जारी है। आग लगने का सही कारण अभी पता नहीं चल पाया है।'

ओडिशा के स्कूल में दवा खाकर 8 लड़कियां बीमार
ओडिशा के एक स्कूल में पेट के कीड़ों को नष्ट करने वाली दवा खाने के कारण आठ लड़कियों के बीमार होने की खबर है। दो जिलों में कम से कम आठ छात्राओं को स्कूलों में कृमिनाशक गोलियां खिलाई गईं। गोलियां लेने के कुछ ही समय बाद उन्हें उल्टी, मतली और गंभीर बेचैनी की शिकायत हुई। छह लड़कियों को बालासोर जिले के सोरो स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जबकि दो लोगों को मलकानगिरी में भर्ती कराया गया। सोमवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर बच्चों को गोलियां दी गईं। अभियान के तहत एक से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को गोलियां दी जाती हैं। मलकानगिरी के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सीएचएम जगन्नाथ राव ने कहा कि कृमिनाशक दवाइयों के कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं होते। बच्चों को पहले बुखार था या फिर वे डर के कारण बीमार पड़ गए होंगे। अब वे खतरे से बाहर हैं।

छात्रा ने विश्वविद्यालय के पांच मंजिला शैक्षणिक भवन से छलांग लगाई, मौत
पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में एमटेक छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। सोमवार शाम कथित तौर पर एक विश्वविद्यालय परिसर में इमारत से नीचे गिरने के कारण छात्रा की मौत हो गई। घटना मौलाना अबुल कलाम आज़ाद प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MAKAUT) में घटी। पीड़िता वीएलएसआई विभाग की छात्रा थी। आरोप है कि परीक्षा के दौरान "नकल करते हुए पकड़ी गई" जिसके तुरंत बाद उसने विश्वविद्यालय के पांच मंजिला शैक्षणिक भवन से छलांग लगा दी। उसे हरिणघाटा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बता दें कि राज्य सरकार संचालित यह विश्वविद्यालय हाल ही में उस समय चर्चा में आया जब एक कथित वायरल वीडियो में वरिष्ठ महिला प्रोफेसर को कक्षा के अंदर एक छात्र से 'विवाह' करते हुए दिखाया गया था।

डिजिटल अरेस्ट : गुजरात व बिहार से सरगना समेत आठ गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश में किन्नौर जिले के एक युवक को डिजिटल अरेस्ट कर उससे 17.5 लाख रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने सरगना समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी हैदराबाद, बिहार और गुजरात के रहने वाले हैं। पुलिस ने सभी  के बैंक खातों को फ्रीज करवा 6.5 लाख रुपये भी जब्त कर लिए हैं। आरोपी हिमाचल में ठगी के कई मामलों में संलिप्त बताए गए हैं।

41 वर्ष पुराने केस में पूर्व आईपीएस कुलदीप को 3 महीने की सजा
चार दशक से भी अधिक पुराने मामले में पूर्व आईपीएस अफसर कुलदीप शर्मा को गुजरात की एक अदालत ने 3 महीने की सजा सुनाई है। कुलदीप को कांग्रेस नेता अब्दुल हाजी इब्राहिम पर हमले का दोषी पाया गया। भुज के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बीएम प्रजापति की अदालत ने तत्कालीन पुलिस निरीक्षक जीएच वासवदा को भी तीन महीने की कैद की सजा सुनाई।

गुजरात: विषाक्त सोडा पीने से तीन लोगों की मौत, जांच शुरू
गुजरात के नडियाद में विषाक्त सोडा पीने से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि रविवार शाम यहां जवाहर नगर इलाके में तीन लोग सोडा पी रहे थे। कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत नजदीकी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। कई मीडिया रिपोर्ट में मौतों का कारण जहरीली शराब बताया गया, लेकिन पुलिस ने कहा कि फोरेंसिक जांच में मेथेनॉल की मौजूदगी नहीं मिली जो कि आम तौर पर जहरीली शराब में पाई जाती है।

अंतरराष्ट्रीय विमान में मिला धमकी भरा पत्र, दहशत
गुजरात के अहमदाबाद में सोमवार  को एक अंतरराष्ट्रीय विमान में बम की धमकी भरा पत्र मिलने से हड़कंप मच गया। हालांकि, गहन तलाशी अभियान में कहीं कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। एक अधिकारी ने बताया कि जेद्दाह से यात्रियों को लेकर विमान सुबह अहमदाबाद हवाईअड्डे पर उतरा। सभी यात्रियों के उतरने के बाद सफाई कर्मचारियों को सीट के नीचे एक नोट मिला। इसमें विमान को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा एजेंसियों ने मिलकर विमान की गहन जांच की। इस दौरान कहीं कुछ भी संदिग्ध नहीं मिलने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

रेल परियोजना में घूस लेने का आरोप मुख्य अभियंता के खिलाफ केस दर्ज
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी के आरोप में कोंकण रेलवे के मुख्य अभियंता सुमीत खजूरिया के खिलाफ केस दर्ज किया है। खजूरिया पर उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेलवे लिंक परियोजना के कटरा-धरम खंड के निर्माण में एक कंपनी के लंबित बिलों को मंजूरी देने के एवज में घूस मांगने का आरोप है। जांच एजेंसी के अनुसार खजूरिया ने पारस रेलटेक प्रा. लि. और उसके निदेशकों राजेश जैन, पुष्पराज सिंह व सुलभ रावत के साथ मिलकर आपराधिक साजिश रची। 

पूर्वोत्तर के इस राज्य में अब श्रम पहचान पत्र लागू
सिक्किम में अब प्रवासी श्रमिकों के लिए अनिवार्य 'श्रम पहचान पत्र' लागू किया जाएगा। सत्यापन की समय सीमा समाप्त हो गई है। सिक्किम सरकार के श्रम सचिव राहुल के ने बताया कि पंजीकरण एक सतत प्रक्रिया है, श्रमिकों का पंजीकरण सभी कार्य दिवसों में कराया जा सकता है। इसके लिए कोई समय सीमा नहीं है। हालांकि, अब क्योंकि  आईडी कार्ड लागू हो चुके हैं तो कानून प्रवर्तन एजेंसियां जांच शुरू कर सकती हैं। पंजीकरण के लिए विभिन्न जिलों में विशिष्ट समय दिए गए हैं। हालांकि, राजधानी गंगतोक के श्रम विभाग में पूरे वर्ष पंजीकरण कराया जा सकता है।

बैनरों में एमजीआर, जया की तस्वीरें न होने से अन्नाद्रमुक नेता नाराज, कार्यक्रम का बहिष्कार
तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक प्रमुख एडप्पादी के. पलानीस्वामी के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक केए सेंगोट्टैयन की नाराजगी की खबर सामने आई। कार्यक्रम में लगे बैनरों में पार्टी संस्थापक एमजी रामचंद्रन और पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता की तस्वीरें नहीं होने के कारण उन्होंने कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया। कोयंबटूर में इस कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय किसानों संघ ने किया था। इसका मकसद पूर्व मुख्यमंत्री पलानीस्वामी (2017-21) को अपने कार्यकाल में किसान हितैषी योजना को लागू करने के लिए धन्यवाद देना था।

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पूर्व भारतीय तटरक्षक महानिदेशक के. नटराजन और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ वरिष्ठ अधिकारियों की सालाना गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) या डोजियर में कथित छेड़छाड़ के लिए मामला दर्ज किया है। केंद्रीय एजेंसी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। 

एनएचआरसी की सिफारिशों से पीड़ितों को मिली राहत
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) की सिफारिशों के परिणामस्वरूप मानवाधिकार उल्लंघन के कई  पीड़ितों को राहत मिली है। हाल ही में, इसके हस्तक्षेप के कारण आंध्र प्रदेश सरकार ने 30 लोगों को सहानुभूति के आधार पर नियुक्ति दी है। इसके साथ ही, इन सभी को उनके पारिवारिक पेंशन बकाया का भुगतान भी सुनिश्चित किया गया है। आयोग ने मंगलवार को यह जानकारी दी। 

अंडमान में लोगों से की जा रही खाद्य तेल की खपत कम करने की अपील, प्रशासन ने शुरू किया अभियान
अंडमान निकोबार प्रशासन ने द्वीप पर रहने वाले लोगों से खाद्य तेल की खपत में 10 फीसदी कमी करने के लिए कहा है। अंडमान निकोबार के स्वास्थ्य सेवा निदेशालय ने स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए लोगों को इस मुद्दे पर जागरूक करना शुरू कर दिया है। इस मुद्दे को लेकर स्वास्थ्य शिक्षक युसुफ ने जीबी पंत अस्पताल के ओपीडी परिसर में एक संवाद किया। इसमें लोगों को सीमित तेल की खपत का महत्व बताया गया। अधिकारियों ने बताया कि संवाद में लोगों को अत्यधिक तेल के सेवन, बच्चों में जंक फूड के सेवन, मोटापे, हृदय संबंधी बीमारियों से होने वाले स्वास्थ्य खतरों के बारे में जानकारी दी गई। 

स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को खाद्य तेल की खपत में 10 फीसदी की कमी लाने, जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के जोखिम को कम करने और स्वस्थ जीवनशैली बनाए रखने के उपायों के प्रति जागरूक करता रहता है। केंद्रीय स्वास्थ्य सेवा के सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. अविजित रॉय ने कहा कि संतुलित आहार चार्ट के मुताबिक एक व्यक्ति कुल भोजन का 10 फीसदी तक वसा के रूप में ग्रहण कर सकता है। हालांकि हाल के दिनों में समाज में वसा के सेवन से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले विभिन्न प्रभाव सामने आ रहे हैं। 
उन्होंने कहा कि इसलिए हम लोगों से खाद्य तेल की खपत 10 फीसदी तक कम करने की अपील कर रहे हैं। इससे हृदय रोगों को जोखिम कम होगा। साथ ही ब्लड प्रेशर नियंत्रित होगा। जल्द ही हम इस अभियान को स्कूलों, सरकारी कार्यालय, निजी प्रतिष्ठान और भोजनालयों तक ले जाएंगे। इससे अन्य लाभ भी होंगे, जैसे- कृषि रसायनों के उपयोग में कमी आएगी। सिंचाई के पानी का उपयोग कम होगा। ग्रीन हाउस उत्सर्जन में कमी होगी। 

उप राष्ट्रपति ने बंगाल विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करने की इच्छा जताई 
उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करने की इच्छा जताई। एक सूत्र ने मंगलवार को यह जानकारी दी। धनखड़ जब राज्य के राज्यपाल थे, तब उनका तृणमूल कांग्रेस सरकार के साथ कई बार टकराव देखने को मिला था। सूत्र ने बताया कि बजट सत्र के दौरान उपराष्ट्रपति को विधायकों क संबोधित करने का कोई प्रावधान नहीं है, इसलिए विधानसभा सचिवालय इस पर विचार कर रहा है कि क्या बजट सत्र समाप्त होने पर एक विशेष सत्र बुलाया जाए।

फर्जी सीएसआर फंड घोटाला: ईडी ने केरल पुलिस से अपने हाथों में ली जांच
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को सनसनीखेज फर्जी सीएसआर फंड घोटाले की जांच केरल पुलिस से अपने हाथों में ले ली। इसमें धोखेबाजों ने लैपटॉप, दोपहिया वाहन और घरेलू उपकरण आधी कीमत पर देने का झूठा वादा करके केरलभर में कई लोगों को ठगा।

एजेंसी सूत्रों ने बताया कि ईडी के कोच्चि क्षेत्रीय कार्यालय ने घोटाले में केस दर्ज किया है। यह घटनाक्रम केरल पुलिस की ओर से घोटाले की जांच अपराध शाखा को सौंपे जाने के एक दिन बाद हुआ। पुलिस को प्राप्त शिकायतों के अनुसार, धोखेबाजों ने झूठे प्रस्ताव दिए और दावा किया कि यह छूट विभिन्न गैर सरकारी संगठनों और धर्मार्थ संगठनों की कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) गतिविधियों का हिस्सा है। पुलिस के अनुसार, इन मामलों में कुल 37 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने इडुक्की जिले के थोडुपुझा निवासी आनंदू कृष्णन को स्कूटर, सिलाई मशीन, घरेलू उपकरण और लैपटॉप आधी कीमत पर देने का वादा कर लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

वकीलों की हड़ताल की झूठी अफवाह फैलाई जा रही: बार काउंसिल ऑफ इंडिया
बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) ने बुधवार को वकीलों की हड़ताल को लेकर फैल रही अफवाहों को खारिज किया। एक बयान में बीसीआई ने कुछ शरारती तत्वों द्वारा पूरी तरह से झूठी और फर्जी खबरें फैलाई जा रही हैं, जिना मकसद वकीलों को भ्रमित करना और बीसीआई के अध्य7 मनन कुमार मिश्रा की छवि को खराब करना है। 

बीसीआई ने कहा, बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने 12 फरवरी या किसी अन्य दिन या तारीख पर किसी प्रकार के प्रदर्शन का आह्वान नहीं किया है। उसने कहा कि इस तरह फर्जी खबरें कानूनी प्रणाली को बाधित करने और वकीलों की शीर्ष संस्था को नुकसान पहुंचाने के लिए फैलाई जा रही हैं। बीसीआई ने यह भी कि वह उन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएगी जो हड़ताल की अफवाह फैलाने के लिए जिम्मेदार हैं। 
 
 

पद्म श्री पुरस्कार विवाद में एक ही नाम के दो दावेदारों को हाईकोर्ट ने किया तलब
उड़ीसा हाईकोर्ट ने मंगलवार को एक ही नाम के दो लोगों को नोटिस जारी किया, जिन्होंने दावा किया था कि उन्हें 2023 में पद्म श्री पुरस्कार दिया जाएगा। दोनों को 24 फरवरी को अपना पक्ष रखने के लिए कोर्ट में पेश होना होगा। पद्म श्री पुरस्कार विजेताओं की 2023 की सूची में ओडिशा के अंतर्यामी मिश्रा का नाम 56वें स्थान पर है, जिन्हें साहित्य और शिक्षा में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया। पेशे से पत्रकार अंतर्यामी मिश्रा ने नई दिल्ली जाकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पुरस्कार प्राप्त किया।

बाद में चिकित्सक डॉ अंतर्यामी मिश्रा ने हाईकोर्ट का रुख करते हुए दावा किया कि उनके हमनाम ने उनका प्रतिरूपण करके पुरस्कार प्राप्त किया है। रिट याचिका दायर करते हुए डॉक्टर ने दावा किया कि उन्होंने ओडिया और अन्य भारतीय भाषाओं में 29 किताबें लिखी हैं, जिसके कारण उनका नाम 2023 के पद्म श्री पुरस्कार विजेताओं की सूची में शामिल किया गया है। याचिकाकर्ता के अनुसार, पत्रकार के नाम कोई किताब नहीं है। अदालत ने दोनों दावेदारों को अपने दावों को पुष्ट करने के लिए सभी प्रकाशनों और सामग्रियों के साथ शारीरिक रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया है। इस मामले में भारत संघ सहित प्रतिवादियों को भी नोटिस जारी किए गए हैं।

बंगाल: विश्वविद्यालय में छात्रा की मौत के बाद विरोध प्रदर्शन, कक्षाएं और परीक्षाएं निलंबित
पश्चिम बंगाल के हरिनघाटा में मौलाना अबुल कलाम आजाद प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएकेटीयू) के मुख्य परिसर में पांचवीं मंजिल से कथित तौर पर छलांग लगाने से हुई छात्रा की मौत के बाद विरोध प्रदर्शन हुआ, जिसके कारण मंगलवार को कक्षाएं और परीक्षाएं निलंबित की गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

अधिकारियों ने बताया कि एमटेक की छात्रा ने सोमवार को परीक्षा के दौरान नकल करते हुए पकड़ी गई। इसके तुरंत बाद कथित तौर पर शैक्षणिक भवन की पांचवीं मंजिल से उसने छलांग लगा दी थी। उसे हरिनघाटा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed