फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 10th March North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: तेलंगाना में ऑनर किलिंग के आरोपी को मौत की सजा; गुजरात में बाइक रैली के दौरान हिंसा

Mon, 10 Mar 2025 06:28 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Mon, 10 Mar 2025 06:28 PM IST
विज्ञापन
News Updates 10th March North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

तेलंगाना के नलगोंडा जिले की एक अदालत ने सोमवार को 2018 में एक दलित व्यक्ति की सनसनीखेज ऑनर किलिंग के एक आरोपी को मौत की सजा सुनाई। द्वितीय एडीजे सह एससी/एसटी अदालत ने बिहार के सुभाष कुमार शर्मा को मृत्युदंड की सजा सुनाई। जबकि छह अन्य आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।14 सितंबर, 2018 को नलगोंडा जिले के मिर्यालगुडा शहर में प्रणय कुमार (23) की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। ऊंची जाति की महिला से विवाह करने वाले प्रणय कुमार की हत्या से राज्य में आक्रोश फैल गया था। 18 सितंबर, 2018 को महिला के पिता मारुति राव और चाचा सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। प्रणय कुमार के साथ अपनी बेटी की शादी का विरोध करने वाले मारुति राव ने अपने दामाद को खत्म करने के लिए अन्य आरोपियों के साथ साजिश रची थी। महिला ने अपने पिता मारुति राव पर अपने पति की हत्या के पीछे हाथ होने का आरोप लगाया था।

विज्ञापन


सुप्रीम कोर्ट के जज बने कलकत्ता HC के न्यायाधीश जॉयमाल्या बागची
कलकत्ता उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची को सोमवार को उच्चतम न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया। शीर्ष न्यायालय के कॉलेजियम ने 6 मार्च को उनके नाम की संस्तुति की थी। उनकी नियुक्ति की घोषणा कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने 10 मार्च को की। न्यायमूर्ति बागची का शीर्ष न्यायालय में कार्यकाल छह वर्ष से अधिक होगा, जिसके दौरान वे भारत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में भी कार्य करेंगे। 25 मई, 2031 को न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन के सेवानिवृत्त होने पर, 3 अक्टूबर, 1966 को जन्मे न्यायमूर्ति बागची 2 अक्टूबर, 2031 को अपनी सेवानिवृत्ति तक भारत के मुख्य न्यायाधीश का पद संभालेंगे। जहां उच्च न्यायालय के न्यायाधीश 62 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्त होते हैं, वहीं उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश 65 वर्ष की आयु प्राप्त करने पर पद छोड़ देते हैं।
विज्ञापन


न्यायमूर्ति बागची को 27 जून, 2011 को कलकत्ता उच्च न्यायालय में न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। उन्हें 4 जनवरी, 2021 को आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय में स्थानांतरित कर दिया गया था। न्यायमूर्ति बागची को 8 नवंबर, 2021 को कलकत्ता उच्च न्यायालय में वापस भेज दिया गया था और तब से वे वहीं कार्यरत हैं। उन्होंने 13 वर्षों से अधिक समय तक उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में कार्य किया है। अपने लंबे कार्यकाल के दौरान न्यायमूर्ति बागची ने कानून के विविध क्षेत्रों में महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त किया। उनके शपथ लेने के बाद, सर्वोच्च न्यायालय में 34 स्वीकृत पदों के मुकाबले 33 न्यायाधीश हो जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन


सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस वी रामास्वामी का निधन
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस वी रामास्वामी का 96 वर्ष की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। पूर्व जस्टिस को चेन्नई स्थित उनके आवास पर शनिवार सुबह दिल का दौरा पड़ा था। पेशे से वकील उनके छोटे बेटे संजय रामास्वामी ने यह जानकारी दी। रामास्वामी को 6 अक्टूबर, 1989 को सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया। 14 फरवरी, 1994 को वह रिटायर हुए थे। रामास्वामी सुप्रीम कोर्ट के पहले ऐसे जज थे, जिन्हें 1991 में क ऐसे संसदीय कार्यवाही का सामना करना पड़ा जिसका मकसद उनको बतौर जज निष्कासित करना था। लेकिन कांग्रेस सांसदों के वोटिंग में शामिल नहीं होने से उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पारित नहीं हो पाया था।

ओडिशा में 10 अवैध बांग्लादेशी गिरफ्तार
असम में अवैध रूप से सीमा पार कर भारत में घुसे 10 बांग्लादेशियों को ओडिशा में गिरफ्तार किया गया है। इनमें छह पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल है।

पुलिस अधीक्षक (एसटीएफ) रबि नारायण सतपति ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर एसटीएफ ने इन सभी को भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। वे सभी पासपोर्ट, वीजा या किसी वैध यात्रा दस्तावेज के बिना यात्रा कर रहे थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि असम में धुबरी के पास तस्करों ने उन्हें अवैध तरीके से भारत की सीमा में प्रवेश कराया था। उनकी योजना भुवनेश्वर में ही रहने की थी। पुलिस ने बताया कि उनके कब्जे से सात मोबाइल फोन, कुछ बांग्लादेशी मुद्रा नोट और कुछ भारतीय मुद्रा नोट जब्त किए गए। विदेशी अधिनियम के तहत इन सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

माधव राष्ट्रीय उद्यान बना  58वां बाघ अभयारण्य
 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के शिवपुरी स्थित माधव राष्ट्रीय उद्यान के देश का 58वां बाघ अभयारण्य बनने पर खुशी जताई। साथ ही कहा कि वन्यजीव प्रेमियों के लिए यह एक अद्भुत खबर है। पीएम ने कहा, हम हमेशा जानवरों की सुरक्षा और एक जीवंत ग्रह के लिए योगदान  देने में सबसे आगे रहेंगे। पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया   में लिखा कि यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि देश में 58वां बाघ अभयारण्य बन गया है और नवीनतम अभयारण्य एमपी का माधव बाघ अभयारण्य है।  

पानी की टंकी साफ करते समय 4 मजदूरों की दम घुटने से मौत
मुंबई। दक्षिण मुंबई में रविवार को एक निर्माणाधीन इमारत की पानी की टंकी साफ करते समय चार मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। यह घटना नागपाड़ा इलाके में डिमटीमकर रोड पर स्थित बिस्मिल्लाह स्पेस बिल्डिंग में दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हुई। एक अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि पांच मजदूर पानी की टंकी को साफ करने के लिए उसमें उतरे थे, लेकिन काम करते समय वे बेहोश हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चार को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि एक का इलाज जारी है।  

चेन्नई में इंडिगो विमान का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त होने की जांच शुरू
विमानन नियामक डीजीसीए 8 मार्च को चेन्नई हवाईअड्डे पर इंडिगो के ए321 विमान के पिछले हिस्से के क्षतिग्रस्त होने की जांच कर रहा है। डीजीसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार यह जानकारी दी। इससे पहले, इंडिगो ने बताया कि एयरबस ए321 विमान का पिछला हिस्सा हवाईपट्टी से टकरा गया था। फिलहाल विमान उड़ान नहीं भर रहा है और जरूरी मरम्मत और मंजूरी के बाद इसे फिर से इस्तेमाल में लाया जाएगा।  

मिजोरम : तीन करोड़ की हेरोइन और बंदूक जब्त, दो गिरफ्तार
असम राइफल्स और मिजोरम पुलिस ने चंफाई जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास दो संयुक्त अभियानों के दौरान तीन करोड़ रुपये की हेरोइन और एक बंदूक जब्त की। इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को जोखावथर में एक युवक से 408 ग्राम हेरोइन जब्त की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एक अन्य अभियान में, जोखावथर के निकट एक व्यक्ति से एक राइफल जब्त कर गिरफ्तार किया गया है।

आत्महत्या करने  वाले एडीएम ने नहीं किया था भ्रष्टाचार
केरल के राजस्व मंत्री के राजन ने रविवार को कहा कि कन्नूर के पूर्व अतिरिक्त जिलाधिकारी (एडीएम) नवीन बाबू की मौत के मामले की आंतरिक जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंप दी गई। राजस्व विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, बाबू के खिलाफ भ्रष्टाचार के कोई सबूत नहीं मिले। बाबू ने कन्नूर जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष पीपी दिव्या की ओर से उनके विदाई समारोह में लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद आत्महत्या कर ली थी। राजन ने स्पष्ट किया कि यह एक तथ्यान्वेषी जांच थी, जो वरिष्ठ अधिकारी के भ्रष्टाचार में लिप्त होने और जानबूझकर एक फाइल में देरी करने के दावों के बाद शुरू की गई थी। 

सरकार का फैसला: मसूर दाल पर लगा 10 फीसदी आयात शुल्क
सरकार ने मसूर दाल पर 10 फीसदी आयात शुल्क लगाने की घोषणा की है। इसके अलावा, घरेलू उपलब्धता बढ़ाने के लिए पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात को तीन महीने यानी इस साल 31 मई तक बढ़ा दिया गया है। इस बारे में सरकार की ओर से अधिसूचना जारी की गई है। अधिसूचना के जरिये सरकार ने 8 मार्च से दालों पर पांच फीसदी मूल सीमा शुल्क और पांच फीसदी कृषि अवसंरचना और विकास उपकर (एआईडीसी) लगाया है। अभी तक दालों के आयात को शुल्क मुक्त रखा गया था। सरकार ने शुरुआत में दिसंबर, 2023 में पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की अनुमति दी थी और बाद में इसे 28 फरवरी तक तीन बार बढ़ाया था। अनुमान के मुताबिक, 2024 में 67 लाख टन दालों का आयात हुआ। इसमें पीली मटर का हिस्सा 30 लाख टन रहा।

चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत के बाद गुजरात में बाइक रैली के दौरान हिंसा भड़की
गांधीनगर पुलिस ने सोमवार को बताया कि गुजरात के गांधीनगर जिले में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत का जश्न मनाने के लिए देर रात मोटरसाइकिल रैली के दौरान हिंसा भड़कने के बाद कम से कम 11 लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले में एक अधिकारी ने बताया कि रविवार रात को न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मैच में भारत की जीत के बाद लोगों के एक समूह ने देहगाम शहर में मोटरसाइकिल रैली निकाली।

प्रथम सूचना रिपोर्ट के अनुसार, रैली रात करीब 10.30 बजे अल्पसंख्यक बहुल इलाके में एक मस्जिद के पास से गुजर रही थी, तभी कुछ बाइक सवार हॉर्न बजाते हुए अपने दोपहिया वाहन लेकर दौड़ पड़े। इसमें कहा गया है कि रमजान के त्योहार के लिए मस्जिद में बैठे करीब 15 लोगों ने इसका विरोध किया, गाली-गलौज की और बाइक सवारों पर लाठी से हमला करने की कोशिश की, जब वे भाग गए।

पुलिस उपाधीक्षक पी एन वंदा ने कहा, 'बाइक रैली के शोर पर आपत्ति जताने वाले लोगों द्वारा हमला किए जाने के बाद अधिकांश बाइक सवार भाग गए। कुछ पांच से छह लोग अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर भाग गए। आरोपियों ने पीछे छोड़े गए दोपहिया वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।' उन्होंने कहा, 'हमने पूछताछ के लिए 11 लोगों को हिरासत में लिया है और आगे की जांच जारी है। सोमवार की सुबह प्राथमिकी दर्ज की गई।' 
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed