फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   news round up of day 060416

न्यूज राउंडअपः लालकृष्ण आडवाणी की पत्नी का निधन, सूखे पर कोर्ट की सख्त टिप्पणी

Wed, 06 Apr 2016 07:35 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, नई दिल्ली
टीम डिजिटल/अमर उजाला, नई दिल्ली Updated Wed, 06 Apr 2016 07:35 PM IST
विज्ञापन
news round up of day 060416

बीजेपी के  वरिष्ठ नेता लालकृष्‍ण आडवाणी की पत्नी कमला आडवाणी का निधन हो गया है। उनका निधन दिल्‍ ली के एम्स अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने के कारण हुआ है। उनकी मौत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित तमाम वरिष्ठ नेताओं ने शोक जताया है।

विज्ञापन


सूत्रों के अनुसार सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें एम्स ले जाया गया था जहां उनकी मौत हो गई। वह अपने पीछे बेटी प्रतिभा आडवाणी और बेटे जयंत को छोड़ गई हैं।
विज्ञापन


कमला आडवाणी को इससे पूर्व भी 30 नवंबर को सांस में तकलीफ के चलते एम्स में भर्ती करवाया गया था, हालांकि वहां से वह ठीक होकर आ गयीं थीं। उनकी मौत पर बीजेपी कार्यकर्ताओं में दुख की लहर दौड़ गयी है। वरिष्ठ बीजेपी नेताओं का एम्स पहुंचा शुरु हो गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

बसपा सांसद की पुत्रवधु ने खुद को गोली मारी, मौत

news round up of day 060416
राज्यसभा सांसद नरेंद्र कश्यप की बहू ने खुद को गोली मार ली।

दिन की बड़ी खबर आई राजधानी दिल्‍ली के नजदीक स्थित गाजियाबाद से, जहां बसपा के राज्यसभा सांसद नरेन्द्र कश्यप की पुत्रवधु ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है विवाहिता ने बाथरूम में जाकर खुद को गोली मारी थी, जिसके बाद उसे यशोदा अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

राज्यसभा सांसद नरेंद्र कश्यप के बेटे सागर की शादी 27 नवंबर 2013 को बसपा सरकार में मंत्री रहे हीरा लाल कश्यप की पुत्री हिमांशी से हुई थी। हिमांशी नरेंद्र कश्यप के बड़े बेटे सागर की पत्नी थी। सांसद परिवार का दावा है कि उनकी 26 वर्षीय बहू ने खुद को बाथरूम में लॉक कर गोली मारी थी। 

वारदात की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस मामले की हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है। पुलिस को हिमांशी के ससुरालवालों के बयान पर संदेह है इसी वजह से वो हत्या के एंगल से भी जांच कर रही है।

सूखे से बेहाल राज्यों से मुंह नहीं मोड़ सकती केन्द्र सरकार

news round up of day 060416
सुप्रीम कोर्ट

देश के कई राज्यों में सूखे की समस्या विकराल होती जा रही है, इस पर सुप्रीम कोर्ट ने भी गंभीर रुख अख्तियार कर लिया है। मामले में शीर्षस्‍थ अदालत ने केन्द्र सरकार की खिंचाई करते हुए कहा है कि जब देश के नौ राज्य सूखे की मार झेल रहे हों तब आप उनसे मुंह नहीं मोड़ सकते हैं। 

हालांकि गुजरात सरकार ने इस मामले में अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि उसने इसी अप्रैल से राज्य में फूड सिक्योरिटी एक्ट लागू कर दिया है, जिससे लोगों को भोजन की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। 

इस संबंध में स्वराज अभियान की ओर से सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई थी जिसमें केन्द्र सरकार को सूखा प्रभावित राज्यों के लिए भोजन और अन्य जरूरी संसाधनों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देने की मांग की गई थी। 

सूखे से जूझ रहे राज्य में आईपीएल में क्यों बर्बाद हो पानीः हाईकोर्ट

news round up of day 060416
mumbai cricket association - फोटो : mumbai cricket association

पूरे देश में जहां कुछ दिनों बाद हर तरफ आईपीएल का खुमार हावी होता दिखेगा वहीं महाराष्ट्र के मुंबई और अन्य शहर के लोग इसके रोमांच से वंचित रह सकते हैं। आईपीएल मैचों के दौरान मैदान को तैयार करने में हजारों लीटर पानी की बर्बादी पर मुंबई हाइकोर्ट ने सवाल खड़ा करते हुए बीसीसीआई और क्रिकेट संघों को कड़ी फटकार लगाई है। 

हाईकोर्ट ने कहा कि ऐसे में जब राज्य के कई जिले भयंकर सूखे की मार झेल रहे हैं तब इस तरह हजारों लीटर पानी बर्बाद करने का क्या तुक है। कोर्ट का कहना है कि क्यों न आईपीएल के मैच कहीं ऐसी जगह स्‍थानांतरित कर दिए जाएं जहां सूखे का संकट न हो। 

अदालत ने कहा अगर बीसीसीआई के स्टेडियमों के लिए पानी सप्लाई बंद कर दी जाए तब आप इस दिक्‍कत को समझ सकेंगे। कोर्ट ने कहा हमारे लिए लोग ज्यादा महत्वपूर्ण हैं आईपीएल के मैच नहीं। 

आईपीएल के लिए तैयार किए जाने वाले मैचों में हजारों लीटर पानी बर्बाद होता है जिसे रोकने के लिए एनजीओ लोकसत्ता मूवमेंट की ओर से बांबे हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई ‌थी। 

श्रीनगर एनआईटी में बवाल के बाद स्‍थगित की गई परीक्षाएं

news round up of day 060416
nit srinager - फोटो : Social Media

श्रीनगर के एनआईटी कैंपस में छात्रों पर पुलिस के लाठीचार्ज करने के बाद अब फ‌िर से कैंपस के अंदर का माहौल गर्मा गया है। स्थिति तनावपूर्ण होने पर सीआरपीआफ को मंगलवार रात परिसर में तैनात कर दिया गया। वहीं जम्मू-कश्मीर सरकार ने अन्य राज्यों से पढ़ने आने वाले छात्रों को पूरी सुरक्षा का आश्वासन दिया है।

सूत्रों के मुताब‌िक, एनआईटी की पर‌ि‌क्षाएं स्थग‌ित कर दी गईं हैं। हालांक‌ि काक्षाओं को चलाया जा रहा है। स्थ‌ित‌ि का जायजा लेने के ल‌िए एचआरडी मंत्रालय ने दो लोगों की टीम को श्रीनगर भेजा है। ये दल श्रीनगर पहुंच गया है। 

वहीं, जम्मू कश्मीर के उपमुख्यमंत्री न‌िर्मल स‌िंह ने छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले पुल‌िसकर्म‌ियों के ख‌िलाफ कारवाई करने के आदेश द‌िए हैं। कल डा. निर्मल सिंह ने डीजीपी तथा संस्था के निदेशक से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली थी। जिसके बाद डीजीपी ने छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर बुधवार से एनआईटी में सीआरपीएफ की दो कंपनी लगाने का निर्देश द‌िए थे।

इससे पहले एनआईटी में पढ़ने वाले अभिभावकों के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को डिप्टी सीएम से मिलकर छात्रों की सुरक्षा की मांग की थी। छात्रों का कहना है कि वे कैंपस में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर पुलिस द्वारा छीना गया तिरंगा वापस करने की मांग कर रहे थे। 

जम्मू नंबर की डिजायर में फरार हुए तीन आतंकी, तीन राज्यों में अलर्ट

news round up of day 060416
आतंकवादी
जम्मू के पास 3 आतंकी देखे जाने के बाद से दहशत फैल गई है। दिल्ली, मुंबई और गोवा आतंकियों के निशाने पर है। खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के मुताबिक, जम्मू में ग्रे कलर की स्विफ्ट डिजायर में तीन आतंकियों को सफर करते देखा गया है। आतंकियों के पास भारी मात्रा में विस्फोटक होने की आशंका जताई जा रही है। 

खबर मिलते ही पंजाब पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक जेके 01 एबी 2654 नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार में सवार तीन आतंकी देर रात बनिहाल टनल से गुजरे। इनके पास भारी मात्र में विस्फोटक हो सकता है और ये दिल्ली, गोवा और मुंबई पर हमला कर सकते हैं। 

बताया जाता है कि दिल्ली पुलिस को इसकी खुफिया जानकारी मिली थी। जिसके बाद पंजाब पुलिस को अलर्ट करते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश  दिए गए हैं। दिल्ली में गिरफ्तार किए गए कुछ आतंकियों से पूछताछ के बाद सिक्योरिटी एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया था।

मुंबई धमाके: तीन को उम्रकैद, तीन को दस-दस साल की सजा

news round up of day 060416
मुंबई धमाकों के दोषियों को सजा का ऐलान

पोटा की विशेष अदालत ने मुंबई में 2002 और 2003 के बीच हुए बम धमाकों के लिए दोषी ठहराए गए 10 लोगों को सजा सुना दी है। इस धमाके के मुख्य दोषी मुजम्मिल अंसारी को उम्रकैद की सजा दी गई है। सजा का ऐलान स्पेशल जज पीआर देशमुख ने किया।

इसके अलावा दो अन्य लोगों वाहिद अंसारी और फरहान खोट को भी उम्र कैद की सजा सुनाई गई है। इस केस में तीन दोषियो साकिब नचान, अतीफ मुल्ला और हासिब मुल्ला को 10-10 साल की सजा सुनाई गई है। अन्य दोषियों को बेल बॉन्ड लेकर छोड़ दिया जाएगा, क्योंकि वह अपनी अधिकतम सजा अब तक पूरी कर चुके हैं।

ट्रेन, स्टेशन और बाजार में हुई इन घटनाओं में 13 लोग मारे गए थे और कई घायल हो गए थे।  इससे पहले मामले में 29 मार्च को कोर्ट ने 13 आरोपियों में से 10 को दोषी ठहराया था। इनमें साकिब नचान, अतीफ मुल्ला, हासिब मुल्ला, गुलाम कोतल, मोहम्मद कामिल, नूर मलिक, अनवर अली खान, फरहान खोट, वाहिद अंसारी और मुजम्मिल अंसारी का नाम शामिल था।

मालूम हो कि 6 दिसंबर 2002 को मुंबई सेंट्रल स्टेशन पर मैकडोनाल्ड में हुए धमाकों में कई लोग जख्मी हो गए थे। वहीं 13 मार्च, 2003 को मुलंद ट्रेन ब्लास्ट में 12 लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा 27 जनवरी, 2003 को विले पारले (ईस्ट) मार्केट में धमाकों में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।

स्‍कूल ड्रेस में होंगे बच्चे तो मिलेगी ऑड ईवन से छूट

news round up of day 060416
odd even

दिल्ली में 15 अप्रैल से ऑड-ईवन स्कीम दोबारा शुरू हो रही है और अभी तक स्कूली बसों को लेकर असमंजस बना ही हुआ है। इस दुविधा को लेकर दिल्ली सरकार ने कह दिया है कि सुबह 8 बजे तक स्कूलों में डीटीसी की बसें जाएंगी। हालांकि सरकार ने तो कह दिया है कि डीटीसी की बसें स्कूलों में जाएंगी लेकिन स्कूलों के पास जो सर्कुलर पहुंचा है, वह इसके एकदम उलट है।

प्राइवेट स्कूलों की संस्था दिल्ली स्टेट पब्लिक स्कूल मैनेजमेंट असोसिएशन के अध्यक्ष आरसी जैन का कहना है कि डीटीसी की ओर से उन्हें अब तक सिर्फ ये बताया गया है कि ऑड ईवन के दौरान वह बसें नहीं दे पाएगी।

इस बीच दिल्ली सरकार ने स्कूली बच्चों को होने वाली परेशानी को ध्यान में रखते हुए फैसला लिया है कि 15 अप्रैल से शुरु होने वाले ऑड ईवन के तहत उन गाड़ियों को भी छूट दी जाएगी जिनमें स्कूल ड्रेस पहने बच्चे होंगे।

पुलिस को आशंका निजी कारणों से हुई तंजील अहमद की हत्या

news round up of day 060416
तंजील अहमद

बिजनौर में नेशनल इन्वेस्टीगेशन एजेंसी (एनआईए) के अधिकारी तंजील अहमद की सनसनीखेज हत्या के मामले में जांच एजेंसियों के हाथ अभी कोई ठोस सुराग नहीं लगा है लेकिन अभी तक की पड़ताल के बाद एटीएस को यह हत्या निजी रंजिश के चलते होने का अंदेशा है। 

अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था दलजीत सिंह चौधरी का कहना है कि हत्या निजी रंजिश की वजह से की गई है। उधर, एसटीएफ दूसरी लाइन पर जांच कर रही है। वैसे एनआईए और दिल्ली क्राइम ब्रांच अपने स्तर से जो जांच कर रही हैं वह अलग है। जहां तक एटीएस व एसटीएफ का सवाल है तो इन एजेंसियों ने अलग-अलग लाइन ऑफ एक्शन तय कर जांच शुरू की है। 

एटीएस किसी व्यक्तिगत दुश्मनी और टेरर लिंक दोनों ही लाइनों पर पड़ताल कर रही है जबकि एसटीएफ संपत्ति विवाद को लेकर तथ्य जुटा रही है। अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था दलजीत सिंह चौधरी मंगलवार को बिजनौर पहुंच चुके हैं। 

उन्होंने घटनास्थल का मुआयना करने के साथ ही तंजील के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। वह तंजील की बेटी और बेटे से भी मिले। उन्होंने एटीएस, एसटीएफ के अधिकारियों के साथ-साथ बिजनौर पुलिस के अधिकारियों से भी अभी तक की पड़ताल के बारे में पूछा।

दलित युवकों को नंगा कर पीटने वालों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

news round up of day 060416
dalit boy beaten - फोटो : dalit boy beaten

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ के एक गांव में तीन दलित लड़कों को नंगा करके इस कदर पीटा गया कि देखने वालों की रूह कांप उठे। कुछ युवक उन्हें सरेआम पीटते रहे और तीनों युवक दर्द से चीखते रहे लेकिन कोई उन्हें बचाने नहीं आया। 

पिटने वाले दलित लड़कों पर आरोप था कि उन्होंने एक बाइक चुराई है। इस बर्बरता की तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हुई तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। 

वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलेट ने राजस्थान सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि दलितों पर अत्याचार के इस तरह के मामले आए दिन सामने आ रहे हैं और सरकार इन्हें रोकने के पर्याप्त प्रयास नहीं कर रही है। वहीं सरकार का कहना है कि ये लड़के जिस विशेष दलित समुदाय के हैं, उसे समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की कोशिश हो रही है। 

टाटा ने लॉन्च की अपनी बहुप्रतिक्षित हैचबैक कार टियागो

news round up of day 060416
Tata Tiago

टाटा ने अपनी बहुप्रतिक्षित हैचबैक कार टियागो को लॉन्च कर दिया है। कार के पेट्रोल वर्जन की शुरुआती कीमत 3.20 लाख रुपये और डीजल वर्जन की कीमत 3.94 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) रखी गई है। टियागो को दस हजार रुपये देकर बुक कर सकते हैं। टियागो का मुकाबला मुख्य तौर पर शेवरले बीट, मारुति सेलेरियो और हुंडई की ग्रैंड आई-10 से होगा।

टियागो टाटा की पहली कार है जो नई पीढ़ी की जेन-नेक्सट इंपैक्ट डिजाइन थीम पर तैयार हुई है। इसे नैनो और बोल्ट के बीच में रखा जाएगा। इसके पेट्रोल वर्जन में 1.2 लीटर का रेवोट्रॉन इंजन लगा है। यह इंजन 84 बीएचपी की ताकत के साथ 115 एनएम का टॉर्क देगा। गियर ट्रांसमिशन के लिए 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स दिया गया है।

पेट्रोल वेरिएंट का एआरएई रेटेड माइलेज 23.84 किलोमीटर प्रति लीटर का है। वहीं डीजल वर्जन में 1.05 लीटर का 3-सिलेंडर रेवोटॉर्क इंजन है, जो 69 बीएचपी की ताकत के साथ 140 एनएम का टॉर्क देगा। डीजल वर्जन का एआरएई रेटेड माइलेज 27.28 किलोमीटर प्रति लीटर है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed