Updates: चुनाव आयोग ने वाईएसआरसीपी विधायक पर कार्रवाई के निर्देश दिए, मतदान के दौरान ईवीएम को पहुंचाया नुकसान
आंध्र प्रदेश की माचरेला विधानसभा में 13 मई को मतदान के दौरान ईवीएम को नुकसान पहुंचाने वाले वाईएसआरसीपी विधायक पर चुनाव आयोग ने कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, ओडिशा के गंजम जिले में दो चुनावी हिंसा के मामले में पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। पढ़ें देश की अहम खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आंध्र प्रदेश के माचरेला विधानसभा क्षेत्र में 13 मई को मतदान के दौरान सत्तारूढ़ वाईएसआरसीपी विधायक पी रामकृष्ण रेड्डी ईवीएम मशीनों को नुकसान पहुंचाते हुए कैमरे में कैद हुए थे। घटना का चुनाव आयोग ने कड़ा संज्ञान लेते हुए मंगलवार को डीजीपी हरीश कुमार गुप्ता को विधायक के खिलाफ सख्त आपराधिक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
इसके अलावा चुनाव आयोग ने निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मुकेश कुमार मीना को निर्देशित किया है कि वह विधायक के साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी आपराधिक कार्रवाई करने के लिए पुलिस सूचित करें। वहीं, पलनाडु जिला चुनाव अधिकारियों ने जांच में सहायता के लिए पुलिस को घटनाओं के फुटेज उपलब्ध कराए हैं।
बता दें कि आंध्र प्रदेश में 13 मई को एक साथ लोकसभा और विधानसभा चुनाव हुए थे। इस दौरान पलनाडु, तिरूपति और अनंतपुर जिलों में कई स्थानों पर चुनाव संबंधी हिंसा देखी गई थी।
ओडिशा के गंजम में चुनावी हिंसा को लेकर 12 गिरफ्तार
ओडिशा के गंजम जिले में दो चुनावी हिंसा की घटनाओं के मामले में पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक जगमोहन मीना ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रविवार को मतदान की पूर्व संध्या पर भंजनगर पुलिस थाना क्षेत्र के दीहापादल में बीजद और भाजपा समर्थकों के बीच गांव में मतदाता पर्चियां बांटने को लेकर झड़प हो गई थी। इस घटना में करीब तीन लोग घायल हुए थे। इस मामले में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, तारसिंगी थाना क्षेत्र के बेरुनहाबादी में सोमवार को मतदान के दौरान दो दलों के समर्थकों के बीच हुई झड़प के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
इलाज के लिए कोलकाता आए बांग्लादेश के सांसद अजीम लापता
इलाज के लिए बांग्लादेश से कोलकाता आए सांसद अनवारुल अजीम अनार लापता हो गए है। उप उच्चायोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सांसद अजीम 12 मई को कोलकाता पहुंचे थे और शहर के उत्तरी इलाके में बारानगर में अपने दोस्त के घर पर ठहरे थे। 13 मई को वह किसी से मिलने गए लेकिन वापस नहीं लौटे। उनके दोस्त ने बाद में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उनके फोन से परिवार के सदस्यों को संदेश भेजे गए थे कि वह नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। उनका कोई पता नहीं है।
कर्नाटक: बेलगावी में कर्ज में डूबे किसान ने की खुदकुशी
बेलगावी। कर्नाटक के बेलगावी जिले में कर्ज में डूबे एक किसान ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि घटना हुक्केरी तालुक के इस्लामपुरा गांव की है। बताया जा रहा है कि किसान राजू खोतागी ने महिला साहूकार सिद्दव बय्यानवारा से 1.50 लाख का कर्ज लिया था, जिसे चुकाने के लिए वह उन पर दबाव बना रही थी। पुलिस ने कहा, कर्ज को लेकर सिद्दव ने राजू का अपमान किया और रविवार को उसने आत्महत्या कर ली।
कर्नाटक के मैसूर जिले के सलुंडी गांव में सोमवार को दूषित पानी पीने से एक युवक की मौत हो गई और कई लोग बीमार हो गए। घटना को लेकर सीएम सिद्धारमैया ने मंगलवार को मामले की जांच करने और लोगों का उचित इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पुलिस ने बताया कि उल्टी की शिकायत के बाद कनकराज को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। ऐसे ही लक्षणों वाले कुछ अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इंडिगो ने कंफर्म टिकट धारक के स्थान पर स्टैंडबाय यात्री को बैठाया
मुंबई हवाई अड्डे पर वाराणसी जाने वाली इंडिगो की उड़ान में मंगलवार को कन्फर्म टिकट धारक के स्थान पर एक स्टैंडबाय यात्री को चढ़ा दिया गया। इसे सुरक्षा की एक स्पष्ट चूक माना जा रहा है। उसे बाद में विमान के उड़ान भरने से पहले ही उतार दिया गया। आम तौर पर एक एयरलाइन स्टाफ जो खाली सीट होने की स्थिति में उड़ान भर सकता है, उसे स्टैंडबाय यात्री कहा जाता है। इंडिगो के एक अधिकारी की ओर से गलती स्वीकार की गई है। उसने कहा, विमान के प्रस्थान से पहले गलती की पहचान कर ली गई और स्टैंडबाय यात्री को विमान से उतार दिया गया।
राज्यपाल सीवी आनंद बोस के ओएसडी सहित राजभवन के तीन कर्मचारियों को मंगलवार को कोलकाता में मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट ने अग्रिम जमानत दे दी। राजभवन छेड़छाड़ मामले में कोलकाता पुलिस ने तीन कर्मचारियों पर आईपीसी की धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। इसमें राज्यपाल के विशेष कर्तव्य अधिकारी (ओएसडी) एसएस राजपूत, कुसुम छेत्री और राजभवन के चपरासी संत लाल शामिल हैं। इनपर पीड़िता को पकड़ कर चुप रहने के लिए दबाव डाले का आरोप था। पीड़िता पहले ही मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज करा चुकी है।
गुजरात के भावनगर में मंगलवार को झील में नहाने गईं चार नाबालिग लड़कियों की डूबने से मौत हो गईं, जिसमें दो सगी बहनें भी शामिल हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रद्युम्न सिंह जडेजा ने कहा, 9 से 17 साल की पांच लड़कियां एक महिला के साथ 'बोर तालाव' गई थीं। जब महिला झील के किनारे कपड़े धो रही थी, तभी लड़कियां नहाने के लिए उसमें कूद गईं और डूबने लगीं। उन्होंने बताया कि इसमें से 12 साल की एक लड़की को बचा लिया गया।
केरल के मलप्पुरम जिले में दूषित पानी में मिलने वाले अमीबा से दुर्लभ मस्तिष्क संक्रमण अमीबिक मेनिंगोएन्सेफलाइटिस से पीड़ित पांच वर्षीय बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। कोझिकोड मेडिकल कॉलेज के मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि सोमवार की रात बच्ची की मौत हुई। उसे यहां एक सप्ताह पहले इलाज के लिए लाया गया था। बच्ची मून्नियुर गांव की रहने वाली थी। अमीबा बैक्टीरिया से दूषित पानी नाक के जरिये शरीर में प्रवेश करने पर मेनिंगोएन्सेफलाइटिस संक्रमण होता है।
सिलीगुड़ी में रामकृष्ण मिशन आश्रम के खिलाफ मामला दर्ज
सिलीगुड़ी के रामकृष्ण मिशन पर आधी रात को कथित हमला हुआ। आरोप है कि बदमाशों ने बंदूक की नोक पर संतों को मिशन से बाहर निकाल दिया। इतना होने पर साधु थाना बीएलआरओ कार्यालय के दरवाजे पर पहुंचे। घटना के बाद हमलावर अभी भी फरार हैं। दूसरी ओर, पुलिस ने रामकृष्ण मिशन के खिलाफ गैर-जमानती मामला दायर कर लिया। रामकृष्ण मिशन पर ज़मीन कब्ज़ा करने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने दोनों ओर से मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या बढ़कर 1.32 करोड़
घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या अप्रैल में बढ़कर 1.32 करोड़ पहुंच गई। अप्रैल, 2023 में 1.28 करोड़ लोगों ने हवाई यात्रा की थी। नागर विमानन महानिदेशालय के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले महीने कुल 32,314 उड़ानें प्रभावित हुईं, जबकि 1,09,910 उड़ानों में देरी हुई।
बारामूला में रिकॉर्ड वोटिंग लोगों की लोकतांत्रिक मूल्यों में अटूट प्रतिबद्धता दर्शाती : मोदी
कभी आतंकवाद प्रभावित रहे जम्मू-कश्मीर के बारामूला में सोमवार को हुए लोकसभा चुनाव में 58 फीसदी से ज्यादा लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो इस संसदीय सीट पर हुआ अब तक का सर्वाधिक मतदान है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को रिकॉर्ड मतदान के लिए बारामूला के मतदाताओं को बधाई दी और कहा कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सोशल मीडिया में पीएम ने कहा, बारामूला की मेरी बहनों और भाइयों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता के लिए बधाई। इस तरह की सक्रिय भागीदारी एक शानदार रुझान है। जम्मू के कश्मीर के उपराज्यपाल कार्यालय की ओर से की गई एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते उन्होंने यह बात कही।